फिर वह ही एकाकी

श्री बालकवि बैरागी
के प्रथम काव्य संग्रह ‘दरद दीवानी’ की चौबीसवीं कविता




यह ले, मैं रह गया सलौनी! फिर वह ही एकाकी

घुट-घुट कर उठती अन्तर में, बातें वही व्यथा की

फिर वह ही एकाकी.....


बिछुड़ गये सब संगी-साथी

गये जनम के बैरी

पधरा गये बिरानी यादें

टीसें दे गये गहरी

ठण्डी साँसें, वही निसासें, फिर बाकी की बाकी

फिर वह ही एकाकी.....


हुमक उठी थीं चार लहरियाँ

महकी थी पुरवाई

लेकिन गुजर गई बाजू से

नहीं लौट कर आई

किससे निभी मिताई अब तक, पानी और हवा की

फिर वह ही एकाकी.....


पीड़ा बैठ गई पथरा कर

मन के अन्ध भवन में

सिसक रहा है सरल समर्पण

ऊजड़, निर्जन वन में

मान-मनौती मानी मन ने, जाने कहाँ-कहाँ की

फिर वह ही एकाकी.....


सभी ओर कुहरा ही कुहरा

राहें हुई अंधेरी

नहीं दिखाई पड़ती अब तो

झिलमिल गलियाँ तेरी

टूट गई है सारी हिम्मत, दुखिया दीप शिखा की

फिर वह ही एकाकी.....


मेरा भी क्या जीवन सजनी!

ना संगी, ना साथी

क्या मरघट तक जायेगा

ये दूल्हा बिना बराती

गाती रहे बिहाग उमरिया, क्या है रीत यहाँ की

फिर वह ही एकाकी.....

-----


दरद दीवानी
कवि - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - निकुंज निलय, बालाघाट
प्रथम संस्करण - 1100 प्रतियाँ
मूल्य - दो रुपये
आवरण पृष्ठ - मोहन झाला, उज्जैन
मुद्रक - लोकमत प्रिंटरी, इन्दौर
प्रकाशन वर्ष - (मार्च/अप्रेल) 1963



पचीसवीं कविता: ‘मैंने जग की पीड़ा गाई’ यहाँ पढ़िए








यदि तुम मेरे गीत न गाओ

श्री बालकवि बैरागी
के प्रथम काव्य संग्रह ‘दरद दीवानी’ की तेईसवीं कविता




यदि तुम मेरे गीत न गाओ, कोई हर्ज नहीं, मत गाना

लेकिन यूँ तो मत कतराओ, मत सीखो यूँ आँख चुराना


मेरा अपना क्या है इनमें, जो भी है, है सभी तुम्हारा

तुम कह दो तो मैं भी इनको, गाऊँगा अब नहीं दुबारा

आखिर कुछ तो वजह बताओ, भली नहीं है यह खामोशी

कुछ तो बात समझ में आवे, किसका दोष, कौन है दोषी


कुछ भी नहीं बताना चाहो, खैर हटाओ, मत बतलाना

लेकिन यूँ तो मत कतराओ, मत सीखो यूँ आँख चुराना

तुम यदि मेरे गीत न गाओ.....



पैदा तो हो गये अभागे, कब रुकते ये मेरे रोके

दे दूँ इनको दश निकाला, आये ऐसे लाखों मौके,

लेकिन तुम ही फिरे घूमते, इनको ओठों से लिपटाये

बुरा न मानो तो सच कह दूँ, मुझसे ज्यादा तुमने गाये


आज तोड़ दो, अभी तोड़ दो, बेशक इनसे नेह पुराना

लेकिन यूँ तो मत कतराओ, मत सीखो यूँ आँख चुराना

तुम यदि मेरे गीत न गाओ.....



मैं तो पहले ही रोता था, कहता था ये बड़े बुरे हैं

इनमें पीड़ा ही पीड़ा है, ये आहों से भरे-पुरे हैं,

ये कपूत ही साबित होंगे, लेकिन तुमने एक न मानी

पाला तुमने, पोसा तुमने, बड़े कहाये औढरदानी,


सम्भव हो तो वापस ले लो, तुम अपना अनमोल खजाना

लेकिन यूँ तो मत कतराओ, मत सीखो यूँ आँख चुराना

तुम यदि मेरे गीत न गाओ.....



इनके पलने में बतलाओ, किसने बाँधी रेशम डोरी

इन्हें छीनने मुझसे बोलो, किसने की थी जोरा-जोरी,

लाड़-प्यार में तुमने इनको, मुझसे तक कर डाला बागी

मुझे निपूता करके तुमने, बना दिया सचमुच बैरागी,


लावारिस रह भी जाने दो, बेशक मेरा राजघराना

लेकिन यूँ तो मत कतराओ, मत सीखो यूँ आँख चुराना

तुम यदि मेरे गीत न गाओ.....



झगड़ा इनका और तुम्हारा, मुझे सजाएँ क्यों देते हो

तुम्हें कसम है, सच-सच कह दो, कटे-कटे से क्यों रहते हो,

साँसों के इस चौराहे पर, मुझ सा मीत नहीं पाओगे

अनपरखे ही ठुकराया तो, लाख जनम तक पछताओगे,


गूँगे ही मरने दो इनको, मत इनका स्मारक बनवाना

लेकिन यूँ तो मत कतराओ, मत सीखो यूँ आँख चुराना

तुम यदि मेरे गीत न गाओ.....

----- 


दरद दीवानी
कवि - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - निकुंज निलय, बालाघाट
प्रथम संस्करण - 1100 प्रतियाँ
मूल्य - दो रुपये
आवरण पृष्ठ - मोहन झाला, उज्जैन
मुद्रक - लोकमत प्रिंटरी, इन्दौर
प्रकाशन वर्ष - (मार्च/अप्रेल) 1963











नैना कौन सुखाए

श्री बालकवि बैरागी
के प्रथम काव्य संग्रह ‘दरद दीवानी’ की बाईसवीं कविता




नैना कौन सुखाये

आलि री! नैना कौन सुखाये


आँगन जब-जब कागा बोले, दरद जिया को जाये

गयो दरद पुनि आ गयो सजनी, पर पाहुन नहीं आये

नैना कौन सुखाये.....


सावन गरजे, भादों बरसे, वन-उपवन गदराये

पर पावस की मावस में भी, मन मधुबन जल जाये

नैना कौन सुखाये.....


इत देखत, उत देखत अँखियाँ, देखत लाज भुलाये

का भींजत है, ये का जाने, बस बरसत ही जाये

नैना कौन सुखाये.....


आज न आये, कल आयेंगे, कल, कल में कल जाये

चरन पखारन जो जल राख्यो, बिरथा ही बह जाये

नैना कौन सुखाये.....

-----


दरद दीवानी
कवि - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - निकुंज निलय, बालाघाट
प्रथम संस्करण - 1100 प्रतियाँ
मूल्य - दो रुपये
आवरण पृष्ठ - मोहन झाला, उज्जैन
मुद्रक - लोकमत प्रिंटरी, इन्दौर
प्रकाशन वर्ष - (मार्च/अप्रेल) 1963


पूर्व कथन - ‘दरद दीवानी’ की कविताएँ पढ़ने से पहले’ यहाँ पढ़िए

इक्कीसवीं कविता: ‘अब मैं गीत सुनाऊँगा’ यहाँ पढ़िए

तेईसवीं कविता: ‘यदि तुम मेरे गीत न गाओ’ यहाँ पढ़िए








अब मैं गीत सुनाऊँगा

श्री बालकवि बैरागी
के प्रथम काव्य संग्रह ‘दरद दीवानी’ की इक्कीसवीं कविता



अब मैं गीत सुनाऊँगा

अपनी मस्ती गाऊँगा

रीती गागर लाया हूँ, पर रस छलका कर जाऊँगा


पड़ी-पड़ी ही रीत रही यह, पंचतत्व की गागरिया

ना जाने कब तक आयेगा, मेरा प्यासा साँवरिया,

छुप-छुप छलिया मार रहा है, कंकरी मेरी गगरी पर

लाख गगरिया करूँ निछावर, उसकी इक-इक कंकरी पर,

हर कंकरी शीश चढ़ाऊँगा

फिर उसको लौटाऊँगा

लख चौरासी भुगतूँगा पर, उसको नीर पिलाऊँगा

अब मैं गीत सुनाऊँगा.....


आने को तो इस मेले में, मुझ से लाखों आते हैं

क्रय करने को चन्द खिलौने, बाँध मुठरियाँ लाते हैं,

किन्तु खिलौने सब नश्वर हैं, जो भी मन को भायेंगे

अलख वैश्य को ठगनेवाले, स्वयं ठगाकर जायेंगे,

पर मैं नहीं ठगाऊँगा

आँसू नहीं बहाऊँगा

रोते-रोते आया हूँ पर, हँसते-हँसते जाऊँगा

अब मैं गीत सुनाऊँगा.....


कर्मक्षेत्र में मनु के पुत्रों, कब तक नीर बहाओगे?

पीर तुम्हारी मुझे ब्याह दो, वर्ना फिर पछताओगे,

बीच बजरिया, पीट ढिंढोरा, पड़ता है मुझको बकना

कन्या भले कुँवारी रखना, पीर कुँवारी मत रखना,

इसका वर कहलाऊँगा

इससे गीत जनाऊँगा

वादा करता हूँ सब बेटे, तुमको भेंट चढ़ाऊँगा

अब मैं गीत सुनाऊँगा.....


ये मन्दिर, ये मस्जिद, गिरजे, गुरुद्वारे, ये मठ-गादी

ये राजे, ये राजदुलारे, ये नेता, ये आजादी,

कोई जलवाता है दीपक, कोई दीपक बुझवाता

कोई कंचन पुजवाता और कोई पत्थर पुजवाता,

यह पूजा ठुकराऊँगा

आँगन-आँगन जाऊँगा

सच्ची पूजा के अधिकारी, मानव को पुजवाऊँगा

अब मैं गीत सुनाऊँगा.....


इधर झोंपड़ी में होली है, उधर महल में दीवाली

इध अमावस्या पर जोबन, उधर चौदहवीं उजियाली

भँवरों का शोषण होता है, विधवा होती है डाली

हार पहन कर शोषण हँसता, नीर बहाता है माली

यह शोषण मिटवाऊँगा

क्रान्ति-पुरुष कहलवाऊँगा

हर मानव के तिमिरांचल में, लाखों चाँद उगाऊँगा

अब मैं गीत सुनाऊँगा.....


जब-जब कोई बिरहन कोयल, रह-रह बिरहा गाती है

जब बागों में कोमल कलिका, बिना खिले लुट जाती है,

जब शबनम का नरम करजवा, शूलों से बिंध जाता है

तब मेरा कवि बैरागी बन, जुल्मों से टकराता है

जुल्मों से टकराऊँगा

बगिया-बगिया जाऊँगा

पतझर के पग पथरा जाएँ, ऐसा फागुन लाऊँगा

अब मैं गीत सुनाऊँगा.....


जब कि अमन की अमराई में, जीवन चाह रहा जाना

रक्त सरोवर के तट पर, क्यों डेरा देता दीवाना,

साम्राज्यों की ये जठरानल, श्वेत-श्याम की नादानी

ये अपमानित चाँद धरा के, औ’ ये चन्दा विज्ञानी

(मैं) रक्त-कुण्ड पटवाऊँगा

सबको सत्य दिखाऊँगा

हर विज्ञानी, हर शासक को, आत्म ज्ञान सिखाऊँगा

अब मैं गीत सुनाऊँगा.....


मेरे वतन के लिए कफन मैं, बाँधे बैठा हूँ सर पर

निर्माणों का नया सन्देसा, पहुँचाता हूँ मैं घर-घर,

आजादी का चारण हूँ मैं, गीत उसी के गाऊँगा

समय-समय पर कायर नाहर, जन-गण को बरदाऊँगा

काम वतन के आऊँगा

साँस-साँस निछराऊँगा

लाल किले की दीवारों से, श्रद्धांजलियाँ पाऊँगा

अब मैं गीत सुनाऊँगा.....


बड़े-बड़े मनसूबे मेरे, और जरा सी जिन्दगानी

फटे पाल ये, टूटे चप्पू, मझधारा ये तूफानी,

किन्तु तुम्हारी दया-दुआएँ, तट को खींचे लाती हैं

मस्ती ही मस्ती में मेरी, बिगड़ी भी बन जाती है

सबका दरद बटाऊँगा

नर का धरम निबाहूँगा

मरघट जाने से पहले मैं, नारायण बन जाऊँगा

अब मैं गीत सुनाऊँगा.....

----- 


दरद दीवानी
कवि - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - निकुंज निलय, बालाघाट
प्रथम संस्करण - 1100 प्रतियाँ
मूल्य - दो रुपये
आवरण पृष्ठ - मोहन झाला, उज्जैन
मुद्रक - लोकमत प्रिंटरी, इन्दौर
प्रकाशन वर्ष - (मार्च/अप्रेल) 196
3











मन की चोरी करने वाले

श्री बालकवि बैरागी
के प्रथम काव्य संग्रह ‘दरद दीवानी’ की बीसवीं कविता




मन की चोरी करने वाले

चैन चुरा कर क्या पाओगे?


अग-जग के सब शूल बिचारे, करते रह गये रखवाली

तुमने मन की महकी कलियाँ, ना जाने कब चुन डालीं

मधु पी कर यदि मुँह पोंछा तो

मधुकर कैसे कहलाओगे?

मन की चोरी.....


तुम क्या जानो दुनियावाले, मुझको क्या-क्या कहते हैं

फिर भी जोगन के ओठों पर, गीत तुम्हारे रहते हैं

इस गायक को, नायक मेरे

बोलो कब तक अजमाओगे?

मन की चोरी.....


क्या डरते हो इस दुनिया से, जिसका कुछ ईमान नहीं है

जिसके केवल मुँह ही मुँह हैं, आँख नहीं है, कान नहीं है

अन्धे-बहरे जग में मुझसे

मोती कब तक लुटवाओगे?

मन की चोरी.....


जिस घर में चोरी की तुमने, उस घर को यदि बिसराया

(तो) सारे जग के चोर कहेंगे, तुमने उन पर दाग लगाया

मावस भी है, पावस भी है

यह बेला फिर कब पाओगे?

मन की चोरी.....


दो साँसें रखी हैं मैंने, जैसे-तैसे चोरी करके

अब तो आओ, ले भी जाओ, सजनी को बाबुल के घर से

डोली उठने पर आये तो

तोरन से वापस जाओगे

मन की चोरी.....

-----


दरद दीवानी
कवि - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - निकुंज निलय, बालाघाट
प्रथम संस्करण - 1100 प्रतियाँ
मूल्य - दो रुपये
आवरण पृष्ठ - मोहन झाला, उज्जैन
मुद्रक - लोकमत प्रिंटरी, इन्दौर
प्रकाशन वर्ष - (मार्च/अप्रेल) 1963











मैं तो मधुरस का प्यासा हूँ

श्री बालकवि बैरागी
के प्रथम काव्य संग्रह ‘दरद दीवानी’ की उन्नीसवीं कविता




चाहे मुझको फाँसी दे लो, चाहे मेरा सरबस ले लो

मैं तो मधुरस का प्यासा हूँ, प्यास बुझाकर ही जाऊँगा।


सजग सभी शूलों को कर दो, पथ में बिछवा दो अंगारे

सम्भव हो तो बन्द करा दो, सभी ड्यौढ़ियाँ, सभी दुवारे

राहों में तूफान अड़ा दो

बाधाओं की फौज बढ़ा दो

मैं तो गति का अति यौवन हूँ, राह बना कर ही जाऊँगा

प्यास बुझा कर ही जाऊँगा.....


जितना तुमने कुचला मुझको, उतना और महान बना हूँ

जितना तुमने टाला मुझको, उतना और जवान बना हूँ

करते जाओ तुम मनमानी

देते जाओ और जवानी

मैं तो ओठों का हाकिम हूँ, शोर मचा कर ही जाऊँगा

प्यास बुझा कर ही जाऊँगा.....


मुझे न दो चन्दा की चाँदी, मुझे न दो सूरज का सोना

नहीं चाहिये मुझे फागुनी, मौसम का गुदगुदा बिछौना

तरह-तरह से मत ललचाओ

मत मेरे मन को बौराओ

मैं तो हठ का हठी हिया हूँ, हाट उठा कर ही जाऊँगा

प्यास बुझा कर ही जाऊँगा.....


सीमाओं के भीतर मैंने, अब तक सारी बात सम्हाली

मेरी प्यासों की लाशों पर, नहीं मनेगी अब दीवाली

देखूँ, अब तुम दीप जलाओ

पूजाओं के ढोंग रचाओ

मैं तो ज्वाला का जाया हूँ, पाँव पुजा कर ही जाऊँगा

प्यास बुझा कर ही जाऊँगा.....


जो भी कसर रखी हो तुमने, आज, अभी पूरी कर डालो

तुम्हें कसम है अन्यायों की, गागर को पूरी भर डालो

पनघट पर पहरे बैठा दो

बूँद-बूँद में जहर मिला दो

मैं तो नीलकण्ठ हूँ, विष को, गले लगा कर ही जाऊँगा

प्यास बुझा कर ही जाऊँगा.....

-----


दरद दीवानी
कवि - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - निकुंज निलय, बालाघाट
प्रथम संस्करण - 1100 प्रतियाँ
मूल्य - दो रुपये
आवरण पृष्ठ - मोहन झाला, उज्जैन
मुद्रक - लोकमत प्रिंटरी, इन्दौर
प्रकाशन वर्ष - (मार्च/अप्रेल) 1963












सपने सारे सच कर दूँगा

श्री बालकवि बैरागी
के प्रथम काव्य संग्रह ‘दरद दीवानी’ की अठारहवीं कविता




करने दे उपहास जगत को, तू मेरी मनुहार के

सपने सारे सच कर दूँगा, सजनी! तेरे प्यार के


आज चाँद ने हाँ भर ली है, हाँ भर ली है तारों ने

सच कहता हूँ, हाँ भर ली है, फागुन और बहारों ने,

तेरा हर सन्देश सलौनी! वे मुझ तक ले आयेंगे

तेरी हर आज्ञा मानेंगे, तेरी प्रजा कहायेंगे


तेरी मरजी से ही कुदरत, सारा काम चलायेगी

ऋतुओं ने भी दे डाले, अधिकार तुझे संघार के

सपने सारे सच कर दूँगा, सजनी! तेरे प्यार के


अब न अकेली रोने दूँगा, तुझे निगोड़े निर्जन में

हरदम तुझको साथ रखूँगा, मैं साँसों के सर्जन में

मेले लगवा दूँगा पगली, करवा दूँगा चहल-पहल

जीते जी ही बनवा दूँगा, मैं गीतों के ताज महल,


जहाँ बैठकर व्याख्या करना, तू इस झीनी चादर की

शीश झुकायेंगे अनुयायी, चौबीसों अवतार के

सपने सारे सच कर दूँगा, सजनी! तेरे प्यार के


यूँ मत दिल को छोटा कर री, यूँ मत दिखला कमजोरी

कटात्म-समर्पण, आत्म-निवेदन, नहीं कहाता है चोरी,

कैसे तुझको समझाऊँ मैं, प्रणय कभी भी पाप नहीं

कायरता है इसकी बैरन, इसके आँसू माफ नहीं,


जिस दिन तू साहस कर लेगी, लाँघ चलेगी देहरिया

उस दिन शोर उठेंगे जग में, तेरी जय-जयकार के 

सपने सारे सच कर दूँगा, सजनी! तेरे प्यार के


ये बन्धन, प्रतिबन्ध सलौनी! अपने आप लजायेंगे

जैसे-जैसे प्यार बढ़ेगा, बेचारे हट जायेंगे,

जिस दिन तेरे स्वर, साजनिया! मेरे गीत उचारेंगे

उस दिन ये बन्धन बेचारे, रातें कहाँ गुजारेंगे?


तू तो बस मीरा की मस्ती, भर ले अपनी साँसों में

सौ मेवाड़ें निछरा देंगे, तुझ पर कवि संसार के।

सपने सारे सच कर दूँगा, सजनी! तेरे प्यार के


शीश उठाकर चल गूजरिया! मैं भी तेरे साथ हूँ

तू अम्बर की पटरानी है, मैं धरती का नाथ हूँ,

दुनिया है बारात हमारी, चिन्ता मत कर तानों की

पूजा होती है दुनिया में, मस्ती की, मस्तानों की,


मरघट के अंगारों तक ने, दिये मुझे हैं हस्ताक्षर

हुकुम सभी मानेंगे वे भी, मेरे जोड़ीदार के।

सपने सारे सच कर दूँगा, सजनी! तेरे प्यार के

-----


दरद दीवानी
कवि - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - निकुंज निलय, बालाघाट
प्रथम संस्करण - 1100 प्रतियाँ
मूल्य - दो रुपये
आवरण पृष्ठ - मोहन झाला, उज्जैन
मुद्रक - लोकमत प्रिंटरी, इन्दौर
प्रकाशन वर्ष - (मार्च/अप्रेल) 1963











चारों ओर तुम्हारी भाषा

श्री बालकवि बैरागी
के प्रथम काव्य संग्रह ‘दरद दीवानी’ की सत्रहवीं कविता



चारों ओर तुम्हारी भाषा, चारों ओर तुम्हारी वाणी

चारों ओर तुम्हारा दर्शन, फिर भी सूनापन लगता है

कितना सूनापन लगता है.....


पनघट-पनघट बात तुम्हारी, हर घूँघट में नाम तुम्हारा

पीपल-पीपल तुम ही पाहुन, हर वंशीवट धाम तुम्हारा,

कण-कण पर पद चिह्न तुम्हारे, दिग्-दिगन्त रनिवास तुम्हारा

हर झोंके में गन्ध तुम्हारी, आँगन-आँगन रास तुम्हारा


फूलों से विकसित मेले में, मधु से भी मीठा कोलाहल

लेकिन चिर प्यासे ओठोें पर, फिर भी कुछ बन्धन लगता है।

कितना सूनापन लगता है.....


अपना द्वार ढूँढने में ही, क्या बतलाऊँ खूब हो गया

हानि नहीं कुछ अधिक हुई है, बस मेरा अस्तित्व खो गया,

मेरा अहं घुला करता है, पल-पल बिरहा में जलता है

मेरे बिना तुम्हारा यह, साम्राज्य कहो कैसे चलता है?


जनम-जनम से घूम रहा हूँ, लुटा-लुटा सा खोया-खोया

तन तीरथ में भटक रहा पर, मन फिर भी उन्मन लगता है।

कितना सूनापन लगता है.....


धड़कन-धड़कन गूँज तुम्हारी, साँस-साँस पदचाप तुम्हारा

किरन-किरन में दृष्टि तुम्हारी, फिर भी मुझको नहीं निहारा,

हर आँसू में स्पर्श तुम्हारा, लेकिन आँखें फिर भी मीरा

पल-पल मैली होती चादर, होता है बदनाम कबीरा


प्रेम नदी के ईरे-तीरे, ओ! मेरे गिरधर, गोपाला

सूखी हर वल्लरी लगती है, भूखा हर चन्दन लगता है।

कितना सूनापन लगता है.....


विश्वासों का हाथ पकड़ कर, निष्ठा फिरती द्वारे-द्वारे

कोई करता नहीं निहोरे, कहीं नहीं होती मनुहारें,

विरद तुम्हारा गाते-गाते, पूजी दिशा-दिशा की लाली

पूज लिये पाषाण करोड़ों, फिर भी अँचरा खाली-खाली,


तुम इतने व्यापक हो फिर भी, नहीं मिटी आकुल आतुरता

शपथ तुम्हारी निठुराई की, झूठा हर पूजन लगता है।

कितना सूनापन लगता है.....


कितने जनम यहाँ पर भटकूँ, इसका कब आभास मिलेगा?

कब तुम मेरी सुधियाँ लोगे, कब तुमको अवकाश मिलेगा?

कह दो अब किसके आँगन में, मेरा तपसी डेरा डाले?

देखो पाँव पिरोेने मेरे, पड़ गये छालों के भी छाले,


सारा द्वैत मिटाने पर भी, यह हालत है अन्तर्यामी

काया पर कुछ ऋण लगता है, हारा सा जीवन लगता है।

कितना सूनापन लगता है.....

-----


दरद दीवानी
कवि - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - निकुंज निलय, बालाघाट
प्रथम संस्करण - 1100 प्रतियाँ
मूल्य - दो रुपये
आवरण पृष्ठ - मोहन झाला, उज्जैन
मुद्रक - लोकमत प्रिंटरी, इन्दौर
प्रकाशन वर्ष - (मार्च/अप्रेल) 1963



अठारहवीं कविता: ‘सपने सारे सच कर दूँगा’ यहाँ पढ़िए








हाँ, हाँ वे ही तुतले-तुतले

श्री बालकवि बैरागी
के प्रथम काव्य संग्रह ‘दरद दीवानी’ की सोलहवीं कविता



हाँ, हाँ वे ही, तुतले-तुतले, हकले-हकले शरमीले

प्राण! तुम्हारा यश गा-गा कर, मेरे गीत वाचाल हो गये।


बात-बात में जो शरमा कर, लाल सुर्ख पड़ जाते थे

ओठों पर आते-आते ही, साँसों में गड़ जाते थे,

सकुचे-सकुचे, सहमे-सहमे रहते थे अकुलाहट से

खड़े हिमालय फाँद गये जो, आलोचक की आहट से


तुम नायक बन कर के जब से, इनके अँगना में आये

उस बेचारे आलोचक के जीवन का जंजाल हो गये

गीत मेरे वाचाल हो गये.....


दो कौड़ी का मोल नहीं था, कल इनका बाजारों में

अपमानित होना पड़ता था इनको, मठ दरबारों में

इनकी छाया पड़ने भर से, ब्राह्मण (?) गंगा न्हाते थे

इनसे, मुझसे लाख तरह के प्रायश्चित करवाते थे,


इनको कण्ठ लगा कर तुमने, ये क्या जादू कर डाला

पिसते-पिसते लो एकाएक, परिवर्तक भूचाल हो गए

गीत मेरे वाचाल हो गये.....


धन्वन्तरी (?) ने घोष किया था, इनमें कोई जान नहीं है

जीवित मानव के महलों में, इनका कोई स्थान नहीं है,

जात बुला कर अपनी उनने, इनकी ठठरी बँधवा दी

मेरे हाथों हाँडी देकर, कफन बिना ही उठवा दी,


(पर) नाम तुम्हारा लेकर मैंने, अन्तिम चुम्बन दिया उन्हें

(तो) कन्धों ही कन्धों पर ये तो, साँसों भरा सवाल हो गये

गीत मेरे वाचाल हो गये.....


आज जिधर भी जाते हैं ये, वातायन खुल जाते हैं

अट्टाएँ भर जाती हैं औ’ मधु कलशे ढुल जाते हैं,

परवशता की परिभाषाएँ ही, परवश हो जाती हैं

घर-घर में लछमन रेखाएँ, खुद को विधवा पाती हैं,


लोक-लाज की पूर चिनावें, लजा-लजा कर उतर गईं

तुमने क्या मुँह इन्हें लगाया, लाखों के महिवाल हो गये

गीत मेरे वाचाल हो गये.....


तुमसे इनको शब्द मिले हैं, तुमसे इनने स्वर पाये

तुमको नायक पाकर इनने, लाखों जीवन भर पाये,

इनके, मेरे और तुम्हारे, जो भी रिश्ते-नाते हैं

बिलकुल सच है, ईश्वर को भी नहीं बताये जाते हैं


तुमने भी कितना समझाया, मैंने भी कितना रोका

किन्तु भरे मजमे में ये तो, सब कुछ ही इकबाल हो गये।

गीत मेरे वाचाल हो गये.....

-----


दरद दीवानी
कवि - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - निकुंज निलय, बालाघाट
प्रथम संस्करण - 1100 प्रतियाँ
मूल्य - दो रुपये
आवरण पृष्ठ - मोहन झाला, उज्जैन
मुद्रक - लोकमत प्रिंटरी, इन्दौर
प्रकाशन वर्ष - (मार्च/अप्रेल) 1963




सत्रहवीं कविता: ‘चारों ओर तुम्हारी भाषा’ यहाँ पढ़िए










मैं निर्धन हूँ

श्री बालकवि बैरागी
के प्रथम काव्य संग्रह ‘दरद दीवानी’ की पन्द्रहवीं कविता



मैं निर्धन हूँ इससे मेरे प्रियतम मुझको, मत ठुकराओ।


तन रक्खा, मन तुमको सौंपा, ठुकरा करके राज-दुवारे

अब मेरे जो कुछ हो, तुम हो, धन-कंचन के भण्डारे

मेरी निधियों को ठुकरा कर, मत ठोकर का मान बढ़ाओ

मैं निर्धन हूँ.....


अपनी दौलत दिखलाने में, झिझक मुझे कुछ होती है

केवल मेरी आँखें ही देखो, इनमें सच्चे मोती हैं

झूठे जग के बाजारों में तुम तो इनको मत झुठलाओ

मैं निर्धन हूँ.....


जिन चरणों पर मैंने मन के निर्धन फूल चढ़ाये हैं

बरबस नींदें बुलवा जिनको, सपनों से नहलाये हैं

उन भोले, कोमल चरणों को मत ठोकर का पाठ पढ़ाओ

मैं निर्धन हूँ.....


अब तो इस दुनियावाले भी, जोगन से कतराते हैं

और न जाने कैसे-कैसे, रोज बुलावे आते हैं

मन के मालिक, तन भी ले लो, अब तो मेरे धन कहलाओ

मैं निर्धन हूँ.....


ठुकराना ही है तो क्यों तुम अपने चरण दुखाते हो

निर्ममता की रीत पुरानी, क्यों नाहक दुहराते हो

में ही टकरा लूँगी सिर को, पल भर अपना रथ ठहराओ

मैं निर्धन हूँ.....

-----


दरद दीवानी
कवि - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - निकुंज निलय, बालाघाट
प्रथम संस्करण - 1100 प्रतियाँ
मूल्य - दो रुपये
आवरण पृष्ठ - मोहन झाला, उज्जैन
मुद्रक - लोकमत प्रिंटरी, इन्दौर
प्रकाशन वर्ष - (मार्च/अप्रेल) 1963












ये मेघा कजरारे

श्री बालकवि बैरागी
के प्रथम काव्य संग्रह ‘दरद दीवानी’ की चौदहवीं कविता



तेरे देस भी छाये होंगे ये मेघा कजरारे


कल तक की परदेसिन पछुवा, मुसे लिपट गई आकर

स्वयं तृप्ति की साँस ले रही, मेरी प्यास जगा कर,

बिलखी-बिलखी बूँदें बरबस, बहक-बहक कर बरस गईं

मुझे छोड़ कर सारी बस्ती पुलक-पुलक कर हरस गई


सोच रहा हूँ तू भी बैठी होगी मन को मारे

मेरे देस भी छाये होंगे.....


मेरे गीतों के छप्पर में आ-आ कर अनजान बटोही

सुुखा रहे हैं भीगा तन-मन, कुछ विरही औ’ कुछ निर्मोही,

स्वार्थ सिद्ध होते ही उठकर चल देते हें ये अपकारी

धन्यवाद भी दे न सके हैं निर्धन को ये व्यापारी,


तेरा महल भी तकते होंगे ऐसे ही लोभी बनजारे।

मेरे देस भी छाये होंगे.....


लाख बार बिजली तड़पी पर एक-एक कण भीग गया है

प्रथम प्रणय का साखी पीपल, मुझे यहाँ से दीख गया है,

सब दिखता है लेकिन तेरा देस नहीं दिख पाता है

आँखों आगे श्याम बदरवा घड़ी-घड़ी घिर आता है


यही दर्द तुझको भी देते होंगे ये भीगे पखवारे।

मेरे देस भी छाये होंगे.....


-----



दरद दीवानी
कवि - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - निकुंज निलय, बालाघाट
प्रथम संस्करण - 1100 प्रतियाँ
मूल्य - दो रुपये
आवरण पृष्ठ - मोहन झाला, उज्जैन
मुद्रक - लोकमत प्रिंटरी, इन्दौर
प्रकाशन वर्ष - (मार्च/अप्रेल) 1963











ये सपने बेशरम तुम्हारे

श्री बालकवि बैरागी
के प्रथम काव्य संग्रह ‘दरद दीवानी’ की तेरहवीं कविता



मुझे कहीं का नहीं रखेंगे, ये सपने बेशरम तुम्हारे

कल से इन्हें न आने देना, वर्ना द्वार बन्द कर दूँगा।


नाम तुम्हारा बतला कर ये, बिना बुलाये आ जाते हैं

मेरी नाबालिग निंदिया पर, जुलुम पचासों ढा जाते हैं

रोज-रोज आवारागर्दी, रोज-रोज ये खींचातानी

साफ बात है, नहीं चलेगी, कल से ये जबरन मेहमानी,


लूट लिया है इनने मेरे सपनों का अनमोल खजाना

अब तो मैं अपमान करूँगा, सब सत्कार बन्द कर दूँगा

सचमुच द्वार बन्द कर दूँगा



कितनी आँखें दिखलाते हैं ये, करते हैं कितनी हेठी

जैसे मैं इनका खाता हूँ, या ब्याहेंगे मेरी बेटी

सीमा में सब बात ठीक है, पर ये सीमा तोड़ रहे हैं

इनकी शह से दुनिया वाले, रोज शगूफे छोड़ रहे हैं


मेरे दो आँसू की इनने कर दी, सागर भर बदनामी

गंगा तट पर अब मोती के सब बाजार बन्द कर दूँगा

सचमुच द्वार बन्द कर दूँगा


इनका मेरा क्या रिश्ता है? क्यों इनकी गजलें गाऊँ?

क्यों तारीफ करूँ तारों की? क्यों नींदें नीलाम चढ़ाऊँ?

कसम तुम्हारी इनने मेरी साँसों से खिलवाड़ किया है

रातों को रामायण कर दीं, इनने तिल का ताड़ किया है,


तुमने शरमाना सीखा पर, इनको शरम नहीं सिखलाई

मेरे यौवन पर अब इनके, सब अधिकार बन्द कर दूँगा।

सचमुच द्वार बन्द कर दूँगा


तुमसे मैंने प्यार किया है, क्या मतलब कुछ पाप किया है?

किस बूते पर इनने मेरा, घर-आँगन सब नाप लिया है?

नहीं, नहीं, यह क्या है आखिर, कैसे मेरी उम्र कटेगी?

तुम जो चाहो समझो लेकिन, इनकी-मेरी नहीं पटेगी


बहुत शराफत से कहता हूँ, अब इनको समझा लेना

वर्ना इन आवाराओं से मैं, सब व्यवहार बन्द कर दूँगा।

सचमुच द्वार बन्द कर दूँगा


ये भी कोई बात हुई, तुम दिखो नहीं, ये रोज दिखें

मेरी चाँद धुली अभिलाषा, दो सपनों के मोल बिके,

जग ने एक लकीर खींच दी, तुमने भर ली ठण्ठी साँसें

मैं कैसे गिरवी रख दूँगा, सपनों के घर क्वाँरी प्यासें?


इन्हें न रोका, इन्हें न टोका, तो फिर लाख बुरा मानो तुम

इनके साथ तुम्हारी भी अब, हर मनुहार बन्द कर दूँगा।

सचमुच द्वार बन्द कर दूँगा


-----


दरद दीवानी
कवि - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - निकुंज निलय, बालाघाट
प्रथम संस्करण - 1100 प्रतियाँ
मूल्य - दो रुपये
आवरण पृष्ठ - मोहन झाला, उज्जैन
मुद्रक - लोकमत प्रिंटरी, इन्दौर
प्रकाशन वर्ष - (मार्च/अप्रेल) 1963

पूर्व कथन - ‘दरद दीवानी’ की कविताएँ पढ़ने से पहले’ यहाँ पढ़िए

बारहवीं कविता: ‘मादक नयनों की मादकता’ यहाँ पढ़िए

p©ngoha dfork % ^;s es?kk dtjkjs* ;gk¡ if<+,








मादक नयनों की मादकता

श्री बालकवि बैरागी
के प्रथम काव्य संग्रह ‘दरद दीवानी’ की बारहवीं कविता


इतिहासों के विजयी स्वर हैं, ऐसे-वैसे बैन नहीं हैं

मादक नयनों की मादकता, मदन तुम्हारी देन नहीं है?


कुन्दन काया, कंचन छाया, बोझिल यौवन वाली बाला

इतने पर भी मन न भरा तो, नयनों को मादक कर डाला

रतिपति! फिर भी पंचवटी के, रघुपति क्यों बेचैन नहीं हैं?

मादक नयनों की.....


कामुकता के साँचों में तुमने, जो कुछ भी ढाला है

उन सबको शंकित हो तुमने, मादकता में डाला है

शान्तनु सुत भीषम ने फिर भी, पाई क्यों मधु रैन नहीं है?

मादक नयनों की.....


तेरा है विश्वास कि तूने, कितने ही गढ़ जीते हैं

और अभी तक तेरे पनघट, मधु-प्यासे मधु पीते हैं

(तो) अजर जवाहर की पलकों में क्यों बौराये नैन नहीं हैं,

मादक नयनों की.....


कितने ही मादक नयनों को, मेरे होठों ने परखा है

मादकता की संज्ञा देकर, तुमने उनमें जो निरखा है

वह बय मेरी ही तो छवि है, जिसको पल भर चैन नहीं है

मादक नयनों की.....


मादक नयनों की मदिरा पर, तेरा दावा झूठा है

दाता तो सचमुच प्रियतम है, तूने तो यश लूटा है

ओ! मधु मदिरा के छलकइया, क्यों फिर तेरे ही नैन नहीं हैं?

मादक नयनों की.....


-----


यह कविता समस्या पूर्ति के अन्तर्गत लिखी गई थी।



दरद दीवानी
कवि - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - निकुंज निलय, बालाघाट
प्रथम संस्करण - 1100 प्रतियाँ
मूल्य - दो रुपये
आवरण पृष्ठ - मोहन झाला, उज्जैन
मुद्रक - लोकमत प्रिंटरी, इन्दौर
प्रकाशन वर्ष - (मार्च/अप्रेल) 1963











तू क्या जाने रे परदेसी


श्री बालकवि बैरागी
के प्रथम काव्य संग्रह ‘दरद दीवानी’ की ग्यारहवीं कविता



रस पीकर बन गया विदेसी और नहीं अब सुधि लेता है

तू क्या जाने रे! परदेसी, सावन कितना दुःख देता है।


नग्न नीम की, नव फुनगी पर, कोयलिया आहें भरती

रात-रात भर बेबस चकवी, सदा अपूरण चाहें करती,

सरवर तीरे स्वर उठते हैं, ग्वाले की मृदु बाँसुरिया के

इन सबमें स्वर खो जाते हैं, तेरी बिरहन बावरिया के,


तभी पवन का मादक झोंका, न जाने क्या-क्या कहता है

तू क्या जाने रे! परदेसी, सावन कितना दुःख देता है।

रस पी कर.....


ये पलाश के फूल, फूँक कर रख देते हैं जियरा

ताने दे-दे पूछ रहे हैं, कहाँ है तेरा पियरा,

ये अफीम, ये सरसों फूली, धरा आज बन गई सुहागन

और सुहागन तेरी बैठी, मझ फागुन में बनी अभागन


क्या बतलाऊँ इन नैनों में, बेमौसम सावन रहता है

तू क्या जाने रे! परदेसी, सावन कितना दुःख देता है।

रस पी कर.....


ये गुलाल से लाल गगन और ये रंग रस की बौछारें

भीगी-भीगी राधाओं से, मन-मोहन की मनुहारें,

अमराई में डफ की थापें, ये घुँघरु की रणकारें,

यौवन पर यौवन के डेरे, ललनाओं की किलकारें,


फिर भी मेरे मन मधुवन पर, पतझर ही पतझर रहता है

तू क्या जाने रे! परदेसी, सावन कितना दुःख देता है।

रस पी कर.....


दूध नहाई चाँदनिया में, चटखी-चटखी चम्पा कलियाँ

सोनजुही, रजनीगन्धा की, अलियों द्वारा लुटती गलियाँ,

मधु सरिता की लहर-लहर को, आलिंगन में कसे कन्हैया

मुझे छोड़कर हर यौवन को, एक नहीं सौ-सौ निरखैया


चेचक वाला चाँद कलमुँहा, देख मुझे ताने देता है

तू क्या जाने रे! परदेसी, सावन कितना दुःख देता है।

रस पी कर.....


तुझको भी कुछ कहती होगी, ये मादक, मीठी पुरवाई

तू भी लेता होगा मेरे जैसी ही, विधवा अंगड़ाई,

क्या जाने तेरे अन्तर में, मेरी याद रही भी होगी

क्या जाने इस पुरवाई ने मेरी बात कही भी होगी,


सुनती हूँ इन दिनों कन्हैया, राधा के चुम्बन लेता है

तू क्या जाने रे! परदेसी, सावन कितना दुःख देता है।

रस पी कर.....


-----


दरद दीवानी
कवि - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - निकुंज निलय, बालाघाट
प्रथम संस्करण - 1100 प्रतियाँ
मूल्य - दो रुपये
आवरण पृष्ठ - मोहन झाला, उज्जैन
मुद्रक - लोकमत प्रिंटरी, इन्दौर
प्रकाशन वर्ष - (मार्च/अप्रेल) 1963












दुःख-सुख जो चाहे दे डालो

श्री बालकवि बैरागी
के प्रथम काव्य संग्रह ‘दरद दीवानी’ की दसवीं कविता



                        दुःख-सुख जो चाहे दे डालो

                                मैंने झोली फैला दी है।


                नाम तुम्हारा लेकर मैंने कुटुम्ब कबीले छोड़ दिये

                कितने ही नयनों को प्रियतम, मैंने गीले छोड़ दिये

                        पग में पायल पहन तुम्हारी

                        सारी दुनिया ठुकरा दी है।

                                        दुःख-सुख जो चाहे.....


                रूठी नींदें, टूटे सपने, विवश उमंगें, व्यथित बहारें

                आहें, आँसू, अन्तर-पीड़ा, बैरन रातें, दिन दुखियारे

                        सब कहते हैं मैंने अपनी

                        नाव भँवर में उलझा दी है।

                                        दुःख-सुख जो चाहे.....


                अपने हाथों जो भी दोगे, हँस कर शीश चढ़ाऊँगी

                इतना चल कर आई हूँ तो, खाली हाथ न जाऊँगी

                        आज प्रतीक्षा की परिभाषा

                        अभिलाषा को सिखला दी है।

                                        दुःख-सुख जो चाहे.....


                द्वार उघारो, बाहर आओ, जो देना हो, झट दे डालो

                मेरा सरबस लेनेवाले, ड्योढ़ी पर से ही मत टालो

                        दाता होकर क्यों ड्योढ़ी की

                        भीतर साँकल लगवा दी है।

                                        दुःख-सुख जो चाहे.....


                अच्छा, अच्छा, कुछ मत देना, पर सूरत तो दिखला जाओ

                जो कुछ मेरे पास बचा है, वह ही लेने को आ जाओ

                        वर्ना फिर बस राख मिलेगी

                        कल ही मेरी शादी है।

                                        दुःख-सुख जो चाहे.....

-----


दरद दीवानी
कवि - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - निकुंज निलय, बालाघाट
प्रथम संस्करण - 1100 प्रतियाँ
मूल्य - दो रुपये
आवरण पृष्ठ - मोहन झाला, उज्जैन
मुद्रक - लोकमत प्रिंटरी, इन्दौर
प्रकाशन वर्ष - (मार्च/अप्रेल) 1963