इतना दरद न दे

श्री बालकवि बैरागी
के प्रथम काव्य संग्रह ‘दरद दीवानी’ की पैंतीसवीं कविता



इतना दरद न दे दीवानी

इतना दरद न दे.....


दिन भर देखा करूँ गगन में

रात-रात भर जलूँ अगन में

सुलग जाय साँसों का सागर

चाँद उठा दे ज्वार नयन में

                        इतना दरद न दे.....


दुनिया लगने लगी पराई

ठुकरादे बैरन तनहाई

लम्बी लगने लगे उमरिया

यौवन के पग फटे बिवाई

                        इतना दरद न दे.....

                        अरमानों का दम घुट जाए

परिचय के खण्डहर लुट जायें

सपने मर जायें बचपन में

आशा की अरथी उठ जाये

                        इतना दरद न दे.....


                        रूठ जाय मन का पनिहारा

                        टूट जाय तन का इकतारा

                        संयम आँगन में आ जाये

                        आँसू बन जायें आवारा

                        इतना दरद न दे.....


                        बरस जाय बिरहा का बादल

                        भीग जाय अन्तर का आँचल

                        बह जाये पीड़ा की पुरवा

                        घुल जाये करुणा का काजल

                        इतना दरद न दे.....


                        मुरझा जायें सब मुसकाने

                        तू भी पीर नहीं पहचाने

                        करें ठिठोली सब बाराती

                        देने लगे कफन तक ताने

                        इतना दरद न दे.....

-----


दरद दीवानी
कवि - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - निकुंज निलय, बालाघाट
प्रथम संस्करण - 1100 प्रतियाँ
मूल्य - दो रुपये
आवरण पृष्ठ - मोहन झाला, उज्जैन
मुद्रक - लोकमत प्रिंटरी, इन्दौर
प्रकाशन वर्ष - (मार्च/अप्रेल) 1963













जग तुमको जो देता ताने

श्री बालकवि बैरागी
के प्रथम काव्य संग्रह ‘दरद दीवानी’ की चौंतीसवीं कविता



जग तुमको जो देता ताने

इसमें मेरा दोष नहीं है


क्या कहते हो, मैंने तुमको, नाहक ही बदनाम किया है

यह तो तुमने, मैंने, जग ने, अपना-अपना काम किया है

बेबस चकवी पर चन्दा का

क्या यह झूठा रोष नहीं है

जग तुमको.....


तुमने तो अब तक न बताया, पंथ तुम्हारे मन्दिर का

नैनों की राहों मन्दिर तक, फिर भी पहुँचा रथ अन्तर का

चाहे मत मानो, मुझको तो

तब से अब तक होश नहीं है

जग तुमको.....


ये मत सोचो कहनेवाले, तुमसे ही कुछ कहते होंगे

भँवरों के चुम्बन का ब्यौरा, कलियों से भी लेते होंगे

कायर अलि पर फिर भी कलियाँ

लाती तिल भर रोष नहीं हैं

जग तुमको.....


किस-किस का हम मुँह पकड़ेंगे, लाख जबानें चलती हैं

जो ज्यादा पुजता है उस पर, दुनिया ज्यादा जलती है

क्या फागुन के रथ के पथ में

आते मगसर, पौष नहीं हैं

जग तुमको.....


तुम जानो और यह जग जाने, मुझको जग से क्या लेना है

किन्तु तुम्हें जब मन सौंपा है तो, बस इतना ही कहना है

खत्म न होंगे, ये ताने हैं

आशीषों का कोष नहीं है

जग तुमको.....

-----


दरद दीवानी
कवि - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - निकुंज निलय, बालाघाट
प्रथम संस्करण - 1100 प्रतियाँ
मूल्य - दो रुपये
आवरण पृष्ठ - मोहन झाला, उज्जैन
मुद्रक - लोकमत प्रिंटरी, इन्दौर
प्रकाशन वर्ष - (मार्च/अप्रेल) 1963













साँसों के करघे पर

श्री बालकवि बैरागी
के प्रथम काव्य संग्रह ‘दरद दीवानी’ की तैंतीसवीं कविता




साँसों के करघे पर मैंने, गीत बुने जो रात में

बाँट दिये ना जाने किसने, सब के सब खैरात में


सारी रात जुलाहा जागा, दुखड़ों की दूकान में

ताना जोड़ा, बाना जोड़ा, करघे की तुकतान में

सुघढ़, सुघाढ़ी, बुनी बुनावट, उलझे धागे सुलझाये

पीड़ा रंगरेजिन से पक्के, अधरंग रंग में रंगवाये


किन्तु जुलाहा लगा रह गया, रंगरेजिन से बात में

बाँट दिये ना जाने किसने, सब के सब खैरात में

साँसों के करघे पर.....



जब-जब ऊषा अंगड़ाती है, जब-जब कोयल गाती है

लगता है मेरे गीतों को, मेरी याद सताती है

अनजाने, अगणित गालों को, जब आँसू सहलाते हैं

तब ओठों पर मेरे ही तो, गीत तडप कर आते हैं


शामिल हो न सके बेचारे, फागुन की बारात में

बाँट दिये ना जाने किसने, सब के सब खैरात में

साँसों के करघे पर.....



कुछ तो हाथ लगे अम्बर के, कुछ ले डाले नदियों ने

चुरा लिए चकवी ने थोड़े, छिपा लिये कुछ सदियों ने

कुछ मौसम ने माँग लिये हैं, छीन लिये कुछ कलियों ने

कुछ पी डाले कोयलिया ने, बीन लिये कुछ अलियों ने


घोल दिये हैं कुछ चन्दा ने, परिमल और प्रपात में

बाँट दिये ना जाने किसने, सब के सब खैरात में

साँसों के करघे पर.....



जिनने मेरे गीत लुटाये, राम उन्हें सौ साल रखे

जिस सरगम ने उन्हें सराहा, खुदा उसे खुशहाल रखे

यूँ तो चाँद-सितारोंवाला अम्बर भी कंगाल है

मेरा अवढरदानी करघा, बेहद मालामाल है


किरणें तक झोली फैलातीं, मेरे द्वार प्रभात में

बाँट दिये ना जाने किसने, सब के सब खैरात में

साँसों के करघे पर.....



इन्हें डुबाकर धोये मैंने, अतल प्यार के पानी में

सोचा था ये खूब फबेंगे, सपनों भरी जवानी में

लेकिन सपनोंवाला यौवन, अँसुओं ने ही धो डाला

यामिनियों से जो पाया था, ऊषाओं में खो डाला


बिखर गया हूँ शबनम जैसा, नन्दन और निशात में

बाँट दिये ना जाने किसने, सब के सब खैरात में

साँसों के करघे पर.....

-----


दरद दीवानी
कवि - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - निकुंज निलय, बालाघाट
प्रथम संस्करण - 1100 प्रतियाँ
मूल्य - दो रुपये
आवरण पृष्ठ - मोहन झाला, उज्जैन
मुद्रक - लोकमत प्रिंटरी, इन्दौर
प्रकाशन वर्ष - (मार्च/अप्रेल) 1963















यूँ मत टेर मुझे ओ! ग्वाले

श्री बालकवि बैरागी
के प्रथम काव्य संग्रह ‘दरद दीवानी’ की बत्तीसवीं कविता


यूँ मत टेर मुझे ओ! ग्वाले, बजा-बजा कर बाँसुरिया

कैसे नाचूँ, तेरा आँगन, बता कहाँ पर समतल है


जादूगर! तेरी तानों पर, मर-मर कर जी जाती हूँ

काल पिया के हर कोड़े पर, हँसती हूँ, मुसकाती हूँ

मर्यादा की साँस साँवरे! जाने क्या-क्या कहती है

लोकलाज की ननद लड़ाकू, बड़-बड़ करती रहती है


वहिवट विधवा जेठानी सी, बाधाएँ देवरानी सी

प्रतिबन्धों के औ’ जंजीरों के, बैठी भर-भर अंचल है

बता कहाँ पर समतल है



इधर भरे आँसू के सागर, परबत उधर निसासों के

गढ़े यहाँ पर सौगन्धों के, वहाँ सरोवर प्यासों के

बेबसियों के बर्बर बीहड़, आँधी, अन्धड़ व्यंग्यों की

अभिशापों के अन्धे पथ पर, कुण्डल लाख भुजंगों के


इधर मरुथल हैं तानों के, सपनों के शमशान उधर

सिर पर आँख गड़ाती बिजली, पाँवों में बस दल-दल है

बता कहाँ पर समतल है


कहीं कलुष के काँटे बिखरे, बिछे घृणा के अंगारे

उधर तोड़ती संयम सारा, तेरी मादक मनुहारें

हाय निराशा सखियों ने भी, पूरा नहीं सिंगार किया

और कदम की झमकारी से, तूने फिर पुचकार लिया


हर धड़कन को हुआ पसीना, गतियाँ सभी अनाथ हुईं

मेरे पग तो उठते हैं पर, नर्तन के पग निश्चल हैं

बता कहाँ पर समतल है

-----


दरद दीवानी
कवि - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - निकुंज निलय, बालाघाट
प्रथम संस्करण - 1100 प्रतियाँ
मूल्य - दो रुपये
आवरण पृष्ठ - मोहन झाला, उज्जैन
मुद्रक - लोकमत प्रिंटरी, इन्दौर
प्रकाशन वर्ष - (मार्च/अप्रेल) 1963













मूर्ख मित्र और आत्म-मुग्धता का अतिरेक

आज सबसे पहले मुझे अपनी प्रशंसा कर लेने दीजिए।

मन्दसौर से प्रकाशित हो रहा ‘दैनिक ध्वज’ अविभाजित मन्दसौर जिले का सबसे पुराना दैनिक अखबार है। इतना पुराना कि जब मुझे कुछ सूझ पड़नी शुरु हुई तो मैंने अपने आसपास के लोगों को  दैनिक ध्वज ही पढ़ते देखा। इतना पुराना कि इसी में समाचार लिख-लिख कर मैंने समाचार लिखना सीखा। शुरुआत में यह ‘जैन ध्वज’ था जो कालान्तर में दैनिक ध्वज बन गया।

1970 के आसपास श्री सौभाग्यमलजी जैन ने मन्दसौर से साप्ताहिक दशपुर दर्शन निकालना शुरु किया जो अस्सी के दशक में दैनिक दशपुर दर्शन बन गया। मैं इसका संस्थापक सम्पादक हूँ। उस समय दैनिक कीर्तिमान भी मन्दसौर से निकलता था किन्तु प्रतियोगिता दैनिक ध्वज से ही होती थी। 

हमारा अखबार भले ही बहुत छोटा था किन्तु हम लोग प्रतिदिन, दिन की शुरुआत समीक्षा बैठक से ही करते थे। आपस में तो हम सब दैनिक ध्वज की बात करते थे लेकिन मैंने सब ‘अपनेवालों’ को कह रखा था कि इस समीक्षा बैठक के बाद/बाहर हममें से कोई भी दैनिक ध्वज का न तो नाम लेगा और न ही इसका नोटिस लेगा। इसलिए जब भी कोई पाठक, चिन्ता करते हुए, आत्मीयता से कहता - ‘फलाँ समाचार ध्वज में तो है। अपने अखबार में क्यों नहीं?’ तब मैं अबोध-अनजान बन, मासूम शकल बनाए पूछता - ‘यह ध्वज क्या है?’ सामनेवाला इस तरह उछलता जैसे बिच्छू ने काट लिया हो। वह बौखलाकर प्रति-प्रश्न करता - ‘तुम नहीं जानते ध्वज को?’ मैं अपनी वही कुटिल मासूमियत बरकरार रखते हुए कहता - ‘नहीं जानता। तुम्हीं बताओ, ध्वज क्या है?’ लेकिन इसका नतीजा यह हुआ कि हमारे पाठकोें ने ध्वज का नाम लेना इस तरह बन्द कर दिया मानो इस नाम का कोई अखबार है ही नहीं। हालाँकि मेरी इस कुटिलता से ध्वज को राई-रत्ती भर फरक नहीं पड़ा। पड़ता भी कैसे? एक तरफ, गहरी जड़ोंवाला विशाल वट-वृक्ष, दूसरी ओर नई-नई उग आई घास। क्या पिद्दी, क्या पिद्दी का शोरबा? लेकिन इसके पीछे, शुरु से बनी हुई मेरी धारणा रही कि उपेक्षा, अनदेखी से बड़ा और कड़ा दण्ड और कोई नहीं होता। भला यह क्या बात हुई कि अपना अमूल्य समय, श्रम, ऊर्जा और संसाधन हम, ‘गैर’ की चर्चा में खपाएँ? यह सच है कि उपेक्षा, अनदेखी करने से ‘गैर’ का वजूद खत्म नहीं होता, किन्तु ‘गैर’ का जिक्र न होने से अपना जिक्र होने की गुंजाइश बहुत बढ़ जाती है।  

यह बात मुझे याद नहीं आती। किन्तु प्रधान मन्त्री मोदी के नासमझ मित्रों ने याद दिला दी। 

दिल्ली में, प्रधान मन्त्री मोदी से सवाल करते हुए गुमनाम पोस्टर नजर आए - ‘मोदीजी हमारे बच्चों की वैक्सीन विदेश क्यों भेज दिया?’ फेस बुक पर यह पोस्टर ‘कोरोना’ की ही तरह तेजी से व्यापक हुआ। चारों ओर हड़कम्प कच गया। फौरन ही सारे पोस्टर हटाने और पोस्टर लगानेवालों को पकड़ने का आदेश दिल्ली पुलिस को दे दिया गया। दिल्ली पुलिस अपनी सम्पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण-भाव से ‘राष्ट्र-रक्षा’ में लग गई। कुछ लोग गिरफ्तार भी कर लिए गए। पोस्टरों को फाड़ते हुए पुलिसकर्मियों के वीडियो फेस बुक पर पसरने लगे। पोस्टरों के लगने से ज्यादा चर्चा उन्हें हटाने की होने लगी। परिणामस्वरूप, जिसने पोस्टर देखे ही नहीं वह भी तलाश करने लगा और तभी रुका जब उसने पोस्टर देख/पढ़ लिया। मैं भी ऐसे ही लोगों में से एक हूँ। पोस्टर लगानेवालों का मकसद उनकी इच्छा, उनके अनुमान से कई गुना ज्यादा पूरा हो गया। मेरा मानना है कि यदि यह पुलिसिया कार्रवाई नहीं होती तो ये पोस्टर इतनी प्रमुखता और व्यापकता नहीं पाते। दो-चार दिनों का हल्ला होता और बात आई-गई हो गई होती। लेकिन ‘मूर्ख मित्र’ की सलाह ने एक बार फिर दुनिया भर में मोदी की भद पिटवा दी। 

ऐसी ही अनुभूति मुझे तब भी हुई थी जब, मुख्य मन्त्रियों के साथ चल रही बैठक में प्रधान मन्त्री मोदी ने, दिल्ली के मुख्य मन्त्री को टोक कर ‘प्रोटोकॉल’ का सवाल उठा दिया था। ‘शिष्टाचार’ का उल्लंघन करते हुए केजरीवाल उस बैठक का सीधा प्रसारण करवा रहे थे। केजरीवाल एण्ड कम्पनी के सिवाय शायद ही किसी और को इसकी जानकारी रही होगी। लेकिन खुद मोदी ने इसका उल्लेख कर इसे विश्वव्यापी कर दिया। केजरीवाल ने तो क्षमा याचना करते हुए ‘ठीक है! आगे से ध्यान रखेंगे।’ कह कर मुक्ति पा ली। लेकिन खुद मोदी ने दुनिया भर में अपनी भद पिटवा ली। लोगों ने केजरीवाल के वक्तव्य वाला, लगभग आठ मिनिटवाला वीडियो बार-बार देखा। मुझे तो पता ही नहीं था। किन्तु लगभग तेरह मित्रों ने वाट्स एप पर केजरीवाल का यह वीडियो मुझे भेजा। केजरीवाल के वक्तव्य में मुझे प्रथमदृष्टया कुछ भी अपत्तिजनक नहीं लगा। लेकिन खुद मोदी ने ‘अपनी महफिल में गैर का चर्चा’ कर, ‘गैर’ की मुराद करोड़ों गुना अधिक पूरी कर दी। यदि मोदी इस सीधे प्रसारण का जिक्र नहीं करते तो केजरीवाल का वीडियो केवल दिल्ली तक, वह भी ‘आपियों’ तक सीमित रह जाता। मुझे आज तक ताज्जुब है कि मोदी ने कुल्हाड़ी पर पैर क्यों मार दिया! शायद अपनी छवि के प्रति आत्म-मुग्धता के अतिरेक और छवि-भंग के भय से उपजी असुरक्षा की भावना केे अधीन यह अविवेक कर बैठे। उन्होंने साबित कर दिया कि ‘तानाशाह’ दुनिया का सर्वाधिक भयभीत और कायर आदमी होता है।

हमारे मालवा में कहावत है, ‘नादान दोस्त से दाना दुश्मन भला।’ इसका परिष्कृत हिन्दी रूप है - ‘मूर्ख मित्र से बुद्धिमान शत्रु भला।’ लेकिन यह समझने के लिए अतिरेकी आत्म-मुग्धता से मुक्त होने का विवेक चाहिए। अतिरेकी आत्म-मुग्धता और छवि-भंग की असुरक्षा से उपजा भय सबसे पहले विवेक ही नष्ट करता है। और तब, आदमी की भद पिटना अन्तिम, सुनिश्चित परिणती होती है।

----- 


प्यास जगा कर जाने वाले

श्री बालकवि बैरागी
के प्रथम काव्य संग्रह ‘दरद दीवानी’ की इकतीसवीं कविता




प्यास जगा कर जाने वाले

प्यास बुझाने कब आओगे


जब यह जाना तुम अपने हो, आशा के अम्बार लगाये

सेजरिया की चादर झटकी, जाने कितने देव मनाये

पंथ कहाँ तक देखूँ छलिया

कब तक सेजें सजवाओगे

प्यास जगा कर.....


पास-पड़ौसी सब कहते हैं, मैंने धोखा खाया है

तुमने अब तक मेरी जैसी, लाखों को तरसाया है

पाँव पड़ूँ अब सच-सच कह दो

कब ये बातें झुठलाओगे

प्यास जगा कर.....

मुझको कुछ मालूम नहीं था, प्यास किसे, कब, क्यों लगती है

आँखों के पनघट पर तुमने, क्यों समझाया, यों लगती है

तुमने जो-जो समझाया है

खुद उसको कब दुहराओगे

प्यास जगा कर.....


पहले क्यों आये पनघट पर, और क्यों प्यासे ओठ हिलाये

क्यों छलकाई मेरी गगरी, क्यों सखियों के साथ छुड़ाये

अब यदि पनघट पर न मिले तो

मरघट में ही मिल पाओगे

प्यास जगा कर.....


एक झलक ही बस दिखला जाओ, जनम-जनम की आस पुरेगी

मन कहता है, तुम आओगे, और अन्तर की प्यास बुझेगी

मुझ दुखिया को कितने जीवन

और यहाँ दिलवाओगे

प्यास जगा कर.....

-----


दरद दीवानी
कवि - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - निकुंज निलय, बालाघाट
प्रथम संस्करण - 1100 प्रतियाँ
मूल्य - दो रुपये
आवरण पृष्ठ - मोहन झाला, उज्जैन
मुद्रक - लोकमत प्रिंटरी, इन्दौर
प्रकाशन वर्ष - (मार्च/अप्रेल) 1963












आज भला क्या आफत आई

श्री बालकवि बैरागी
के प्रथम काव्य संग्रह ‘दरद दीवानी’ की तीसवीं कविता




कल तो दिन भर साथ चले तुम, लोक-लाज सब छोड़ कर

आज भला क्या आफत आई, जाते हो मुँह मोड़ कर


मैंने कब आवाज तुम्हें दी, मैंने तुम्हें बुलाया कब

बुरा न मानो, साफ बताओ, मैं तुम पर ललचाया कब

मैंने कब चाहा तुम मेरे, सुख या दुःख में साथ दो

कब मखमल के दिन माँगे, कब कहा रेशमी रात दो


मैं ठहरा या तुम ही आये, नंगे पाँवो दौड़ कर

आज भला क्या आफत आई, जाते हो मुँह मोड़ कर

कल तो दिन भर.....



मैं तो पहले ही एकाकी, जीता था और चलता था

यूँ ही आँसू हँसते थे और, यूँ ही यौवन जलता था

तुमने दिन भर साथ गुजारा, और मुसीबत कर डाली

हर सिसकी देती अब ताने, हर आँसू देता गाली


खूब जहर के घूँट पिलाये, मीठा रिश्ता जोड़कर

आज भला क्या आफत आई, जाते हो मुँह मोड़ कर

कल तो दिन भर.....



किसने मेरे हाथ पकड़ कर, वचन दिये थे अनमाँगे

किसने मेरी राहें बदलीं, कौन चला मुझसे आगे

ओ! निर्मोही अब तो मन के लाख दुवारे खोल दो

पहले किसने ओठ बढ़ाये, तुम्हें कसम है बोल दो


मजा तुम्हें क्या आया मेरी, गति के पंख मरोड़ कर

आज भला क्या आफत आई, जाते हो मुँह मोड़ कर

कल तो दिन भर.....



साँसों में साँसें क्यों घोलीं, मुझे किया कुबेर क्यों

अलकों पर ये चाँद-सितारों के, लगवाये ढेर क्यों

ऊमर की आहुति लगवा कर, कैसा हवन कराया है

कौन जनम का बैर लिया है, कैसा रूप दिखाया है


कौन स्वर्ग में जाअगे तुम, नया घरौंदा तोड़ कर

आज भला क्या आफत आई, जाते हो मुँह मोड़ कर

कल तो दिन भर.....



खैर, हटाओ, ये बतलाओ, सपनों में तुम आये क्यों

और अगर आये तो तुमने, सोये गीत जगाये क्यों

जगा दिये तो ये बतलाओ, तुमने उनको गाये क्यों

गाये तो कुछ हर्ज नहीं पर, बार-बार दुहराये क्यों


क्या पाओगे मुझ निर्धन के, सपने चन्द निचोड़ कर

आज भला क्या आफत आई, जाते हो मुँह मोड़ कर

कल तो दिन भर.....

-----


दरद दीवानी
कवि - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - निकुंज निलय, बालाघाट
प्रथम संस्करण - 1100 प्रतियाँ
मूल्य - दो रुपये
आवरण पृष्ठ - मोहन झाला, उज्जैन

मुद्रक - लोकमत प्रिंटरी, इन्दौर
प्रकाशन वर्ष - (मार्च/अप्रेल) 1963













अपना तो भई तूफानों से

श्री बालकवि बैरागी
के प्रथम काव्य संग्रह ‘दरद दीवानी’ की उनतीसवीं कविता




जब भी आते हैं, बेचारे, लट सहला कर जाते हैं

अपना तो भई तूफानों से, बढ़कर दूजा मीत नहीं


जब तक बात रही बूते में, रक्खी मैंने सबकी मर्जी

लेकिन जो भी मिले आज तक, निकले सब के सब खुदगर्जी

सौगन्धें खा गये पचासों, दिल की भी दे गये दुहाई

जो भी पलटे, ऐसे पलटे, वापस नहीं शकल दिखलाई


दिल की डींग हाँकनेवालों से, सबको भगवान बचाये

दाता ने सब दिया इन्हें पर, दी पल्ले में प्रीत नहीं

अपना तो भई तूफानों से.....



राधाओं से लाख गुना, शुभ सिद्ध हुई मुझको बाधाएँ

इनसे नहीं अधिक लगती हैं, प्यार पगी मुझको राधाएँ

लिपटी रहती हैं पैरों में, रात और दिन चौड़े-धाले

देखा करती नन्द महरिया, देखा करते हैं सब ग्वाले


कभी न मैंने इन्हें बुलाया, गोकुल की अलियों-गलियों में

इनकी खातिर छेड़े मैंने, मुरली पर भी गीत नहीं

अपना तो भई तूफानों से.....



धोखे दिए हमेशा मुझको, दिलवाले इन्सानों ने

दुर्गम पंथ सुगम कर डाले, मेरे तो तूफानों ने

राह बुहारी मेरी इनने, मुजरा सौ-सौ बार किया

मैंने देनी चाही छुट्टी, तो इनने इन्कार किया


छाया जैसे साथ लगे हैं रहते, हैं दाँये-बाँये

मेरी ऊँगली कभी न छोड़ी, गये कभी विपरीत नहीं

अपना तो भई तूफानों से.....



इनने जीना सिखा दिया है, मैं इनका आभारी हूँ

यूँ कहता हूँ तो कहते हैं, फिर भी मैं उपकारी हूँ

स्वामिभक्ति की हद कर डाली, देखो तो इनकी नरमाई

ज्यों ही मेरे तेवर बदले, इनकी भी पलकें भर आईं


व्यर्थ इन्हें बदनाम किया है, हाड़-चाम के पुतलों ने

सच पूछो तो इनसा कोई पावन और पुनीत नहीं है

अपना तो भई तूफानों से.....



रोज कलेजे से लगते हैं, रोज गले से मिलते हैं

माखन से भी अधिक नरम हैं, आहट सुनी, पिघलते हैं

क्या जाने तुम क्यों डरते हो, आखिर कुछ तो बतलाओ

मीत-प्रीत की बात करो कुछ, मुसकाओ, बाहें फैलाओ


जो करते सौदा-समझौता, उनको ये कायर कहते हैं

खुली बात है  कायर की किस्मत में लिक्खी जीत नहीं

अपना तो भई तूफानों से.....

-----


दरद दीवानी
कवि - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - निकुंज निलय, बालाघाट
प्रथम संस्करण - 1100 प्रतियाँ
मूल्य - दो रुपये
आवरण पृष्ठ - मोहन झाला, उज्जैन
मुद्रक - लोकमत प्रिंटरी, इन्दौर
प्रकाशन वर्ष - (मार्च/अप्रेल) 1963














मन उदास हो गया आज कुछ

श्री बालकवि बैरागी
के प्रथम काव्य संग्रह ‘दरद दीवानी’ की अट्ठाईसवीं कविता




मन उदास हो गया आज कुछ, अनायास अनजाने

गीतों पर आ गई गरीबी, निष्ठुर! तू क्या जाने


सूनापन ही सूनापन है, चारों ओर उदासी

सौरभ निचुड़ गया सपनों का, साँसें हुईं रुँआसी,

आँसू भी खो गये अतल में, आती नहीं रुलाई

बेचैनी आ गई पाहुनी, वो भी बिना बुलाई,


और मीत बने यहाँ भी, वे ही परिचित ताने

गीतों पर आ गई गरीबी, निष्ठुर! तू क्या जाने



इस बेला में तुझको भी तो, सौ-सौ बार पुकारा

सोचा था यूँ मिल जायेगा, थोेड़ा-बहुत सहारा,

लेकिन हर आवाज लौट कर, सचमुच रीती आई

व्यर्थ बावरा कहलाया मैं, व्यर्थ हुई रुसवाई,


किसको गरज पड़ी है मेरी, कौन मुझे पहचाने

गीतों पर आ गई गरीबी, निष्ठुर! तू क्या जाने



लाख करी कोशिश, हँसूँ कुछ, खुद पर ही मुसकाऊँ

स्मृतियों पर अन्याय करूँ कुछ, मन को कहीं लगाऊँ,

किन्तु हाय! इस पापी ने भी, मेरी एक न मानी

और अधिक उलझाया मुझको, अधिक हुई हैरानी


मेरी हालत किसे बताऊँ, मैं जानूँ, मन जाने

गीतों पर आ गई गरीबी, निष्ठुर! तू क्या जाने



भारीपन है इतना ज्यादा, हटता नहीं हटाये

बैठे-बैठे तेरे मन के, गीत अनेकों गाये

बार-बार रुँध आता है स्वर, भर-भर आती बानी

सचमुच सच था तेरा कहना, ये सब है नादानी


कौन खीज कर तेरे जैसा, आवे यहाँ मनाने

गीतों पर आ गई गरीबी, निष्ठुर! तू क्या जाने



बड़ा कठिन है, क्या बतलाऊँ, यूँ तो मेरा जीना

क्या तो मरघट तक जाना और, क्या आँसू का पीना,

सचमुच बहुत बुरी लगती है, तुझसे इतनी दूरी

बतला किस दिन विधवा होगी, ये बैरन मजबूरी,


नये घाव हो गये हजारों, भरते नहीं पुराने

गीतों पर आ गई गरीबी, निष्ठुर! तू क्या जाने

-----


दरद दीवानी
कवि - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - निकुंज निलय, बालाघाट
प्रथम संस्करण - 1100 प्रतियाँ
मूल्य - दो रुपये
आवरण पृष्ठ - मोहन झाला, उज्जैन
मुद्रक - लोकमत प्रिंटरी, इन्दौर
प्रकाशन वर्ष - (मार्च/अप्रेल) 1963

पूर्व कथन - ‘दरद दीवानी’ की कविताएँ पढ़ने से पहले’ यहाँ पढ़िए

सत्ताईसवीं कविता: ‘मेघा तो घिर आये गगन में’ यहाँ पढ़िए

उनतीसवीं कविता: ‘अपना तो भई तूफानों से’ यहाँ पढ़िए








जो वृक्ष अपनी कोंपलों का स्वागत नहीं करता वह ठूँठ बन जाता है

अपनी स्थापना के तेरह वर्ष पूरे होने के प्रसंग पर दैनिक भास्कर, रतलाम ने, 30 अप्रेल 2021 को विशेष अंक छापा था। उसी में यह लेख आंशिक सम्पादन सहित प्रकाशित हुआ था। मैंने तो नहीं किन्तु दो मित्रों ने फेस बुक पर, अपनी भीत (वाल) पर यह लेख दिया था। ब्लॉग पर केपल इसलिए दे रहा हूँ कि ताकि कायम रहे और आसानी से तलाश किया जा सके।



दादा गिनती के उन कवियों में शरीक थे जिनका आत्मीय उल्लेख दिनकरजी ने अपनी डायरी में किया है। दादा को प्रायः ही कवियों में नेता और नेताओं मे कवि मान लिया जाता था। लेकिन दादा ने इन दोनों के बीच सुस्पष्ट विभाजन रेखा खींच रखी थी। वे साहित्य को अपना धर्म और राजनीति को कर्म मानते थे। वे कहते थे - ‘साहित्य सर का साफा है और राजनीति पाँव की जूती। लेकिन कभी-कभी, साफे के सम्मान की रक्षा के लिए जूती हाथ में लेनी पड़ जाती है।’ दादा की इस उक्ति को देश के अनेक मंचीय कवियों ने अपने वक्तव्य का अभिन्न अंग बनाया। 

कुछ आधारभूत प्रवृत्तियों ने दादा को असाधारण, अनूठा बनाया। साहित्य के हिमालयी शिखरों के प्रवासी होने के बाद भी उन्होंने धरती नहीं छोड़ी। आंचलिक-कस्बाई नवोदित और उदीयमान कलमकारों को उन्होंने सदैव प्रोत्साहित किया। कोई भी नया कवि अपने पहले काव्य संग्रह की भूमिका लिखवाने के लिए उनके पास बेहिचक जा सकता था। मुझे ऐसा कुछ याद आ रहा है कि जावरावाले भाई कारूलाल जमड़ा ‘कारुण्य’ अपने किसी काव्य संग्रह (सम्भवतः ‘वह बजाती ढोल’) की पाण्डुलिपि लेकर दादा के पास पहुँचे थे। कुछ कविताएँ पढ़ने के बाद दादा ने कहा था - ‘अब इसकी भूमिका मैं ही लिखूँगा। किसी और से मत लिखवाना।’ भूमिका लिखने के लिए दादा ने शायद ही किसी को निराश किया हो। दो-एक बार तो मैंने शिकायत की कि प्रोत्साहित करने के नाम पर उन्होंने ‘भाटे को भेरू’ बना दिया। जवाब में दादा ने अपना सनातन वाक्य दुहरा दिया - ‘जो वृक्ष अपनी कोंपलों का स्वागत नहीं करता वह ठूँठ बन जाता है।’

शिखर-पुरुष होने के बाद लोग अपनी अगली पीढ़ियों से संवाद बन्द कर देते हैं। लेकिन दादा ऐसे नहीं थे। वे राह नहीं देखते थे कि नये कलमकार उनके पास आएँ। इसके उलट, अपनी अगली पीढ़ी के और नए कलमकारों से नियमित रूप से बात करने के लिए उन्होंने मनासा में ‘समदानियों की बगीची’ (रंग बाड़ी) में बैठकें शुरु करवाईं। बैठकवाले दिन वे प्रायः ही निर्धारित समय पर पहुँचते और रचनाकारों की प्रतीक्षा करते। किसी अखबार/पत्रिका में किसी की कोई रचना अच्छी लगती और रचना के साथ रचनाकार का पता होता तो उसे प्रशंसा पत्र लिखते। यदि फोन/मोबाइल नम्बर दिया होता तो सीधे फोन पर बात कर लेते।

दादा को विभिन्न स्तर के अनेक सम्मान मिले। इन दिनों ‘सम्मान’ और ‘पुरुस्कार’ का भेद मिट ही गया है। दोनों को समानार्थी मान लिया गया है। लेकिन दादा ने इस स्थिति को स्वीकार नहीं किया। उनके पास टेलिफोन आते - ‘हम आपको पुरुस्कृत करना चाहते हैं। कृपया आगमन की स्वीकृति दें।’ वे वस्तुतः दादा को सम्मानित करना चाहते थे। लेकिन दादा को ‘पुरुस्कार’ स्वीकार नहीं था। वे प्रतिप्रश्न करते - ‘मैंने आपकी कौन सी प्रतियोगिता में भाग लिया है?’ वे, पुरुस्कृत होने के लिए कभी नहीं गए और सम्मान के आमन्त्रणों को माथे चढ़ाया। 

कवि सम्मेलन के मंच को दादा ने सदैव पूजा-धाम का स्थान दिया। जब तक कवि सम्मेलन के समापन की औपचारिक घोषणा नहीं हो जाती, वे मंच छोड़ कर नहीं जाते। किसी कवि का हूट होना उन्हें कभी भी सहन और स्वीकार नहीं हुआ। ऐसे कवि की सम्मान-रक्षा में हिमालय बन कर खड़े हो जाते और कवि सम्मेलन तभी आगे बढ़ पाता जब उस कवि का कविता पाठ निर्विघ्न सम्पन्न  हो जाता। उन्हें कविता, कवि, कवि सम्मेलन का अनादर स्वीकार नहीं था। 

कभी-कभार मैं उनसे, साहित्य जगत में उनकी उपस्थिति और लोकप्रियता का रहस्य पूछता तो वे कहते - ‘ऐसा कुछ भी नहीं होता।  अपने से बेहतर लोगों से मिलते रहो, उनसे बातें करो, उन्हें बातें करते हुए सुनो, खूब पढ़ो, निरन्तर लिखते रहो। प्रशंसा की हकदार रचनाओं की प्रशंसा करो। बेहतर बनने की अनवरत कोशिशें खुद ही बोलती हैं।’

-----




मेघा तो घिर आए गगन में

श्री बालकवि बैरागी
के प्रथम काव्य संग्रह ‘दरद दीवानी’ की सत्ताईसवीं कविता




मेघा तो घिर आये गगन में, लेकिन राम रिसाये ओ राम!

सावन सुलग गयो बंजारे, लागी कौन बुझाये ओ राम!


इधर घटा है, उधर घटा है, घटा ही घटा, चहुँ ओर घटा

नाचे मोर के संग मोरनी, अन्तर के पट हटा-हटा

धरती का हर कण गदराया, जित देखूँ तित हरा-हरा

ताल, तलैया, सरवर, पोखर, सबका पनघट भरा-भरा

मैं पनघट पर पंथ निहारूँ

गगरी कौन उठाए ओ राम!

सावन सुलग गयो बंजारे, लागी कौन बुझाये ओ राम!


लाख-लाख अनमोल सन्देसे, लेकर ये घनश्याम चले

चतुर दूत, जलनिधि के पूत ये, लगते हैं मन के उजले

पल में गरजें, पल में बरसें, फोड़ रहे मन के छाले

देख इधर मेरी अँखियों में, ढुलक गये अरबों प्याले

इन परलय करती पलकों की

मावस कौन सुखाये ओ राम!

सावन सुलग गयो बंजारे, लागी कौन बुझाये ओ राम!


मेघ मल्हारें गूँज रही हैं, हर झुरमुट अमराई में

दर्द उँडेल दिया दादुर ने, ले पगली पुरवाई में

पात-पात से गात-गात पर, रस की बूँदें झरर झरे

विवश अभागन, ये बैरागन, बता निठारे! जिये, मरे

अपने हाथों तेरी साँवरी

कब तक लट सुलझाये ओ राम!

सावन सुलग गयो बंजारे, लागी कौन बुझाये ओ राम!


दर्शन दुर्लभ हुए चाँद के, पूनो बन गई मावस रे

नहीं कटे इन कजरारी अँखियों में कजरी पावस रे

हरियाली में ओझल हो गई, ये पगडण्डी टेढ़ी रे

इधर निहारूँ, उधर निहारूँ, कर-कर ऊँची ऐड़ी रे

कौन भरे मुझको बाँहों में

चन्दा कौन दिखाये ओ राम!

सावन सुलग गयो बंजारे, लागी कौन बुझाये ओ राम!


खेत-खेत में अंकुर फूटे, रीते तेरे खेत पड़े

पंख-पंखेरू करे ठिठोली, हँसे मुसाफिर खड़े-खड़े

अपमानों और उपहासों में, बोल बता मैं क्या बोलूँ

तानों के बदले में आँसू, कब तक दूँ, कब तक तोलूँ

ऋतु भी रुलाये, तू भी रुलाये

मुझको कौन हँसाये ओ राम!

सावन सुलग गयो बंजारे, लागी कौन बुझाये ओ राम!

-----


दरद दीवानी
कवि - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - निकुंज निलय, बालाघाट
प्रथम संस्करण - 1100 प्रतियाँ
मूल्य - दो रुपये
आवरण पृष्ठ - मोहन झाला, उज्जैन
मुद्रक - लोकमत प्रिंटरी, इन्दौर
प्रकाशन वर्ष - (मार्च/अप्रेल) 196
3












मेरी जन्म कुण्डली में एक गीतायोगी सन्त: गोविन्दलाल समदानी

दादा से जुड़ी जानकारियों को लेकर मैं खुद को छोटा-मोटा ‘प्राधिकार’ ही मानता रहा हूँ। लेकिन यहाँ प्रस्तुत दादा के लेख ने मेरा यह दम्भ ढहा दिया। इस लेख के नायक-पुरुष गोविन्द दादा समदानी के छोटे भाई श्री बृजमोहन समदानी ने, 16 मई 2019 को यह लेख मुझे उपलब्ध कराया था। नीमच से प्रकाशित हो रहे, दैनिक नई विधा के दिनांक 20 जून 2005 के अंक में प्रकाशित इस लेख से मुझे पहली बार दादा के निर्माण में श्री गोविन्द दादा समदानी के अवर्णनीय अवदान की जानकारी मिली। मैं कबूल करता हूँ कि इस लेख के पढ़ने से पहले मुझे ये जानकारियाँ बिलकुल ही नहीं थी। इस लेख ने मेरे सोचने की दिशा ही बदल दी। 

यह लेख मैं जल्दी से जल्दी अपने ब्लॉग पर देना चाहता था। उत्कट इच्छा थी कि गोविन्द दादा के अमृत महोत्सव के चित्र इसमें शामिल करूँ। दादा श्री बालकवि बैरागी भी इस समारोह में शामिल थे। भाई बृजमोहन ने चित्रों के लिए सम्बन्धित छायाकार मित्र से सतत् आग्रह किया। छायाकार मित्र आश्वस्त करता रहा किन्तु उसे भी शायद अपने संग्रह में ये चित्र नहीं मिल पाए। आज 13 मई 2021 को दादा की चौथी पुण्य तिथि और तीसरी बरसी है। इस प्रसंग पर इसे बढ़िया सामग्री और क्या हो सकती थी?

भाई बृज मोहन के पास, अमृत महोत्सव के समय गोविन्द दादा का लिया एक चित्र तत्काल उपलब्ध था। वही चित्र यहाँ दे पा रहा हूँ। 

यह लेख दादा का आत्म-कथ्य है।  




मेरी जन्म कुण्डली में एक गीतायोगी सन्त: गोविन्दलाल समदानी

-बालकवि बैरागी

विधि का विधान विचित्र है। ईश्वर की कृपा अनन्त है। आकाश में करोड़ों नक्षत्र हैं, लाखों सितारे हैं। तारामण्डल अरबों जगमग तारिकाओं से भरपूर है। निस्सन्देह इनमें एक न एक तारा, एक न एक नक्षत्र आपका भी है। उसकी समूची आभा और प्रभा के साथ ईश्वर ने उसे आपके लिए ही सौर मण्डल में स्थापित किया है, उसे उसकी कक्षा दी है, अपनी कक्षा में उसे प्रेक्षामान रखा है। यह अलग बात है कि आपने उसे पहचाना या चिह्ना नहीं। यह आपका अपना नक्षत्र है और चुपचाप अपना आलोक आपको दे रहा है।

मुझे भी परमपिता परमात्मा ने ऐसा ही चुप्पा और छिपा नक्षत्र मेरी जन्मकुण्डली में चुपचाप दे दिया है। आज मेरे सामने यह अवसर है जबकि मैं उसे प्रकट कर दूँ। आपको उससे परिचित करवा दूँ। मेरे अपने परिजनों को उसके बारे में लिखकर सनद कर दूँ। नाम है उसका श्री गोविन्दलाल समदानी। मुम्बई में उसके अपने लोग उसे ‘जीएस मनासावाला’ के नाम से जानते हैं। ‘जी. एस.’ से मतलब है - गोविन्दलाल समदानी।

16 जून 2005 को गोविन्द अपने जीवन के 76 वर्ष पूरे कर गया। समदानी परिवार के परिजन, स्वजन, स्नेहीजन और बन्धु-बान्धव उसका अमृत महोत्सव मना रहे हैं। उमंग के इस प्रसंग पर भी भाग्य देवता ने एक काली लकीर उदासी की खींच दी है। अभी कुछ ही समय पहले गोविन्द की सहधर्मिणी, जीवन सहचरी शान्ता भाभी एकाएक देवलोक चली गईं। प्रभु को शायद यही स्वीकार था। ईश्वर से हम कैसे लड़ें? हम केवल प्रार्थनाएँ कर सकते हैं। हम यही करते आ रहे हैं।

इस आलेख का मूल चरित्र है - बालकवि बैरागी के जीवन में गोविन्द का स्थान। यदि आप मनासा की गलियों और वीथियों से परिचित हों  तो आज एक बार फिर से अपनी स्मृतियों को ताजा कर लें। घूम लें। गोविन्द का घर घासपुरा मोहल्ले में। मैं पुरबिया मोहल्ले का निवासी। गोविन्द, ‘नगजीराम श्रीनिवास’ जैसी फर्म के मालिक, नगर सेठ श्री घनश्यामजी समदानी का जेठा सुपुत्र। और मैं? मैं, श्री द्वारिकादासजी बैरागी जैसे विपन्न, जन्मना अपाहिज पिता का, भिक्षान्न पर पलते परिवार का ज्यष्ठ पुत्र। गोविन्द के और मेरे बीच आयु-अन्तराल एक या आधे वर्ष का। वो बड़ा। मैं छोटा। हम दोनों के खेलने-कूदने का एक ही स्थान - गोविन्द की अपनी रंगबाड़ी याने समदानी सेठों की चरखीवाली बगीची। गोविन्द के पास सब-कुछ। सम्पन्नता, समृद्धि और सुव्यवस्थित व्यापार। मेरे हाथ में भीख का कटोरा।

ऐसे में सन् 1941 से 1947 तक गोविन्द ने मुझे सँभाला, सहारा दिया। मुझे नहीं पता, गोविन्द ने प्रायमरी कक्षा तक पढ़ाई कहाँ की। पर ज्यों ही मैं ‘पामेचा परिसर’ में लगनेवाले प्रायमरी स्कूल में चौथी पास करके पाँचवीं पढ़ने बड़े स्कूल पहुँचा कि गोविन्द मुझे नए रूप में मिल गया। किताबें, कॉपियाँ, कलमें और गोली-पीपलमेण्ट तक का सहयोग। मेरे घनघोर संघर्ष काल में, सहोदरवत् एक साझीदार। मुझे खूब याद है, सातवीं तक के उस होलकर रियासती स्कूल में अकेला गोविन्द वह विद्यार्थी हुआ करता था जो स्नान-ध्यान के पश्चात् बालों में तेल-कंघी करके, खुले सिर कक्षा में बैठता था।(होलकर रियासत में यह अघोषित, सर्वस्वीकार राजाज्ञा थी कि कोई भी बिना माथा ढँके, सार्वजनकि स्थान पर न दिखाई दे। यह दण्डनीय अपराध माना जा सकता था।) स्कूल के बाकी सारे विद्यार्थी माथे पर टोपी लगाए आते थे। पढ़ाई के वक्त पढ़ाई, बागवानी के पीरीयड में बागवानी और खेलकूद और ड्रील के समय खेलकुद और ड्रील-डम्बल्स।

सातवीं पास करके हम लोग जब मेट्रिक की पढ़ाई करने रामपुरा गए तो मेरे लिए गोविन्द नए अवतार का अवतारी था। मैं 32 किलोमीटर (तब के बीस 20 मील) का 13 वर्षीय पदयात्री। गोविन्द के पास सारे साधन। वह चुपचाप मेरे मेरे संघर्षों को भाँपता रहा। मैं रामपुरा में, भीख में रोटियाँ माँग कर अपनी पढ़ाई पूरी कर रहा था। गोविन्द ने सुदामा से सगी प्रीत निभाई। किस्मत ने मुझे नन्दलाल भण्डारी बोर्डिंग हाउस का छात्र बना दिया। अब फिर मेरा पलंग गोविन्द ने अपने कमरे में लगवाया। मेरी पुस्तकों की चिन्ता, मेरी कॉपियों की फिक्र, मेरी कलमों की व्यवस्था, मेरी फीस की जुगाड़, इतना ही नहीं, रात को सोते समय अपने दूध के गिलास में से मेरे लिए दूध का सरंजाम। कपड़े मेरे पास दो या तीन जोड़ी भी मुश्किल से होते थे। मैं उन्हें धोता तो गोविन्द अपने कपड़ों के साथ उन्हें भी रस्सी पर फैला कर सुखा देता। मैं गणेशोत्सव के मंचों पर जीतता तो गोविन्द, बड़े भाई की तरह खुश होता। मैं सफलता पर इतराता तो गोविन्द समझाता, ‘सफलता पर इतरा मत।’ मैं किलकारियाँ मार कर कुलाँचें भरता तो गोविन्द मन नही मन दुआएँ करता।

गोविन्द की दिनचर्या तब भी बहुत व्यवस्थित और कसी हुई थी। सवेरे प्रार्थना की घण्टी के साथ उठना। प्रार्थना करना। स्नान से पहले मालिश और बैठक, दण्ड बैठक, डबल बार, मल्ल खम्भ जैसी कसरतें। फिर नहा कर स्वाध्याय। समय पर स्कूल जाना। शाम को फिर खेलकूद, होमवर्क, भोजन और शयन से पहले प्रार्थना। फिर विश्राम।

सन् 1947 में हम लोगों ने मेट्रिक पास किया। मनासा के 5 लड़के रामपुरा हाई स्कूल से दूसरी श्रेणी में पास हुए। इन पाँच में मैं भी था। गोविन्द तो था ही। नगर सेठ परिवार ने हम पाँचों का जुलूस मनासा नगर में बेण्ड-बाजों के साथ निकलवाया। गोविन्द के कारण शेष चार भी तर गए। मेरे संघर्ष इस सफलता के साथ और अधिक घने हो गए। अपनी अगली पढ़ाई के लिए गोविन्द मनासा से बाहर चला गया। मैं अपने भविष्य के लिए जूझता रहा। 

शनैः शनैः गोविन्द का अध्यात्म जागता रहा। वह सालीसीटर बना। ‘जीएस मनासावाला’ का नाम आज मुम्बई के सालीसीटर जमात में प्रतिष्ठा और सम्मान का सूचक है। समय का सत्य एक और भी है। समय देवता ने गोविन्द को श्री पाण्डुरंग आठवले शास्त्री महाराज से जोड़ दिया। काले कोट और कानून की पोथियों से लदा-फँदा गोविन्द एक ‘गीतायोगी’ के तौर पर उभरा। लाखों लोगों की भीड़ में गोविन्द, गीता के भाष्य करता दिखाई पड़ा। गोविन्द का यह नया रूप सारे देश में सात्विकता और तात्विकता की कसौटियों पर परखा गया। 

पूरे देश का भ्रमण करके भी गोविन्द से मनासा नहीं छूटा। अपने विशाल समदानी परिवार के सदस्यों को गोविन्द ने सम्मानजनक स्थानों और व्यवसायों में स्थापित किया। समदानी परिवार का ‘सेतु-पुरुष’ बने रहकर अपनी अध्यात्मिकता, सात्विकता को  गोविन्द ने सारे देश में लुटाया। ईश्वर में उसकी असीम आस्था है। एक माहेश्वरी परिवार का सुरुचि सम्पन्न सद्गृहस्थ गोविन्द, मन, वचन, वाणी और कर्म से आज श्रीमद्भागवत गीता को अपने जीवन में उतारते हुए हमें प्रेरित कर रहा है।

मनासा के पुण्योदय का यह क्षण मुझे हर्षित और रोमांचित करता है। हम लोग गोविन्द का ‘अमृत महोत्सव’ मना रहे हैं। मुझे कई परिजन आज याद आते हैं। काका साहब श्री कन्हैयालालजी, पिता श्री घनश्यामजी और समूचा वह मातृ-मण्डल जो हमें दुलारता, पुचकारता, आशीर्वाद देता था, आज होता तो ईश्वर की विशेष कृपा होती। पर महाकाल का महाभोग अनिवार्य है। 

गोविन्द से मुझे आज इतना ही कहना है - “देख गोविन्द! मेरी किस्मत कि भगवान ने मेरी जन्म कुण्डली में तुझ जैसा गोविन्द दिया और एक तेरी किस्मत है कि तेरी जन्म कुण्डली में मुझ जैसा ‘बैरागी’ बैठा दिया।”

रह-रह कर मैं सोचा करता हूँ कि गोविन्द जैसे एक सन्त, गीतायोगी का साथ मुझे प्रभु ने तब नहीं दिया होता तो मेरी जीवन नैया कितने हिचकोले खाती? 

ईश्वर तुझे लम्बी उम्र दे गोविन्द!

-----


‘समदानी’ कुलनाम मेरी चेतना में आज भी बैठा हुआ है। मैंने इस कुलनाम का ससम्मान सदुपयोग किया और अपनी प्रसिद्ध कविता ‘चलो देश के लौह लाड़लों, माँ ने तुम्हें बुलाया है’ में प्रयुक्त कर जनता की तालियाँ बटोरीं, सराहना प्राप्त की। समय था सन् 1962 का। भारत माता पर चीन का विश्वासघाती हमला। मैंने देश के नौजवानों को ललकारा। साथ ही देश के दानवीरों को जगाया। मैंने लिखा -


देखो हिमगिरि की की ड्योढ़ी पर, हत्यारा चढ़ आया है।
चलो देश के लौह लाड़लों, माँ ने तुम्हें बुलाया है।।

ओ बजाज, ओ बिड़ला, टाटा, डालमिया औ’ सोमानी।
ओ निजाम, ओ साराभाई, बैद्यनाथ, ओ समदानी।।
कच्छ देश के कर्ण-कुबेरों, बागड़िया, राजस्थानी।
(ओ) भामाशाह की सन्तानों, तुम पुनः बनो औढरदानी।।

आज वतन पर सब निछरादो, जितना भी जुट पाया है।
चलो देश के लौह लाड़लों माँ ने तुम्हें बुलाया है।।


इन पंक्तियों में ‘समदानी’ शब्द का उपयोग मैंने गोविन्द के कारण ही किया है। कई श्रोताओं ने अपरिचित समदानी परिवार के बारे में मुझसे पूछा। मैं गर्व से कहता आया हूँ कि यह परिवार मेरे गाँव मनासा का प्रसिद्ध परिवार है। 


मुख्य मन्त्री को न्यौता दिया और कहा - ‘आइयेगा नहीं ।’


ये हैं बी डी और नीलू। बी डी याने बाबूदासजी बैरागी। मेरे बहनोई। और नीलू याने मेरी इकलौती छोटी बहन। बी डी की जीवन संगिनी। बी डी और मैं कक्षापाठी भी हैं। 10 मई को इनके विवाह के 53वीं वर्ष गाँठ थी।

नीलू के विवाह से जुड़ी एक ऐसी रोचक घटना है जिसका इन दोनों से कहीं, कोई सम्बन्ध नहीं। किन्तु, यदि इनके विवाह का प्रसंग नहीं होता तो यह रोचक घटना भी नहीं होती।

इन दोनों का विवाह 10 मई 1968 को मनासा में सम्पन्न हुआ था। उस समय मध्य प्रदेश में संविद (संयुक्त विधायक दल) सरकार थी। श्री गोविन्द नारायण सिंह मुख्य मन्त्री थे और श्रीमती विजया राजे सिन्धिया संविद की नेता। दादा प्रतिपक्ष के विधायक थे। श्रीमती सिन्धिया संविद सरकार की जननि थीं। उन्हीं की प्रेरणा और प्रोत्साहन से गो. ना. सिंह सहित 35/36 काँग्रेसी विधायकों ने दलबदल कर द्वारिका प्रसादजी मिश्रा की काँग्रेसी सरकार गिराई थी।

सरकार बन तो गई थी किन्तु बहुत जल्दी श्रीमती सिन्धिया और गो. ना. सिंह में मनमुटाव की स्थिति बन गई। गो. ना. सिंह श्रीमती सिन्धिया को परेशान करने का कोई मौका नहीं छोड़ते थे। यदि श्रीमती सिन्धिया उनसे मिलने के लिए भोपाल से, हवाई जहाज से दिल्ली के लिये निकलतीं तो गो. ना. सिंह श्रीमती सिन्धिया के दिल्ली पहुँचते-पहुँचते,  दिल्ली से भोपाल के लिए रेल से निकल जाते। श्रीमती सिन्धिया रेल से भोपाल के लिए निकलतीं तो गो. ना. सिंह, श्रीमती सिन्धिया के भोपाल पहुँचने से पहले ही हवाई जहाज से दिल्ली के लिए निकल जाते।

संविद नेत्री और मुख्य मन्त्री की इसी लुका-छुपी के दौर में नीलू की शादी का न्यौता देने के लिए दादा ने गो. ना. सिंह को फोन किया। दादा का न्यौता सुनते ही गो. ना. सिंह बोले - ‘यार! बैरागी! मैं पूरी तरह से फुरसत में हूँ। मैं मनासा आऊँगा। ठीक-ठीक तारीख और वक्त बता दे। मैं उस मुताबिक पहुँच जाऊँगा।’ 

जवाब सुनकर दादा घबरा गए। सरस्वती-पुत्र की जबान लड़खड़ा गई। दादा ने हकलाते हुए जवाब दिया - ‘ठाकुर सा’ब! पता नहीं आप क्या समझेंगे। मैंने आपको न्यौता जरूर दिया है। लेकिन आप आ मत जाना। मैंने तो शिष्टाचारवश ही न्यौता दिया है। आप भी इसे शिष्टाचार तक ही रखिए। आप तो पत्र से ही बच्चों को आशीर्वाद दे दीजिएगा।’ 

गो. ना. सिंह को लगा, दादा मजाक कर रहे हैं। बोले - ‘मजाक मत कर! मुझे भोपाल से निकलने का और राजमाताजी से बचने का बढ़िया बहाना और मौका मिल रहा है। तारीख और वक्त बता।’ दादा की घबराहट बढ़ गई। बोले - ‘मैं आपसे भला मजाक कर सकता हूँ ठाकुर सा’ब? मैं सच कह रहा हूँ, आप मत पधारिएगा। आपकी बड़ी कृपा होगी।’ गो. ना. सिंह ने बुरा नहीं माना। सहजता से बोले - ‘ठीक है। तू कहता है तो नहीं आऊँगा। लेकिन यह तो बता दे कविराज कि न्यौता देकर आने से रोक क्यों रहा है?’ 

गो. ना. सिंह के सहज स्वरों ने दादा को राहत दी। लम्बी साँस लेकर बोले - ‘और तो कोई बात नहीं ठाकुर सा’ब। बात यही है कि आप अकले तो आएँगे नहीं! कमिश्नर, डीआईजी, कलेक्टर, एस पी, पूरा अमला आएगा। भगदड़ मच जाएगी। सब लोग आप पर टूट पड़ेंगे। मेरी बहन की शादी एक तरफ धरी रह जाएगी। लग्न-मुहूरत चूक जाएगा। आपके आने से शोभा तो बढ़ेगी लेकिन ब्याह का मण्डप खलिहान बन जाएगा। इसीलिए आपको मना करने की धृष्टता कर रहा हूँ। हाथ जोड़ कर कह रहा हूँ, आप मत पधारिएगा।’

दादा की बात सुनकर गो. ना. सिंह हँस दिए। बोले - ‘हाँ कविराज! तेरी बात तो सही है। यह तो मैंने सोचा ही नहीं था। ठीक है। नहीं आऊँगा। तू अपनी बहन की शादी ठाठ से, खूब धूम-धाम से कर। किसी बात की तकलीफ मत देखना। मेरे जैसा कोई काम हो तो खबर कर देना।’ दादा ने धन्यवाद देते हुए कहा - ‘आपके जैसा काम आपको बता दिया और आपने हाथों-हाथ कर भी दिया। बड़ी कृपा है आपकी। इसी तरह मेरी चिन्ता और देख-रेख करते रहिएगा।’

और गो. ना. सिंह ने अपना वादा निभाया। हाँ, उन्होंने उज्जैन कमिश्नर और मन्दसौर कलेक्टर को जरूर हिदायत दी - ‘देखना! कविराज को कोई तकलीफ न हो।’ दोनों अफसरों ने दादा को अलग-अलग यह हिदायत सुनाते हुए पूछा - ‘सर! हुकुम करें।’ सुनकर दादा एक बार फिर परेशान हो गए। दोनों को एक ही जवाब दिया - ‘मनासा मेरा गाँव है। इसीने मुझे पाला-पोसा है। गाँववाले ही सब काम कर रहे हैं। मुझे कोई काम करने ही नहीं दे रहे।  आपकी कृपा है। बस! आप भी वही कृपा कीजिएगा जिसकी माँग मैंने ठाकुर सा’ब से की है।’ कमिश्नर तो हँसते हुए मान गए लेकिन कलेक्टर नहीं माने। हँसते हुए बोले - ‘क्षमा करें सर! मेरे जिले का मामला है। मुझे तो आना ही है। मैं तो आऊँगा।’

इस किस्से की जानकारी नीलू-बी डी को अब तक तो नहीं ही रही होगी। यह पोस्ट पढ़कर अब हो जाएगी। लेकिन हर बरस, नीलू-बी डी की विवाह वर्ष गाँठ के साथ, इस रोचक घटना की भी वर्ष-गाँठ मैं मना लेता हूँ।

उम्र में नीलू मुझसे बहुत छोटी है लेकिन घर-गृहस्थी के मामले में मुझसे सात बरस नौ महीने अधिक अनुभवी है। नीलू-बी डी को बहुत-बहुत बधाइयाँ और शुभ-कामनाएँ। सपरिवार स्वस्थ-प्रसन्न, सकुशल रहो। खूब खुश रहो।

-----

(यह पोस्ट 10 मई 2021 को फेस बुक पर दी गई थी। ब्लॉग पर इसलिए 
दे रहा हूँ कि कायम रहे और आसानी से तलाशी जा सके।)

अपमानों औ’ उपहासों में

श्री बालकवि बैरागी
के प्रथम काव्य संग्रह ‘दरद दीवानी’ की छब्बीसवीं कविता




अपमानों औ’, उपहासों में

मैं गूजरिया कब तक गाऊँ


तेरे मन्दिर तक आने में, सुनती हूँ लाखों ताने

पग-पग पर आती है आँधी, आरतियों के दीप बुझाने

इस झीने आँचल के बल पर

बतला, किस-किस से टकराऊँ

अपमानों औ’....


इस दुखियारी के दरवाजे, यदि तू इक पल आ जाये

तो, तुझको तेरी दुनिया का, सच्चा परिचय मिल जाये

बतला फिर मैं अबला होकर

किन राहों से तुझ तक आऊँ

अपमानों औ’....


लोक-लाज के लाख-करोड़ों, लाँघ गई सागर दुखियारी

फिर भी तुझसे छूट न पाई, है तेरी अनजान अटारी

कब तक तेरा पंथ निहारूँ

संयम को कब तक समझाऊँ

अपमानों औ’....


हाथों में गजरा भी पहनूँ, आँखों में कजरा भी डालूँ

अन्धे यौवन की उंगली भी, मैं ही पकड़ूँ और सम्हालूँ

आँसू भी मैं ही छलकाऊँ

छाले भी मैं ही सहलाऊँ

अपमानों औ’....


कितना मुश्किल है अलबेले, तेरी रचनाओं को गाना

आँसू पीना, रो कर जीना, अन्तर में तूफान छिपाना

क्यों पहनू मैं तेरी चूड़ी

क्यों बाबुल का नाम लजाऊँ

अपमानों औ’....

-----


दरद दीवानी
कवि - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - निकुंज निलय, बालाघाट
प्रथम संस्करण - 1100 प्रतियाँ
मूल्य - दो रुपये
आवरण पृष्ठ - मोहन झाला, उज्जैन
मुद्रक - लोकमत प्रिंटरी, इन्दौर
प्रकाशन वर्ष - (मार्च/अप्रेल) 1963












मैंने जग की पीड़ा गाई

श्री बालकवि बैरागी
के प्रथम काव्य संग्रह ‘दरद दीवानी’ की पचीसवीं कविता




मैंने जग की पीड़ा गाई, पंथ बुहारा प्यार का

मत पूछो क्या पाया मैंने बदला इस उपकार का


हर आँसू को होठ लगा कर, मैंने जीना सिखलाया

हर सिसकी को चूम-चूम कर, गीतांजलि से नहलाया,

पीड़ा के हर पनघट पर मैं, प्यासा बन कर खड़ा रहा

आहों को बाँहों में भर कर, चौराहों पर खड़ा रहा,


मुझसे बड़़ा बता दो दुश्मन, कोई भी पतझार का

मत पूछो क्या पाया मैंने बदला इस उपकार का।

मैंने जग की पीड़ा गाई.....



लाखों अँधियारी रातों में मैंने, पूनम पहुँचाई

लाखों सूखी बगियाओं में, मैंने भेजी पुरवाई,

जब-जब टूटी बिजली, मैंने झेली अपनी झोली में

मैं ही लाया हूँ यौवन को, अर्थी पर से डोली में


मैं अपराजित अपराधी हूँ, मरघट के अंगार का

मत पूछो क्या पाया मैंने बदला इस उपकार का।

मैंने जग की पीड़ा गाई.....



गीत मिलन के गाने में ही, मैंने अपने स्वर खोये

तुम्हें हँसाने के यत्नों में, मेरे अँसुआ तक रोये,

मैं यदि दर्द नहीं पीता तो, मँहगा ही रहता काजल

मैं यदि गीत नहीं गाता तो, गूँगा होता ताजमहल,


मैं खुद ही भूगोल बन गया, पीड़ा के संसार का

मत पूछो क्या पाया मैंने बदला इस उपकार का।

मैंने जग की पीड़ा गाई.....



हर बन्धन को तोड़ा मैंने, मैंने पाटी हर खाई

नहीं अलग रहने दी मैंने तरुणाई से तरुणाई,

अपमानित अधरों का मैंने, बेफिकरी से यश गाया

रखीं दाँव पर सारी साँसें, नहीं फर्ज से कतराया,


मिला दिया माटी में मैंने, राजमहल मझधार का

मत पूछो क्या पाया मैंने बदला इस उपकार का।

मैंने जग की पीड़ा गाई.....



गीतों के दम पर ही मैंने, लोहा लिया जमाने से

बाज नहीं आया मैं अब तक, दर्द तुम्हारा गाने से,

बात-बात में आई मुझसे, दुनिया अपनीवाली पर

क्या-क्या नहीं गुजारी उसने, गीतों के इस माली पर,


डिगा नहीं पाया लालच भी, मुझको लाख प्रकार का

मत पूछो क्या पाया मैंने बदला इस उपकार का।

मैंने जग की पीड़ा गाई.....

-----


दरद दीवानी
कवि - बालकवि बैरागी
प्रकाशक - निकुंज निलय, बालाघाट
प्रथम संस्करण - 1100 प्रतियाँ
मूल्य - दो रुपये
आवरण पृष्ठ - मोहन झाला, उज्जैन
मुद्रक - लोकमत प्रिंटरी, इन्दौर
प्रकाशन वर्ष - (मार्च/अप्रेल) 1963