उस दिन दादा रोते ही रहे
‘भावी रक्षक देश के’ - तीसरा बाल-गीत ‘प्रेरणा’
बच्चों फिर कब पाओगे?
यह बेला यदि चूक गये तो,
आजीवन पछताओगे।
अपनी गरिमा, अपने गौरव,
जिनको नहीं सुहाते हैं।
ऐसे पूत, कपूत कहा कर,
माँ की कोख लजाते हैं।
शक्तिवन्त ही इतिहासों में,
आदर, पूजा पाते हैं।
युग चारण भी वीरों के ही,
गीत युगों तक गाते हैं।
क्षमा-दया सब वीरों के ही,
आभूषण कहलाते हैं।
वीर पुरुष ही विश्व शान्ति के,
अनुगायक बन पाते हैं।
अमन अहिंसा की समता जो,
कायरता से करते हैं।
ऐसे बुजदिल सारे घर को,
एक साथ ले मरते हैं।
शान्ति हमेशा वीरों का ही,
करती है सिंगार सुनो!
इज्जत से जीवन चाहो तो,
सिंह-सुतों! अंगार बनो।
वीर जुझारे मरकर अपना,
नाम अमर कर जाते हैं।
कायर नर पैदा होने से,
पहले ही मर जाते हैं।
वीर प्रवर ही वसुन्धरा को,
भोग-भोग कर जीते हैं।
पौरुष के मीठे फल खाकर,
यश का अमृत पीते हैं।
जननी की इज्जत का सौदा,
करते जो बाजारों में।
उनके नाम लिखे जाते हैं,
जयचन्दों, गद्दारों में।
जैसे बिजली कौंध, घनों का,
मुख उजला कर देती है।
वैसे ही वीरों की वाणी,
जग का तम हर लेती है।
दो पल का जीवन हो लेकिन,
जीवन गौरवशाली हो।
ऊमर भर अंगारों जैसी,
पूरब वाली लाली हो।
चुटकी-भर सिन्दूर बनो।
नई उमर के गम से बेहतर,
नई उमर के नूर बनो।
संघर्षों की दिव्य प्रभा से,
वंचित होकर जीना क्या?
यौवन पर लांछन लगवा कर,
अपमानों को पीना क्या?
बने बनाये राज्य पथों पर,
तरुणाई कब जाती है?
वो बीहड़ में पंथ बना कर,
युग को राह दिखाती है।
पीढ़ी, यदि पीढ़ी के पथ को,
साफ नहीं कर पायेगी।
कैसे संस्कृति शेष रहेगी?
संसृति ही मिट जायेगी।
अपने काँधों का बोझा यदि,
ठेठ नहीं पहुँचाओगे।
हर राही रोड़ा समझेगा,
सबकी ठोकर खाओगे।
जो मावस का रंग बदल दे,
वो सचमुच दीवाली है।
जो आतप का मान मसल दे,
कण-कण पर रच जाय सदा को,
वो लोहू कहलाता है।
रक्त वही है जो सदियों पर,
अपनी छाप लगाता है।
रिपु-मर्दन, जीवन का दर्शन,
माने वह तो जीवन है।
और नहीं तो सब कूड़ा है,
सब मरघट का ईंधन है।
जीवट वाले ही जीवन को,
जीने के अधिकारी हैं।
वरना जीवन की हत्या है,
साँसों की लाचारी है।
बाधाओं से ब्याह रचाये,
उसको यौवन कहते हैं।
आँधी उसकी बाँदी बनती,
तूफाँ चाकर रहते हैं।
धारा के अनुकूल बहें वे,
मुर्दा शव कहलाते हैं।
चीर चलें जो हर धारा को,
वे परिवर्तन लाते हैं।
सब भौगोलिक रेखाओं को,
अपना सौरभ पार करे।
इतिहासों का हर इक पन्ना,
हमें हृदय से प्यार करे।
आँख-आँख से आँसू टपके,
जब चिर विदा हमारी हो।
देव लोक में जश्न मने औ’,
स्वागत की तैयारी हो।
नाम हमारा रहे दिलों में,
जाने और अजाने के।
जब भी अरथी उठे हमारी,
झण्डे झुकें जमाने के।
मानव मन के हर बन्धन पर,
पहली चोट लगायें हम।
मरघट जाने से पहले ही,
नारायण बन जायें हम।
काँटों के नाखून तोड़ कर,
अभय बनाएँ कलियों को।
जीवन ज्योति जगा कर जग-मग,
कर दें सूनी गलियों को।
अनदेखे अपवर्ग स्वर्ग पर,
मानव क्योंकर ललचाये?
ऐसे हों शुभ काम हमारे,
स्वर्ग यहीं पर बस जाये।
हिंसा औ’ बर्बरता को ही,
शौर्य न कोई मनवाये।
अपनी सीमा में रह कर ही,
मानव, मानव कहलाये।
विश्वासों का वैभव बरसे,
आस्था के आकाशों से।
ऊषा का स्वागत हो हर दिन,
कुंकुम और बताशों से।
जुल्म, जोर और अन्यायों का,
उत्तर देने ताकत से।
कोटि केसरी नित उठते हैं,
इसी भरत के भारत से।
उसी देश के प्यारे बच्चों!
तुम भी लाल कहाते हो।
साबित कर दो तुम धरती का,
भार हटाने आते हो।
माँ के मन को समझ गये तो,
नाम अमर कर जाओगे।
यह बेला यदि चूक गये तो,
आजीवन पछताओगे।
भावी रक्षक देश के - भूमिका और सामान्य जानकारियाँ यहाँ पढ़िए
भावी रक्षक देश के - दूसरा बाल-गीत ‘सहगान’ यहाँ पढ़िए
रचनाकार - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - राजपाल एण्ड सन्ज, कश्मीरी गेट, दिल्ली
मुद्रक - शिक्षा भारती प्रेस, शाहदरा, दिल्ली
मूल्य - एक रुपया पचास पैसे
पहला संस्करण 1972
कॉपीराइट - बालकवि बैरागी
यह संग्रह हम सबकी ‘रूना’ ने उपलब्ध कराया है।
‘रूना’ याने रौनक बैरागी। दादा की पोती।
रूना, राजस्थान राज्य प्रशासनिक सेवा की सदस्य है और यह कविता प्रकाशन के दिन उदयपुर में अतिरिक्त आबकारी आयुक्त के पद पर पदस्थ है।
‘भावी रक्षक देश के’ - दूसरा बाल-गीत ‘सहगान’
ओ! रे आग लगाने वालों
कफन बेचने वालों सुन लो
सुन लो रे गुर्राने वालों
उधर तुम्हारी
इधर हमारी
ये लाचारी है.....
महाकाल से टकरा जायें
ये तैयारी है.....
हमारी ये तैयारी है।।
आजादी की पहरेदारी।।
-2-
चिन्ता मत कर भारत माता
हम हैं तेरे भाग्य विधाता
देखेंगे अब तेरा दुश्मन
जिन्दा कैसे बच कर जाता
पूछ रहे हैं एक-एक से
किसकी बारी है.....
महाकाल से टकरा जायें
ये तैयारी है.....
हमारी ये तैयारी है।।
आजादी की पहरेदारी।।
-3-
भाईचारा पालेंगे हम
युद्ध हमेशा टालेंगे हम
लेकिन कोई ये न समझे
सबकी ठोकर खा लेंगे हम
अंगारों की इज्जत रखे
वो चिनगारी हैं.....
महाकाल से टकरा जायें
ये तैयारी है.....
हमारी ये तैयारी है।।
आजादी की पहरेदारी।।
भावी रक्षक देश के - भूमिका और सामान्य जानकारियाँ यहाँ पढ़िए
भावी रक्षक देश के - पहला बाल-गीत ‘आह्वान’ यहाँ पढ़िए
भावी रक्षक देश के - तीसरा बाल-गीत ‘प्रेरणा’ यहाँ पढ़िए
रचनाकार - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - राजपाल एण्ड सन्ज, कश्मीरी गेट, दिल्ली
मुद्रक - शिक्षा भारती प्रेस, शाहदरा, दिल्ली
मूल्य - एक रुपया पचास पैसे
पहला संस्करण 1972
कॉपीराइट - बालकवि बैरागी
यह संग्रह हम सबकी ‘रूना’ ने उपलब्ध कराया है।
‘रूना’ याने रौनक बैरागी। दादा की पोती।
रूना, राजस्थान राज्य प्रशासनिक सेवा की सदस्य और यह कविता प्रकाशन के दिन उदयपुर में अतिरिक्त आबकारी आयुक्त के पद पर पदस्थ है।
‘भावी रक्षक देश के’ - पहला बाल-गीत ‘आह्वान’
प्यारे बच्चों! लाई हूँ।
युग जननी मैं भारत माता,
द्वार तुम्हारे आई हूँ।
तुम मेरी आँखों के तारे,
मेरे राजदुलारे हो।
मेरे आँगन की शोभा हो,
धरती के उजियारे हो।
तुम ही मेरे भावी रक्षक,
तुम ही मेरी आशा हो।
तुम ही मेरे भाग्य-विधाता,
तुम ही प्राण-पिपासा हो।
पंचशील गौतम से पाया,
शील मिला रघुराई से।
कर्म, भक्ति का पाठ मिला है,
तुमको कृष्ण कन्हाई से।
विष्णुगुप्त चाणक्य सिखाता,
किसे प्रतिज्ञा कहते हैं।
भगतसिंह-से मेरे जाये,
हँस कर फाँसी सहते हैं।
चन्द्रगुप्त की तड़प भरी,
तलवार मिली है थाती में।
साँगा की साँसें चलती हैं,
वीर! तुम्हारी छाती में।
दयानन्द ने स्वाभिमान की,
सौरभ तुम्हें लुटाई है।
पौरुष की प्रतिमा कहलाती,
रानी लक्ष्मी बाई है।
वीर हकीकतराय हठीला,
आन-बान का पूरा था।
बन्दा बैरागी के बिन तो,
मेरा प्राण अधूरा था।
गुरु गोविन्द का गौरव तुममें,
सरर सरर सरसाता है।
प्रिय अशोक का पावन झण्डा,
युग-युग से लहराता है।
गुरु वशिष्ठ और द्रोण, भीष्म का,
बहता रक्त शिराओं।
महा भीम का बल पाया है,
तुमने अपनी बाँहों में।
कपिल, कणाद सरीखे ऋषिवर,
देते हैं संस्कार तुम्हें।
रंग-बिरंगे, मनहर, मोहक,
मिले हुए त्यौहार तुम्हें।
चेतक वाले महाराणा ने,
मरना तुमको सिखलाया।
वीर शिवा ने लोहा लेकर,
जीवन का पथ दिखलाया।
बापू ने आजादी लाकर,
दी है नन्हे हाथों में।
नेहरू चाचाने ढाला है,
तुम सबको इस्पातों में।
लालबहादुर ने सिखलाई,
हथियारों की परिभाषा।
छिपी नहीं है बेटों! तुमसे,
मेरे मन की अभिलाषा।
दुर्गा, लक्ष्मी, मातु शारदा,
सबकी तुम पर छाया है।
वेदों और पुराणों ने भी,
शौर्य तुम्हारा गाया है।
जग को तुमने ज्ञान दिया है,
संस्कृतियों के दाता हो।
आर्य-सभ्यता के उन्नायक,
सबको शान्ति प्रदाता हो।
वीर-प्रसूता युग जननी हूँ,
मैं विक्रम की माता हूँ।
तुलसी, सूर, कबीरा, मीरा,
सबकी मात सुगाता हूँ।
रणबाँके अलबेले मेरे,
स्वर्ग बसाते आये हैं।
मेरी खातिर समय-समय पर,
शीश कटाते आये हैं।
शीश हथेली पर लेकर जब,
दो-दो- हाथ दिखाते हैं।
महाकाल तक डर के मारे,
तिनके सा थर्राते हैं।
पानीदार दुधारों वाले,
बिन मारे कब मरते हैं?
इतिहासों पर गर्म लहू से,
वे हस्ताक्षर करते हैं।
मेरे जाये आक्रान्ता को,
पीठ नहीं दिखलाते हैं।
रण-मेलों में रक्त बहा कर,
मेरा दूध चुकाते हैं।
मात, पिता औ’ गुरु का कर्जा,
यहीं चुका कर जाते हैं।
सच मानो तो ऐसे ही नर,
मेरे सुत कहलाते हैं।
सैनिक, शासक, अभिनेता या,
नेता जो भी बन जाओ।
सिर्फ मुझे ही माँ मानो औ’,
केवल मेरे कहलाओ।
प्यारे बेटों! तुम पर अपना,
रोम-रोम निछराती हूँ।
जैसे भी हो, बस मेरे हो,
आओ सिर सहलाती हूँ।
जहाँ कहीं भी रहो लाड़लों!
भारत वासी कहलाना।
कभी पुकारूँ, ललकारूँ तो,
नंगे पाँव चले आना।
मेरा दूध पिया है तुमने,
इसे कभी मत बिसराना।
सम्भव हो तो युग का कर्जा,
थोड़ा-बहुत चुका जाना।
मुझे वचन दो, करो प्रतिज्ञा,
मेरा मान बढ़ाओगे।
जनम-जनम तक मेरे बेटे,
बन कर सुख पहुँचाओगे।
तुतले बोल उचारो बेटों!
सुनने को अकुलाई हूँ।
युग जननी मैं भारत माता,
द्वार तुम्हारे आई हूँ।
भावी रक्षक देश के - दूसरा बाल-गीत ‘सहगान’ यहाँ पढ़िए
‘दरद दीवानी’ की कविताएँ यहाँ पढ़िए। इस पन्ने से अगली कविताओं की लिंक, एक के बाद एक मिलती जाएँगी।
रचनाकार - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - राजपाल एण्ड सन्ज, कश्मीरी गेट, दिल्ली
मुद्रक - शिक्षा भारती प्रेस, शाहदरा, दिल्ली
मूल्य - एक रुपया पचास पैसे
पहला संस्करण 1972
कॉपीराइट - बालकवि बैरागी
-----
‘भावी रक्षक देश के’ की भूमिका और सामान्य जानकारियाँ
-----
प्यारे बच्चों!
यह पुस्तक तुम तक आ सकी, इसका मुझे असीम सुख है। इसीलिए मैंने यह पोथी लिखी भी है कि तुम इसे पढ़ो, समझो और इसमें कोई अच्छी बात आई हो तो उसके अनुसार आचरण करो। इसको लिखते समय मैंने इस बात का ध्यान रखने की बहुत ही अधिक कोशिश की है कि इसकी भाषा सरल हो, फिर भी मैं मानता हूँ कि यह उतनी सरल नहीं बन पाई है जितनी कि तुम्हारे लिए आवश्यक है। वास्तव में तुम्हारे लिए लिखना बड़ा ही कठिन काम है, किन्तु जहाँ कठिनाई हो अपने गुरु या शिक्षक से सहायता ले सकते हो। हाँ, एक बात का मुझे भरोसा है कि यदि तुम जरा भी चतुराई से काम लोगे तो यह पूरी पुस्तक आसानी से नाटक के रूप में मंच पर खेली जा सकती है। मैं सोचता हूँ कि तुम यह प्रयोग करोेगे। इस किताब में से यदि एक पंक्ति भी तुम्हारे जीवन में कुछ काम आ सके तो मैं समझूँगा कि मेरी मेहनत सफल है।
खूब पढ़ो और आगे बढ़ो, जल्दी ही मिलेंगे।
-----
समर्पण
बब्बू को
(बब्बू याने छोटा भाई विष्णु बैरागी)
-----
रचनाक्रम
1. आह्वान
2. सहगान
3. प्रेरणा
4. प्रतिज्ञा
5. सहगान
-----
भावी रक्षक देश के - पहला बाल-गीत ‘आह्वान’ यहाँ पढ़िए
रचनाकार - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - राजपाल एण्ड सन्ज, कश्मीरी गेट, दिल्ली
मुद्रक - शिक्षा भारती प्रेस, शाहदरा, दिल्ली
मूल्य - एक रुपया पचास पैसे
पहला संस्करण 1972
कॉपीराइट - बालकवि बैरागी
-----
यह संग्रह हम सबकी ‘रूना’ ने उपलब्ध कराया है। ‘रूना’ याने रौनक बैरागी। दादा की पोती। रूना, राजस्थान राज्य प्रशासनिक सेवा की सदस्य और यह कविता प्रकाशन के दिन उदयपुर में अतिरिक्त आबकारी आयुक्त के पद पर पदस्थ है।
ये मेरी अधमरी ऊँगलियाँ
ये मेरी अधमरी ऊँगलियाँ, जो भी आखर लिख देंगी
आनेवाली सदियाँ उनको, सदियों तक दुहराएँगी
आज भले बदनामी देकर पियो न इनकी हाला तुम
आज भले ही इन गीतों को दे दो देस निकाला तुम
लेकिन कल यौवन गाएगा इनको चंग-मृदंगों पर
इन गीतों के बोल गुदेंगे बालाओं के अंगों पर
अरबों अधर इन्हें चूमेंगे, सेजों पर सहलाएँगे
मधुवेला में रूठे जोड़े इनकी कसमें खाएँगे
ये मेरी निर्धन अंजुलियाँ जो भी अर्पण कर देंगी
संस्कृतियों की नदियाँ उनसे युग संगीत चुराएँगी
आने वाल सदियाँ.....
ये मानव की वाणी बन कर करुणा घट छलकाएँगे
ये पत्थर को पानी करके युग की प्यास बुझाएँगे
इनके बिना अधूरी ही हर पूजा मानी जाएगी
मन्दिर मस्जिद और गिरजों में दुनिया इनको गाएगी
ये धरती के राजदूत बन अम्बर पर छा जाएँगे
ये वन्दन से विमुख रहेंगे फिर भी पूजे जाएँगे
ये मेरी आकुल अभिलाषा जा भी चिह्न बना देगी
आने वाली पीढ़ी अपने तीरथ वहीं बनाएगी
आने वाली सदियाँ...
धान उगेगा इनको सुनकर ये ही फसल पकाएँगे
मेड़-मेड़ पर पंख-पखेरू इनको गाते आएँगे
ये गूँजेंगे खलिहानों में माँदल और इकतारों पर
ये ही फागुन बरसाएँगे इतराते पतझारों पर
ये कुटिया के सजग सहोदर सचमुच महल झुकाएँगे
श्रम की डोली काँधे लेकर आँगन-अँगन जाएँगे
ये मेरी अनपुजी साधना जो भी मेंहदी रच देगी
युग लछमी के चन्द्रभाल पर वो कुंकुंम बन जाएगी
आने वाली सदियाँ उनको.....
ये सौरभ का कर्जा देंगे, मधु-कुंजो की गलियों को
नहीं धरम से डिगने देंगे, अलियों को और कलियों को
ऋतुओं का अलबेला राजा इन पर चँवर ढुलायेगा
ये किरणों से लिपट-लिपट कर, कण-कण में रम जायेंगे
मुसकानों पर मुसकायेंगे, आहों पर थम जायेंगे
ये मेरी अटपटी बँसुरिया, जो भी तान सुना देगी
भावी की अनब्याही राधा, उस पर ही लुट जायेगी
आने वाली सदियाँ उनको.....
मनचाहा इतिहास लिखो तुम इनने क्रान्ति जगा दी है
परिवर्तन की भव्य भूमिका लिख कर मुहर लगा दी है
मैंने लिया इन्हें माटी से, माटी को ही सौंपा है
मेरी वाणी से माटी का सचमुच बड़ा घरोपा है
जो भी माटी का तन होगा वो तो इनको गाएगा
स्वर्ण-रजत का पुतला बेशक इनसे आँख चुराएगा
ये मेरी निष्प्राण भैरवी जो भी सुबह उगा देगी
सौ-सौ रातें उससे अपनी चूनरिया रंगवाएँगी
आने वाली सदियाँ.....
----
(इस गीत के चौथे छन्द में एक पंक्ति छपने से रह गई है। यदि किसी कृपालु के पास इस कविता का सम्पूर्ण पाठ हो तो कृपया उपलब्ध करवाएँ।)
पूर्व कथन - ‘दरद दीवानी’ की कविताएँ पढ़ने से पहले’ यहाँ पढ़िए
छत्तीसवीं कविता: ‘नेह लगा कर तुमसे मैंने’ यहाँ पढ़िए
कवि - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - निकुंज निलय, बालाघाट
प्रथम संस्करण - 1100 प्रतियाँ
मूल्य - दो रुपये
आवरण पृष्ठ - मोहन झाला, उज्जैन
मुद्रक - लोकमत प्रिंटरी, इन्दौर
प्रकाशन वर्ष - (मार्च/अप्रेल) 1963
नेह लगा कर तुमसे मैंने
के प्रथम काव्य संग्रह ‘दरद दीवानी’ की छत्तीसवीं कविता
नेह लगा कर तुमसे मैंने
जीवन को वीरान किया है
नाम तुम्हारा सुनकर केवल, मन को कुछ-कुछ हो आया
फिर तुम ही या तुम सा कोई, मेरे सपनों में मुसकाया
आज लगा है, उन सपनों ने
निंदिया का अपमान किया है
नेह लगा कर.....
सपनों में तुमने मुझको, जी भर-भर कर चूमा था
अपने ही कन्धों से पूछो, क्या कोई उन पर झूमा था
मत भूलो इस मधुदाता ने
आजीवन विषपान किया है
नेह लगा कर.....
सारा जग कहता था मुझको, तेरा प्रियतम जाली है
तेरे जीवन भर की निधियाँ, कल ही लुटनेवाली हैं
सचमुच तुमको इष्ट बना कर
पत्थर का सम्मान किया है
नेह लगा कर.....
तेरी अनजानी नगरी को, मैंने कितने दूत पठाये
निश्चय ही उन सबने तेरी, देहरिया पर अलख जगाये
निर्मम तूने पट न उघारे
और दूतों का प्राण लिया है
नेह लगा कर.....
लाज भुलाकर सारे जग की, अब तो मैं ही आई हूँ
फिर भी मुझसे पूछ रहे हो, क्या कोई भटका राही हूँ
क्यों बनते हो, रहने भी दो
मैंने सब कुछ जान लिया है
नेह लगा कर.....
-----
पूर्व कथन - ‘दरद दीवानी’ की कविताएँ पढ़ने से पहले’ यहाँ पढ़िए
पैंतीसवीं कविता: ‘इतना दरद न दे’ यहाँ पढ़िए
सैंतीसवीं कविता: ‘ये मेरी अधमरी ऊँगलियाँ’ यहाँ पढ़िए
कवि - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - निकुंज निलय, बालाघाट
प्रथम संस्करण - 1100 प्रतियाँ
मूल्य - दो रुपये
आवरण पृष्ठ - मोहन झाला, उज्जैन
मुद्रक - लोकमत प्रिंटरी, इन्दौर
प्रकाशन वर्ष - (मार्च/अप्रेल) 1963










