जर्मनी में भी भारत के प्रति भ्रम

‘बर्लिन से बब्बू को’
पाँचवाँ पत्र: दूसरा हिस्सा


भारत के प्रति जिज्ञासाएँ और सवाल प्रायः सभी दूर एक जैसे ही हैं। कोई न कोई ऐसा प्रचारतन्त्र भारत के विरोध में हर जगह काम कर रहा है। जी. डी. आर. हमारा “मित्र देश” ही नहीं एक “बन्धु देश” है। पर यहाँ भी भारत के बारे में किस-कस तरह की धारणाएँ पहुँच गईं, इसका अनुमान ये सवाल करा देते हैं। “भारत में एक कमरे में बीस-बीस आदमी रहते हैं। भारत में आधी से अधिक आबादी खुले आसमान के नीचे ही दम तोड़ देती है। भारत के लोग अक्सर भूख के मारे मर जाते हैं। भारत में हर गाँव में साँप कभी भी निकल कर मनुष्य को काट खाता है। भारत में केवल राजा और सन्यासी ही रहते हैं आदि-आदि।” इन सारे सवालों का उत्तर हमको जगह अपनी चेतना के अनुरूप देना पड़ा है।

इसी सप्ताह में हम फिर एक “बैले” देखने गये। इससे पहिले जो कार्यक्रम हमने देखा था वह था “ऑपेरा”। ऑपेरा और बैले का फर्क समझाना यहाँ समय नष्ट करना होगा। पर जो “बैले” हम लोगों ने देखा उसका नाम था “ब्लैक बर्ड”। यह क्रिश्चियन समाज की कोई पाँच सौ साल पुरानी सुधारवादी संघर्ष-कथा का एक आख्यान था। इसमें मंच पर काम करने वाले कलाकारों की संख्या रही होगी कोई अस्सी। पर सम्वाद एक भी नहीं था। समूचा बैले संगीत पर आधारित था। संगीत के साथ ही लयात्मय अभिनय और फिर वे ही दो घण्टे कि किस तरह बीत गये पता नहीं। और समाप्ति पर तालियों का वो हंगामा कि इस बार तो पूरे आधे घण्टे तक सारा थियेटर तालियों से डूबा रहा। कलाकारों का अभिनय कहीं-कहीं जिमनास्टिक जैसा अवश्य हो जाता था, पर सधा हुआ इतना था और प्रकाश तथा ध्वनि संयोजन इतना अद्भुत था कि क्या कहा जाये? आधा घण्टा और भी तालियाँ बजतीं तो भी कम था। समाप्ति के बाद हर कलाकार और कलाकारों के समूह के समूह जब मंच पर जनता का अभिवादन स्वीकार करने के लिये आते तो बस तालियाँ ही तालियाँ लेकर जाते। कभी-कभी तो ऐसा लगता था मानो तालियों की गाड़ी गियर में पड़ गई है या फिर भगवान ने हाथ केवल ताली बजाने के लिए बनाये हैं।

विश्व श्रेष्ठ- भारत की डाक व्यवस्था
लिख तो मैं रहा हूँ, पर एक आशंका मन ही मन बहुत खाये जा रही है। अब तक मेरे लिखे पत्र तुझे मिले भी हैं या नहीं? एक आश्चर्यजनक बात लिख रहा हूँ। सारे संसार में डाक और तार के मामले में भारत सर्वश्रेष्ठ देश माना जाता है। यूरोप के देश डाक वितरण में विश्वास नहीं करते वे ”संचार” में विश्वास करते हैं। यों उनका सारा जोर टेलीफोन पर है। यहाँ मुझे डाक का अनुभव बहुत कड़वा हुआ। जगह-जगह हम पोस्ट आफिसों पर भारत के लिये टिकिट की दरें पूछते रहे और हर जगह हर आदमी ने हमें डाक की अलग-अलग दरें बताईं। जिस-जिस तरह हमें बताया गया वैसा-वैसा हम पोस्ट करते गये और अन्त तक पाते रहे कि हमारे पहिले वाले टिकिट गलत लग गये हैं। सारे दल में दस-पाँच मिनिट रोज डाक का अधिवेशन होता ही था। मेरी डाक का तामझाम सबसे अधिक था। सो हमारी गुहा दीदी रोज मुझे डाँटती थी- ‘क्या छुकपुक-छुकपुक कोरता है। जोब घोर जायगा तो सब कोछ अच्छा मिल जायगा। डाक-टिकिट, डाक-टिकिट, कारट, लिफाफा शुनते-शुनते होम तंग हो गया। बन्द कोर यह छुकपुक।’ और फिर खुद ही हँस देती। कभी-कभी तो मैं उनको तंग करने के लिये भी यह वार्ता चला देता था। जब वे तंग होकर खीज पड़तीं तो फिर माफी माँग कर अध्याय समाप्त किया जाता था। पर होता यह रोज था।

मिलावट: भीषण दण्डनीय अपराध

नाश्ते की टेबल पर जाने से पहले फिर मैं वही सब सोच रहा हूँ। इस होटल में आज आठ दिन होने आये पर हम अभी तक होटल के वेटरों को यह नहीं समझा पाये कि आलू शाकाहारी भोजन है और अण्डा गैर शाकाहारी। ये रोजाना आलू उनको दे देते हैं जो कि शाकाहारी नहीं है, और अण्डा हम लोगों की प्लेट में परोस देते हैं। जब हम आलू और अण्डे आपस में बदलते हैं तो वे आँखों ही आँखों में हँसते हैं। मानो कह रहे हों कितने बुध्‍दू हैं ये लोग! कहीं आलू भी शाकाहारी भोजन होता है? इस देश में यह समस्या प्रतिदिन कम से कम तीन बार हमारे सामने आई और हमने अपने-अपने ढंग से ही इसे निपटा है। बड़ी सुबह नाश्ता के समय, फिर दोपहर के भोजन के समय और रात में फिर भोजन के वक्त। सबसे बड़ा धोखा देते थे मछली के अण्डे। काली मिर्च की तरह के छोटे-छोटे ये अण्डे अचार के तौर पर परोसे जाते थे। जब हम इनको नहीं खाते थे तो परोसने वाली कन्याएँ उनके स्वाद का काव्यात्मक वर्णन करतीं और हमारे भाग्य पर लानत मारतीं। कितने प्यार से इन लोगों ने हमें खाना खिलाया है? कितना स्नेह ये लोग हमें परोसते रहे? कितनी चिन्ता करते रहे ये हमारे स्वाद और स्वास्थ्य की?

भोजन में लाल मिर्च और हल्दी का उपयोग मैंने यहाँ नहीं देखा। लिख चुका हूँ कि घी यहाँ नहीं खाया जाता और सारी तलाई मक्खन में ही की जाती है। यह पूछना कि क्या यह वस्तु शुद्ध है, यहाँ बेवकूफी मानी जाती है। खाने में मिलावट की कल्पना भी यह देश नहीं करता। भीषण दण्डनीय अपराध है यहाँ मिलावट।
-----


भोजन में ऊपर से नमक डालने का मतलब

भोजन करते समय ऊपर से नमक न डालने का अर्थ उच्च रक्त चाप को नियन्त्रित करने की कोशिश करने के अतिरिक्त और भी कुछ हो सकता है? शायद नहीं। मैं भी ऐसा ही मानता था। लेकिन मीरू ने जो बताया वह कारण सुनकर तो आप-हम सबको, (जो भोजन के स्वाद के लिए ऊपर से नमक डालते हैं) अपने आप पर यदि शर्म नहीं तो झेंप तो जरूर आ जाएगी। ऊपर से नमक डालने का यह अर्थ भी हो सकता है भला? सर्वथा कल्पनातीत!


मीरू याने प्रिय चिरंजीवी अ. सौ.नीरजा। याने रूपा। दादा श्री बालकवि बैरागी की, हमारे परिवार की छोटी बहू। मेरे छोटे भतीजे प्रिय चिरंजीवी गोर्की की जीवन संगिनी। दादा के जीवित रहते हम लोग जब भी उनके आसपास होते तो या तो उन्हें देखते रहते या उनकी बातें सुनते रहते। कभी-कभार कुछ पूछ भी लेते। लेकिन उन्हें देखना और सुनना ही हमें अच्छा लगता था। लेकिन उनके जाने के बाद उनकी छोटी-छोटी बातें हमें अब अनायास ही याद आती हैं। हम लोग उन बातों पर सोचते हैं तो चकित होते हैं - जिन्हें हम छोटी-छोटी बातें मानते रहे, वे कितनी बड़ी, कितनी सारगर्भित थीं? अब लगता है, तब ही ऐसी प्रत्येक बात पर उनसे विस्तार से पूछते तो शायद हम अधिक समृद्ध तो होते ही, अधिक अच्छे मनुष्य भी हो जाते।

यह, ऊपर से नमक न डालनेवाली बात भी ऐसी ही एक बात है जो अचानक ही मीरू ने सुनाई। लिख भले ही मैं रहा हूँ लेकिन आप इसे खुद मीरू का कहा मानकर ही पढ़िए।

“इक्कीस जून 1983 को मेरी शादी गोर्की से हुई। यह हमारा अन्तरजातिय प्रेम विवाह था। मेरे पापा-मम्मी (स्व. श्री जे. बी. लाल और श्रीमती कामिनी लाल) सहित पूरे कुटुम्ब की बड़ी इच्छा थी कि मेरी शादी भोपाल में ही हो क्योंकि तब पापा भोपाल में ही पोस्टेड थे। सबकी बड़ी इच्छा थी कि मेरी बारात हमारे दरवाजे पर आए। मेरे पापा ने कहा भी कि उन्हें बारातियों की संख्या बता दें, वे भोपाल में सारी व्यवस्थाएँ कर देंगे और बहुत बढ़िया व्यवस्थाएँ करवा देंगे। लेकिन पापाजी (बालकविजी) ने मेरे पापा को समझाया कि उनका (बालकविजी) साहित्यिक-राजनीतिक सम्पर्क इतना व्यापक है कि खुद उन्हें ही नहीं पता कि बारात में कितने लोग शामिल होंगे। उनका कहना था कि उनका व्यवहार ऐसा है कि लोग उनके निमन्त्रण की प्रतीक्षा नहीं करेंगे। उन्हें मालूम हो गया कि गोर्की की शादी है तो वे बिना बुलाए ही अधिकारपूर्वक पहुँच जाएँगे। इसलिए वे (मेरे पापा) भोपाल में शादी कराने का विचार छोड़ दें। मेरे पापा को बात ठीक लगी। हमारी शादी नीमच में होनी तय हुई।

“शादी में आए लोगों की संख्या देख-देख कर हम सब हैरान थे। बाप रे बाप! किसी शादी में इतने सारे लोग भी आ सकते हैं? नहीं-नहीं करते भी कम से कम दस हजार लोग हमारी शादी में आए थे। पापाजी (बालकविजी) उस समय विधायक थे। लगता था, पूरे विधान सभा क्षेत्र के लोग उस दिन वहाँ आए थे। कई नेता भी आए थे जिनमें वीरेन्द्र कुमारजी सकलेचा भी थे। उनके साथ हमारा फाटू खिंचवाने की याद करके मुझे अभी भी हँसी आ रही है। वे दूर खड़े रहकर फोटू खिंचवाना चाह रहे थे। फोटोग्राफर उनसे, बार-बार हमारे पास खड़े होने को कह रहा था। लेकिन सकलेचाजी थे कि हमारे पास खड़े ही न हों। उन्हें डर था कि इस फोटू का राजनीतिक उपयोग/दुरुपयोग न हो जाए। आखिरकार गोर्की ने उनकी बाँह पकड़ कर, खींच कर अपने पास खड़ा किया और भरोसा दिलाया कि यह फोटू हमारे एलबम से बाहर नहीं जाएगा। 

“मुझे अच्छी तरह याद है, उस दिन निर्जला एकादशी थी। इसलिए, भोजन के साथ फलाहार की भी व्यवस्था की गई थी। लेकिन फलाहार का आनन्द उन लोगों ने भी लिया जिनका व्रत नहीं था। किसी शादी में इतने लोग मैंने तो पहली ही बार देखे। आज भी सोच-सोच कर खुश होती हूँ कि मेरी शादी में इतने सारे लोग आशीर्वाद देने आए थे। उस दिन लगा कि पापाजी (बालकविजी) ने कितनी सही बात कही थी! सच में उन्हें (बालकविजी को)  भी पता नहीं था कि कितने लोग आएँगे। भोपाल में मेरे पापा कितनी भी कोशिश कर लेते, इतने लोगों की व्यवस्था तो नहीं ही कर पाते। करते भी कैसे? आँकड़ा किसी को पता हो तो व्यवस्था की जाए! तब लगा, अच्छा किया जो पापाजी (बालकविजी) की बात मान ली।

“जो बात मैं कहने जा रही हूँ वह अगस्त 1983 की है। मेरी शादी को तीन महीने भी नहीं हुए थे। पापाजी (बालकविजी) को एमएलए रेस्ट हाउस के न्यू फेमिली ब्लॉक में आवास मिला हुआ था। पापाजी विधान सभा गए हुए थे। गोर्की थे तो भोपाल में ही लेकिन वे भी बाहर थे। एक मेहमान और थे उस दिन। अब उनका नाम याद नहीं आ रहा। हम कुल चार लोगों का, शाम का भोजन बनाना था मुझे । 

“मुझे तब खाना बनाना बिलकुल नहीं आता था। मैं अपनी ससुराल वाले घर में पहली बार खाना बना रही थी। न तो कोई बतानेवाला था न ही कोई पूछनेवाला। मैं घर की मालकिन तो थी लेकिन डरी हुई, अनाड़ी मालकिन। चार लोगों का खाना बनाने में मुझे ढाई घण्टे लग गए। 

“मैंने खाना बनाया। खूब अच्छी तरह से टेबल सजाई। अलग-अलग कोणों से टेबल को देखा। हर बार मुझे कुछ न कुछ कमी नजर आती थी। लेकिन आखिकार मैंने अन्तिम रूप से टेबल सजा ही ली। मैं जितनी खुश थी उतनी ही डरी हुई भी। पता नहीं, खाना कैसा बना होगा! ऐसी ही हालत में मैं पापाजी, गोर्की और मेहमान के आने ही राह देखने लगी। उस दिन विधान सभा देर तक चली। पापाजी को आते-आते साढ़े आठ बज गए। आते ही उन्होंने कहा कि जिन मेहमान को भोजन पर आना था, वे नहीं आएँगे। सुन कर मेरा डर थोड़ा कम हुआ। गोर्की तब तक नहीं आए थे। मैंने पापाजी से भोजन करने को कहा।

“पापाजी आए। सजी हुई टेबल देखी। बहुत खुश हुए। टेबल की सजावट के लिए मेरी बहुत तारीफ की। मैंने खाना परोसा। पापाजी ने भोजन शुरु किया। पहले ही कौर से उन्होंने मेरे बनाए भोजन की तारीफ शुरु कर दी। कभी सब्जियों की तो कभी दाल की तारीफ। कभी पुलाव की तो कभी रायते की। मेरी बनाई प्रत्येक डिश की तारीफ की और खुलकर की, बार-बार की। अपनी इतनी तारीफ सुनकर मुझे तो रोमांच हो आया। कहाँ तो मैं इतना डर रही थी और कहाँ इतनी तारीफ! मेरी तो मानो लाम्टरी लग गई! पापाजी ने भोजन समाप्त किया। थाली को प्रणाम कर थाली उठाकर बेसिन में रखी। फिर से मेरी खूब तारीफ की। उन्होंने कहा - ‘तुम खामखाँ कहती थी कि तुम्हें खाना बनाना नहीं आता। तुम तो बहुत अच्छा खाना बनाती हो। आज तुमने कितना स्वादिष्ट भोजन बनाया, कितनी सुन्दर टेबल सजाई! तुम तो ‘परफेक्ट शेफ’ हो।’ मुझसे खुशी सम्हाली नहीं जा रही थी। मुझे तो सूझा ही नहीं कि मैं क्या कहूँ। मैं खुश-खुश, चुपचाप पापाजी का चेहरा देखती रह गई। भोजन करते ही पापाजी पलंग पर लेट गए। देर हो रही थी। मुझे भूख लग रही थी। गोर्की के अते-पते नहीं थे। मैं अकेली ही खाना खाने बैठ गई।

“लेकिन मैंने पहला ही कौर लिया और मानो मेरी दुनिया ही बदल गई। दूसरा कौर लूँ, उससे पहले ही मुझे रोना भी आ गया और गुस्सा भी। रोना खुद पर और गुस्सा पापाजी पर। आखिर उन्होंने मुझे क्या समझा और मेरे साथ ऐसा व्यवहार क्यों किया? पहले ही कौर में मुझे मालूम हुआ कि मैंने सब्जी में नमक डाला ही नहीं। दूसरी सब्जी की भी यही दशा थी। मुझसे खाना नहीं खाया जा रहा और पापाजी ने चुपचाप खाना खा लिया! और केवल खाया ही नहीं, इतनी, ढेर सारी तारीफ, लगातार तारीफ करते हुए खा लिया! मैं रोए जा रही थी। मेरा गुस्सा बढ़ता जा रहा था। मुझसे खाना नहीं खाया गया।

“गुस्से में उबलती हुई मैं सीधे पापाजी के पास गई। वे आँखें मूँदे लेटे हुए थे। मैंने जोर से (लेकिन चिल्ला कर नहीं) कहा - ‘पापाजी! आपने ऐसा क्यों किया? सब्जियों में नमक ही नहीं और आपने चुपचाप खाना खा लिया? न तो मुझसे कहा और न ही नमक ऊपर से डाला? मुझे खुश करने के लिए मेरी झूठी तारीफ करते रहे! आपने ऐसा क्यों किया? आपने कहा क्यों नहीं कि सब्जियों में नमक नहीं है?’ 

“मेरे बोलते ही पापाजी ने आँखें खोल ली। वे उठे। पालथी मार कर बैठ गए। मुझे अपने पास बैठाया और धीमी आवाज में, धीरे-धीरे बोले - ‘देखो बेटे रूपा! (शादी के बाद यही मेरा नाम हो गया था।) भोजन करते हुए मैं कभी भी ऊपर से नमक नहीं डालता। तुम समझती हो, ऊपर से नमक डालने का मतलब? ऊपर से नमक डालने का मतलब हुआ कि तुमने घोषित कर दिया कि भोजन बनानेवाले ने भोजन आधा-अधूरा, बेमन से बनाया है। भोजन बनानेवाला पूरे मन से, अपनी आत्मा उँडेल कर भोजन बनाता है। वह अपनी ओर से कोई कोर-कसर नहीं छोड़ता। उसकी हरचन्द कोशिश होती है कि वह भोजन ऐसा स्वादिष्ट बनाए कि खानेवाले की आत्मा तृप्त हो जाए और वह आनन्दित हो जाए। उसकी इन भावनाओं और ऐसी तमाम कोशिशों का सम्मान किया जाना चाहिए। ऐसे में, नमक कम होने की बात कह कर हम उसकी सारी मेहनत, सारी भावनाओं, सम्वेदनाओं का अपमान कर देते हैं। अपने बनाए भोजन में कमी जानकर उसे कितना दुःख होता होगा, कभी इसकी कल्पना करके देखना। कोई तुम्हारे बनाए भोजन में कमी निकाले तो तुम्हें कैसा लगेगा? इसीलिए बेटे! मैं कभी भी ऊपर से नमक नहीं डालता। बनानेवाला जो भी, जैसा भी बनाकर परोस दे, उसे पूरे सम्मान के साथ, प्रभु को धन्यवाद देते हुए माथे चढ़ाकर प्रेमपूर्वक स्वीकार करना चाहिए और उसका आनन्द लेना चाहिए। मेरा तो तुमसे भी कहना है कि तुम भी कभी ऊपर से नमक मत डालना। यह बनानेवाले का और अन्न का अपमान होता है।’

“पापाजी कहे जा रहे थे और मैं हक्की-बक्की सुने जा रही थी। मुझे पता ही नहीं चला कि मैं रोए भी जा रही थी। पापाजी ने मेरा कितना ध्यान और मान रखा? मेरी कितनी चिन्ता की? ऊपर से नमक डालने का यह अर्थ भी हो सकता है, ऐसा तो मैंने कभी सोचा भी नहीं था। इतनी छोटी सी बात का इतना बड़ा और इतना गहरा मतलब भी हो सकता है? उस समय तो मैं उन्नीस बरस की भी नहीं हुई थी। इतनी छोटी उमर में इतना बड़ा पाठ पढ़ लिया मैंने! 

“मैं कुछ-कुछ समझी, कुछ-कुछ नहीं समझी। लेकिन यह समझ गई कि छोटी बात के मायने बड़े होते हैं। उस एक पल में मुझे समझ में आ गया कि मेरे ये पापाजी केवल एक कवि और पोलिटिशयन ही नहीं हैं। वे तो अपने आप में पूरा स्कूल हैं - संस्कारों का स्कूल। वह दिन और उनके जीवन का अन्तिम दिन, मैं उनसे बराबर कुछ न कुछ हासिल करती रही। तब भी, जब वे सामने नहीं होते थे। अब भी, जबकि वे नजरों से ओझल हो गए हैं, मैं उनकी ऐसी बातें याद कर-कर बराबर कुछ न कुछ सीख रही हूँ।”

क्या बताऊँ कि मीरू की आपबीती जानकर मुझ पर क्या बीती। यह पढ़कर आप पर जो बीते, उसीसे मुझ पर बीती का अनुमान लगा लीजिएगा।
-----

         

जर्मन महिलाओं के मन में भारत की रोमाण्टिक छवि

‘बर्लिन से बब्बू को’
पाँचवाँ पत्र: पहला हिस्सा

पाँचवा पत्र


बालकवि बैरागी                                                   बर्लिन से
22 सितम्बर 76
बड़ी सुबह


प्रिय बब्बू
मेरे भाई !

किसे आ सकती है नींद? गई रात बड़ी देर तक मैं तुझे लिखता रहा। भाई लोग कॉकटेल पार्टी से लौटे तब तक मुझे पता है। वे अपने कमरों में आ जा रहे थे और मैं बराबर पत्र लिख रहा था। सोचा था के कुछ देर आराम से सोकर सबेरा कर लूँगा पर लग रहा है आज नींद परदेस चली गई है। इस गुदगुदे बिस्तर पर अब मुझे कुछ ही घण्टे और बिताने हैं। सबेरे ग्यारह, साढ़े ग्यारह तक हम लोग यहाँ से चल देंगे, और भारत के लिये चल देंगे। इतनी सी बात नींद  काफूर कर देने के लिये पर्याप्त है। अभी आठ बजे सुबह नाश्ता के लिये जाना है उससे पहले मैं तुझे कुछ और लिख दूँ, यह सोचकर मैं अपनी नींद को धन्यवाद दे रहा हूँ कि उसने मुझे यह मौका दे दिया।


“भाग्य” और ”ईश्वर” ये दो शब्द मुझे इस देश में सुनने को नहीं मिले पर उसी देश में रात को कॉकटेल पार्टी में जब मेरे आसपास बैठी दो सन्नारियों ने मेरी अँगूठी में जड़े लाल मूँगे के बारे में तरह-तरह के कौतूहलपूर्ण प्रश्न किये तो मेरी दिलचस्पी अधिक बढ़ गई। वे ज्यों-ज्यों  व्हिस्की के खुमार में डूबती जाती थीं, त्यों-त्यों इस मूँगे में उनकी जिज्ञासा गहरी होती जाती थी। और अन्ततः बात वहीं जा पहुँची जहाँ का मुझे शक था। वही, अपनी हथैली फैलाना और कहना कि “आप भारत से आये हैं, बताईये मेरे हाथ की रेखाएँ क्या कहती हैं।” तू जानता है कि मैं यह हाथ-वात देखना नहीं जानता। पर दिनेश भाई ने यह काम बखूबी अंजाम दिया। व्यवस्था चाहे जैसी ही हो, मनुष्य अपने और अपने भविष्य के बारे में जानने को हर जगह एक ही जैसा आतुर रहता है।
इन महिलाओं ने मुझसे बहुत ही वैयक्तिक प्रश्न किये। श्रीमती रुथ भी साथ थीं और श्री क्लोफर तो थे ही। मुझसे किये गये प्रश्न कुछ इस तरह थे - “क्या भारत में आपका खुद का मकान है? यदि है तो कितने कमरे हैं? आपके बच्चे कितने हैं? क्या आप अपनी पत्नी के प्रति वफादार हैं? यह कैसे सम्भव हो सकता है कि आप  इतने बड़े और रोमाण्टिक देश में अपनी पत्नी के प्रति वफादार रह सकते होंगे?” उनका तात्पर्य भारत से था। मेरे उत्तर भी बिलकुल बेझिझक और सही थे। चूँकि यह हमारा नितान्त वैयक्तिक क्षण था और सारे औपचारिक कार्यक्रम सम्पन्न हो चुके थे इसलिये ही ऐसे प्रश्न इस अन्तिम रात्रि में उछल आये होंगे। मैंने उत्तर दिया - “मेरे पास मेरा अपना खुद का मकान है। मकान में ग्यारह कमरे हैं। मेरा परिवार संयुक्त परिवार है। दो बच्चे हैं। बड़ा 21 बरस का और छोटा 17 बरस का है। मैं अपनी पत्नी के प्रति वफादार हूँ या नहीं इसका प्रमाण तो स्वयम् आप ही दे सकती हैं। गये अठारह-उन्नीस दिनों से मैं आप लोगों के बीच हँसता गाता चल रहा हूँ। आपके देश की कई महिलाएँ मेरे आसपास रही हैं। आपको, किसी को कोई ऐसा क्षण मेरे कारण मिला हो जिसमें कि....” और फिर सब कुछ श्री क्लोफर के ठहाकों से डूब गया। बात का सिलसिला फिर दिनेश भाई ने सम्हाल लिया। दिनेश भाई शायद हस्तरेखा पढ़ना भी समझते थे। वे कुछ बताते रहे। मैं एक क्लब के लिये वहीं कुछ कविताएँ लिख कर देता रहा।

देश के भविष्य का सुरक्षित वर्तमान

बात नींद से शुरु की थी मैंने। मैंने हर पत्र में बच्चों के बारे में कुछ न कुछ लिखा है। पर एक विशेष बात मैं यहाँ बच्चों के लिये लिखना चाहता हूँ। इस देश में इस बात का पूरा ध्यान रखा जाता है कि बच्चा साढ़े सात से आठ बजे के बीच में सो गया या नहीं। यदि वह रात आठ बजे तक नहीं सोता है तो उसके लिये बीमारी का फार्म तक भर देने की नौबत आ जाती है। इस आधे घण्टे के समय में टेलीविजन पर एक कार्यक्रम प्रति दिन इस तरह का होता है कि उस कार्यक्रम को देखते-देखते बच्चे अपने आप ही सो जाते हैं। जिन घरों में टी. वी. नहीं है वहाँ के लोग इस तरह का एक अलग से कार्यक्रम रेडियो पर अपने बच्चों को सुनाते हैं। प्रायः हर घर में रेडियो तो है ही। इस स्थिति का चरम एक घटना से पता लग जाएगा। इसी सप्ताह में हमारे होटल के निचले रेस्तराँ में श्री सेठ अपने मित्र “रामू दादा” से बातें कर रहे थे। रामू दादा के साथ उनका बच्चा “असीम” भी था। चाय काफी की चुस्कियाँ चल रही थीं और सारा रेस्तराँ बीयर और काफी की मिली जुली गन्ध में डूबा हुआ था। कोई पौने आठ बजे रामू दादा के पास होटल का एक जिम्मेदार आदमी आया और उसने जर्मन भाषा में रामू दादा से कुछ कहा। उस बात को सुनते ही रामू दादा ने असीम का हाथ पकड़ा। काफी का प्याला वहीं रखा और नमस्ते करके चल दिये। श्री सेठ इस अनायास जावक को देखकर हतप्रभ हो गये। रामू दादा के साथ वे चलते गये और पूछते गये कि बात क्या हो गई है। रामू दादा ने जो कहा वह श्री सेठ ने इस तरह बताया- “होटल वाले ने रामू दादा से पूरी संजीदगी के साथ कहा श्रीमान्! आठ बजने वाले हैं। आपका बच्चा आपके साथ है। यह उसके सोने का समय है। आपको फौरन अपने घर चले जाना चाहिये।” रामू दादा का कहना था कि अगर वे इसी समय नहीं उठे तो पाँच मिनिट के भीतर-भीतर कोई पुलिस वाला आकर भी उनसे यही बात कह सकता है।।अगर  पुलिस वाला आ गया तो फिर उन्‍हें वह अपने तरीके से घर भेजेगा।  बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति इस देश की चिन्ता का यह बिन्दु कितना मानवीय और मनोहारी है?

बच्चों के लिये हर शहर में अपने-अपने स्तर पर बेहतर गुड़िया-घर और खिलौनों के बाजार के बाजार भरे पड़े होते हैं। बच्चे उन्मुक्त इन गुड़िया-घरों और खिलौना घरों में किलोलें करते रहते हैं। यहाँ भी समाजवाद का पाठ पढ़ना वे नहीं भूलते। जब मैंने बच्चों के एक दल में से एक बच्चे को चुन कर पूछा कि वह बड़ा होकर क्या बनना चाहेगा? तो उस बच्चे ने पूरे आत्म विश्वास से कहा “कवि महोदय! मैं जो कुछ बन सकता हूँ उसका ब्यौरा तो मेरे शिक्षकों के पास है। मेरी संस्था के मुख्याध्यापक आपको यह बता देंगे कि मैं क्या बनूँगा पर मैं अपनी ओर से आपसे इतना कहूँगा कि मैं एक अच्छा सोशलिस्ट बनना चाहता हूँ। आगे जाकर भी मैं एक अच्छा समाजवादी ही बनूँगा।” बब्बू! इस बच्चे की उम्र मात्र 12 साल की रही होगी। बेशक यह उत्तर रटवाया गया या सिखाया गया हो सकता है। पर जिस देश के बच्चे किसी भी कारण से ऐसे उत्तर दे सकते हों उस देश के स्वर्णिम भविष्य पर किसे सन्देह हो सकता है?

12 बरस से ही वे बच्चे जो राजनीति में रुझान रखते हों, यहाँ  के युवक और किशोर संगठनों में काम करना शुरु कर देते हैं। ऐसे बच्चे गिने चुने हो सकते हैं। उनकी बाँहों पर अपने संगठनों की सूचक पट्टियाँ लगी होती हैं। राजनीतिक दलों के बिल्ले लगाकर स्कूलों और कालेजों में किशोर और युवा, निर्भय अपना काम करते होते हैं। अपने युवा संगठन के प्रति वे बहुत ही समर्पित और प्रतिबद्ध पाये जाते हैं।
-----

दिल्ली आकर ट्रम्प क्या कहेंगे, क्‍या करेंगे?

गए दिनों एक समाचार चेनल के पर्दे की निचली पट्टी पर पर समाचार नजर आया - ‘छब्बीस जनवरी को ट्रम्प भारत आएँगे।’ नजरें वहीं गड़ गईं। टुकड़ों-टुकड़ों में समाचार का सार था कि भारत सरकार 2019 के गणतन्त्र दिवस के समारोह में अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प को मुख्य अतिथि के रूप में बुलाएगी। उसके बाद यह समाचार गुम हो गया। लेकिन मेरी आँखें अब भी वह समाचार पढ़ रही हैं।

समाचार पढ़ते ही मयंक और शशांक  मन में कौंध गए। दोनों नाम काल्पनिक हैं लेकिन चरित्र वास्तविक हैं। पहचान छुपाने के लिए नाम बदले। मयंक मध्य प्रदेश के ही एक महानगर में रहता है। मेरे परम मित्र का बेटा है। मेरे भतीजे जैसा। उसने मुझसे कुछ बीमे ले रखे हैं।

कोई दो महीने पहले उसका फोन आया। वह अपनी पॉलिसियों पर लोन लेना चाह रहा था। लेकिन तनिक घबराया हुआ था। कह रहा था कि मैं उसे, उसकी पॉलिसियों पर, जितना अधिक मिल सके, लोन दिलवा दूँ। फौरन ही। कारुणिक स्वरों में उसने कहा - ‘लोन जल्दी दिलवा दीजिए अंकल! फौरन ही। प्लीज! मुझे मेरी बेटी की स्कूल की फीस भरनी है।’ मुझे ताज्जुब हुआ। मैं जानता हूँ कि आउट सोर्सिंग से उसे प्रति माह इतनी कि उसे तीस प्रतिशत की दर से आय-कर चुकाना पड़ता है। मैंने ‘काका भाव’ से अधिकारपूर्वक पूछा - ‘क्यों काम-काज में कुछ गड़बड़ है?’ मयंक ने जवाब दिया - ‘कुछ ऐसा ही समझ लीजिए। लेकिन पूछताछ बाद में कीजिएगा। पहले आप लोन दिलवा दीजिए।’

ग्राहकों को उनकी पॉलिसियों पर लोन दिलवाना हम बीमा एजेण्टों की जिन्दगी का सामान्य हिस्सा है। लेकिन मयंक का मामला एकदम अलग था। वह कवेल ग्राहक ही नहीं था। मैंने अपने मित्र से पूछा। परेशान स्वरों में उसने कहा - “हाँ। मयंक परेशान है। दो महीनों से उसे इतना काम भी नहीं मिला कि उसकी गृहस्थी का खर्च निकल आए। ट्रम्प की ‘अमरीका फॉर अमरीकन्स’ की नीति का असर है। पता नहीं ऐसा कब तक चलेगा। लेकिन अभी तो हालत खराब ही है।” 

शशांक ने भी कुछ ऐसा ही कहा था। वह बुन्देलखण्ड अंचल का है। अमरीका में ही है। एक बहुराष्ट्रीय कम्पनी में नौकरी का उसका यह दूसरा साल है। महीने-डेड़ महीने में मुझसे बात करता रहता है। मेरे ब्लॉग का नियमित पाठक है। मुझसे प्रायः ही असहमत रहता है। खूब बहस करता है। इतना अनौपचारिक हो गया है कि कभी-कभी डाँट भी देता है। 

कोई दो दिन पहले ही उसका फोन आया तो आवाज में न तो खनक न ही उत्साह। मैंने सचमुच में ‘यूँ ही’, केवल खानापूर्ति करने के लिए पूछ लिया - ‘क्या बात है? आज आवाज में दम नहीं! सब ठीक-ठाक तो है? नौकरी तो बढ़िया चल रही है?’ उसने जवाब कुछ इस तरह दिया जैसे परीक्षा में मनमाफिक सवाल पूछ लिया गया हो। बोला - ‘अंकल! अभी तो सब ठीक ही ठीक है। लेकिन पता नहीं कल क्या हो।’ मुझे लगा, उसकी कम्पनी उसके काम-काज से सन्तुष्ट नहीं है। मैंने पूछा - ‘सब कुछ तुम्हारे ऑफर लेटर के हिसाब से ही चल रहा रहा है या कम्पनी ने शर्तें बदल दी हैं?’ शशांक ने कहा - “नहीं। मेरी कम्पनी में कोई प्राब्लम नहीं है अंकल! प्राब्लम तो ‘ट्रम्प-पॉलिसी’ है।” मुझे मयंक का सन्दर्भ याद आ गया। मैं तनिक सतर्क हो गया। पूछा - ‘ट्रम्प-पालिसी का क्या मतलब?’ शशांक के शब्द जरूर अलग थे लेकिन बात वही थी जो मयंक ने कही थी - “आपको तो पता है अंकल! ट्रम्प ने स्लोगन दिया था - ‘अमरीका फॉर अमरीकन्स।’ उसी का असर हो रहा है। और केवल हम इण्डियन्स पर ही नहीं हो रहा! बाहर से आकर अमरीका में नौकरी वाले सारे लोगों पर हो रहा है।”

मयंक की बात केवल आउट सोर्सिंग तक सीमित थी। लेकिन शशांक की बात का केनवास अधिक बड़ा लगा। मैंने पूछा - ‘क्या असर हो रहा है?’ शशांक ने बताया - “चीजें काफी-कुछ बदल रही हैं। हालाँकि बदलाव धीरे-धीरे हो रहा है लेकिन असर हमारी कमाई पर महसूस होने लगा है। अब तक एक सुविधा थी कि वर्किंग वीजा पर आए परदेसी कर्मचारियों की शिक्षित पत्नियाँ प्रति दिन चार घण्टे काम कर सकती थीं। इससे कुछ अतिरिक्त डॉलर हमारे घरों में आ जाते थे। ट्रम्प ने ‘अमरीका फॉर अमरीकन्स’ के नाम पर यह व्यवस्था बन्द कर दी है। हम लोगों के लिए (जो ‘कमाई’ के लिए अपना देस छोड़ कर यहाँ आए हैं) यह बड़ा झटका है।”

मैं कुछ बोल नहीं पा रहा था। इस मामले में मेरी जानकारी शून्य थी। मैं केवल सवाल पूछ सकता था। उसे धीरज भी नहीं बँधा सकता था। मैंने कहा - ‘हाँ। झटका तो है। लेकिन तुम्हारी सेलेरी तो सुरक्षित है। वह वक्त पर भी मिल रही है और उसमें कोई कमी भी नहीं हो रही। तुम तो उसीके आधार पर गए थे! इसलिए इस अतिरिक्त कमाई के छिन जाने का इतना कष्ट नहीं होना चाहिए।’ शशांक ने कहा - “यह तो ‘ट्रम्प पॉलिसी’ का एक नमून भर है अंकल! अभी-अभी एक प्रावधान और जुड़ गया है। वर्किंग वीजा पर काम कर रहा कोई आदमी, किसी भी कारण से यदि 6 महीने बेकार रह गया तो उसे फौरन अमरीका छोड़ना पड़ेगा। इस प्रावधान ने हम सबकी नींद हराम कर दी है। ट्रम्प ने यदि कम्पनियों पर दबाव बनाया तो पता नहीं कितने देशों के, कितने लोग इस प्रावधान के शिकार बना कर अमरीका से खदेड़ दिए जाएँगे। सबसे ज्यादा लोग इण्डिया के हैं। यदि ट्रम्प अपनीवाली पर आ गया तो इण्डिया के एयर पोर्टों पर अमरीका से आनेवालों के जत्थे के जत्थे नजर आएँगे।” 

शशांक की बातों से मैं घबरा गया। मैंने कुछ इस तरह कहा जैसे कि मैं खुद को तसल्ली दे रहा होऊँ - ‘नहीं! नहीं! ऐसा कैसे हो सकता है? तुम बेफिकर रहो। ऐसा नहीं होगा।’ अचानक शशांक चुहल पर उतर आया - ‘आप ऐसा कैसे कह रहे हैं? ट्रम्प से आपकी बात हुई क्या?’ हँसी तो मेरी भी चल गई लेकिन अच्छा यह लगा कि शशांक सहज हो रहा था। मैंने कहा कि अनजाने, अज्ञात भविष्य के भय से अपना वर्तमान नष्ट न करे। जो भी होगा, उसके अकेले के साथ नहीं होगा। सबके साथ होगा। वैसे भी हमें ईश्वर की इच्छा पर भरोसा और आदर करना चाहिए। वह बुरा कभी नहीं करता। वह वही करता है जो हमारे लिए अच्छा होता है। 
मेरी बात सुनकर, बारीक हँसी हँसते-हँसते शशांक बोला - ‘थैंक्यू अंकल! मे गॉड प्रूव यू ट्रू। थैंक्यू वेरी मच वंस अगेन।’

फोन तो बन्द हो गया लेकिन शशांक की बातें कानों में गूँजती रहीं। पता नहीं, उसकी बातें सच हैं या आशंका के अनुमान? लेकिन डर तो मुझे भी लग रहा है। ट्रम्प के बारे में जितना कुछ सुनने-पढ़ने में आता है उससे उनकी छवि ‘बिगड़ैल बैल’ की ही बनती है। ट्रम्प में राजनयिक शिष्टाचार भी मुझे तो कम ही नजर आता है। अभी-अभी चार दिन पहले लन्दन में, ब्रिटेन की प्रधान मन्त्री थेरेसा को मुँह पर ही कह आए कि ब्रेक्जिट पर थेरेसा की नीति अमेरीका के कर-मुक्त व्यापार को नुकसान पहुँचाएगी। राजनयिक शिष्टाचार को परे धकेल कर कोई मेहमान (वह भी अमरीका के राष्ट्रपति जैसा मेहमान!) इतना मुँह फट कैसे हो सकता है?

पता नहीं, हमारी सरकार ने ट्रम्प को निमन्त्रण दिया या नहीं? नहीं दिया तो देगी भी या नहीं? निमन्त्रण मिल गया तो ट्रम्प आएँगे भी या नहीं? अभी कुछ भी साफ नहीं है। लेकिन ट्रम्प की ‘अमरीका फॉर अमरीकन्स’ का बुरा असर सबसे ज्यादा भारतीयों पर ही पड़ेगा। (शशांक और मयंक की बातों को सच मानूँ तो, बुरा असर पड़ ही रहा है। हम तो यहाँ ‘कागद की लेखी’ पढ़ते हैं जबकि शशांक तो ‘आँखन की देखी’ से आगे बढ़कर ‘खुद की भोगी’ कह रहा है!) ऐसे में दिल्ली आकर ट्रम्प हमें क्या दे जाएँगे? हम उनसे किसी ‘रहम’ की उम्मीद कर सकेंगे? यदि करेंगे भी तो ऐसा तो नहीं कि थेरेसा की तरह हमें भी दो टूक जवाब दे दे? 


वैसे भी हम ट्रम्प से कुछ कहने की स्थिति में हैं ही कहाँ? हमें तो उनकी सुननी ही सुननी ही है। केवल सुननी ही नहीं, आँखें मूँदकर माननी भी है। अभी-अभी हमने ट्रम्प के दबाव के सामने झुक कर, ईरान से कच्चे तेल के आयात में सोलह प्रतिशत की कटौती कर ही दी है। हम 'देश नहीं झुकने देंगे' के नारे तो लगाते हैं लेकिन कमर तक झुक कर, अतिआज्ञाकारी और कृत-कृत्‍य भाव से, ट्रम्‍प का कहा  मानते ही हैं। वैसे भी  सरकार 2019 के चुनावी मनःस्थिति में आ गई है। ट्रम्प को दिल्ली बुलाने के कोई राजनीतिक निहितार्थ तो नहीं? 

ऐसे सवाल मुझे उलझा रहे हैं। जवाब मेरे पास नहीं हैं। मैंने खुद को वही कहा जो शशांक से कहा था - ‘अनजाने, अज्ञात भविष्य के भय से हम अपना वर्तमान नष्ट न करें।’ अपनी ही बात, खुद को ही कहकर मैं खुश हो रहा हूँ। खुद की पीठ थपथपाते हुए कह रहा हूँ - ‘मे गॉड प्रूव मी ट्रू।’
-----

बच्चे पढ़ाए नहीं जाते, पढ़ते जाते हैं

‘बर्लिन से बब्बू को’ 
चौथा पत्र: सातवाँ/अन्तिम हिस्सा


एक संगोष्ठी में मैंने प्रश्न उठाया कि आखिर इस देश में नारी का इतना सम्मान क्यों है? तो जो उत्तर मिला, वह साम्यवादियों की भावुकता का परिचायक था। मुझे बताया गया कि युद्ध के बाद इस देश में एक ऐसा भी क्षण आया था, जब पुरुष एक और महिलाएँ सात का अनुपात आया था। ऐसी स्थिति में इस सारे देश को बचाना और बनाना यह काम खुले तौर पर वहाँ की नारी ने किया है। नारी के प्रति अतिरिक्त आदर का शायद यह भी एक आधार है।

एक एक कमरे में 4-4 कक्षाओं के विद्यार्थियों को 4-4 घन्टे तक एक ही मास्टर ने पढ़ाकर इस देश को उस समय शिक्षा दी थी। मास्टर गाँव-गाँव सायकल से जाते थे और इसी तरह बच्चों को पढ़ाते थे। उस देश में आज बच्चों के लिये बीच शहर में चेकोस्लाविया पद्धति पर जो नये स्कूल बनाये जा रहे हैं वे अलग से अध्ययन के विषय हैं। वे स्कूल तीन मंजिले हैं। सबसे निचली मंजिल में बच्चों के खेलने के खिलौना भवन बने हुए हैं। दूसरी मंजिल में बाग-बगीचे, पार्क और खेल के मैदान तथा तीसरी मंजिल पर पढ़ाई के कमरे। बच्चों की पढ़ाई को कमरों में बैठना जरूरी नहीं है। वे पहली मंजिल से खेलते कूदते अपने आप कक्षाओं में आ जाते हैं। यकीनन वे पढ़ाये नहीं जाते, पढ़ते जाते हैं। उनकी रुचि का अध्ययन तीन वर्षों की उम्र से ही कर लिया जाता है।

बर्लिन के विश्व प्रसिद्ध हमबोल्ट विश्वविद्यालय में आज पैंतीस हजार विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं। इनमें 50 विद्यार्थी हिन्दी और संस्कृत पढ़ रहे हैं। हिन्दी के प्रसिद्ध विद्वान् डाक्टर नेस्पीटाल यहीं काम करते हैं। विश्वविद्यालय भवन के ठीक सामने वह लायब्रेरी है, जहाँ युद्ध के वक्त नाजियों ने कई कीमती ग्रन्थ और पाण्डुलिपियाँ जला-जला कर खिड़कियों से बाहर फेंक दी थी। गाईड गर्व के साथ हमें कहती थी कि मार्क्स इसी विश्वविद्यालय का विद्यार्थी था।

पास ही नाजियों के जुल्म से शहीद हुए अज्ञात शहीदों की याद में विशाल “ज्योति स्मारक” बना हुआ है। यहाँ सेना के पहरे में अखण्ड ज्योति आठों प्रहर जलती रहती है। जब सिपाही पहरा बदलते हैं, तो वह दृश्य दर्शनीय होता है। पहरा हर आधे घण्टे में बदला जाता है। आधा घण्टे तक वे जवान ज्योति द्वार पर अविचल, प्रस्तर मूर्तियों की भाँति खड़े रहते हैं।

सारे देश में उन भवनों का नवीनीकरण हो रहा है जिन पर लाल सेना और नाजियों के बीच आमने-सामने गोलीबार हुआ था। सड़कों पर लाल सेना थी और भवनों के भीतर नाजी गोलियाँ चला रहे थे। विशाल भवनों की दीवारें गोलियों से छलनी हुई आज भी देखी जा सकती हैं। महात्मा गाँधी और पण्डित नेहरू के साथ भारत में रहे डॉक्टर फिशर जब इस गोलीबार के बारे में हमें बताते थे, तो उनके शब्द एक अनजानी वेदना में डूब-डूब जाते थे।

मन्‍त्री सडक पर, किसी ने देखा ही नहीं

“पीपुल्स-पैलेस” जिसे कि वहाँ का संसद भवन कहा जाता है, के ठीक बाजू में स्प्री नदी के किनारे एक विशाल राष्ट्रीय स्मारक का पुनः निर्माण जोरों से चल रहा है। इस स्मारक को कैसा बनाया जाए, इस पर सारे देश में मत-संग्रह किया गया। जनता ने मत दिया कि इसका पुराना स्वरूप कायम रखकर इसका नवीनीकरण कर दिया जाय। करोड़ों रुपयों की यह योजना आने वाले साल दो साल में आनन-फानन पूरी हो जाएगी।

प्रारम्भ के दो दिन इस होटल में किसी का मन नहीं लगा। जब श्रीमती रुथ या श्रीमती इमी साथ होती थी, तो व्यवस्था अच्छी रहती थी। पर ज्यों ही व्यवस्था दूसरों के हाथ में जाती थी कि कुछ न कुछ ऐसा-वैसा हो ही जाता था। लाण्ड्री में कपड़े धुलवाने के लिये हमें विशेष पूछताछ करनी पड़ी। यदि लाण्ड्री का बिल हम लोगों को चुकाना पड़ता तो शायद, हम अपने परिजनों के लिये एक कलम भी नहीं खरीद पाते।

जी. डी. आर. के सांस्कृतिक मन्त्री ने हमें लम्बी भेंट देकर उपकृत किया। जब मैंने उनके साथ फोटो खिंचवाने का आग्रह किया, तो वे अपने कार्यालय की इमारत से बाहर फुटपाथ पर आकर खड़े हो गये और टी. वी. टॉवर की पृष्ठभूमि लेकर फोटो खींचने का निर्देश अपने कैमरामेन को देने लगे। हम लोग चहल-पहल भरे फुटपाथ पर एक महत्वपूर्ण मन्त्री के साथ खड़े थे। पर यातायात में कोई व्यवधान नहीं हुआ। किसी ने हमारी ओर ध्यान भी नहीं दिया। वहाँ मुझे उस कथन पर हँसी आई, जब बार-बार पूँजीवादी देश कहा करते हैं कि साम्यवादी देशों के मन्त्री व राजनेता खुली सड़कों पर घूमने से डरते हैं। कितना गलत है यह कथन?

किसी भी भारतीय या जर्मन मित्र ने हमें अपने घर आकर चाय पीने का निमन्त्रण नहीं दिया। पर श्री सेठ 4-5 बार असद भाई के यहाँ हो आए और मैं श्री गुप्ता तथा श्री सेठ, श्री सुनील दासगुप्ता के यहाँ भोजन के लिए गये। मेरा व्रत था। मैंने केवल फल लिये, पर श्री दासगुप्ता, जिन्हें कि लोग वहाँ “रामू दादा” के नाम से जानते हैं, की जर्मन पत्नी ने बढ़िया भारतीय भोजन बनाकर श्री सेठ व श्री गुप्ता को तृप्त कर दिया। इस भोज के समय पंजाबी लोक गीतों का एल. पी. रेकार्ड भोजनगृह में पूरा भारतीय वातावरण बना रहा था।

ईश्वर और भाग्य गैर हाजिर रहे

इस देश को छोड़ने की कल्पना मात्र से एक गहरी उदासी हम सबको घेर रही है। अपने-अपने कमरों में हमारा हर सदस्य जाग रहा है। सब एक दूसरे को टेलिफोन कर रहे हैं- मैं लिख रहा हूँ। सोने के प्रयत्न में सब जाग रहे हैं। सबको प्रतीक्षा है अपनी हवाई टिकटों की। टेलीफोन पर श्री गुप्ता मुझसे पूछ रहे हैं कि हमारी हवाई जहाज की स्पीड क्या होगी। मेरे कमरे से लगा हुआ ठीक पास वाला कमरा श्री सेठ का है और उसके ठीक पास श्री गुप्ता का। सामने वाली पंक्ति में श्री शर्मा का कक्ष है और हम लोग टेलीफोन पर ऐसे ही प्रश्न कर रहे हैं। जब मैंने श्री गुप्ता को बताया कि हमारा हवाई जहाज हमें 850 मील प्रति घण्टे की रफ्तार से उड़ाकर भारत ले जाएगा, तो श्री गुप्ता किलोमीटरों के मील बनाकर उसमें गति का भाग दे रहे हैं कि हम कितने घण्टों में भारत पहुँच जाएंगे। यह मानसिक विकलता है।

18 दिन हो गये इस देश में। मैं हजारों मील घूमा। सैकड़ों लोगों से मिला। पचासों जगह गया-बीसीयों संगोष्ठियों में सवाल-जवाब करता रहा पर कहीं भी मुझे एक शब्द सुनने को नहीं मिला, वह शब्द है ईश्वर। एक और शब्द भी कहीं नहीं सुना। वह है भाग्य।
अब कल मैं तुझे मास्को से फिर लिखूँगा। आखिर वहाँ समय कटेगा कैसे? इन दिनों जी. डी. आर. में भारत के दो प्रतिनिधि मण्डल और घूम रहे हैं। एक है संसद सदस्यों का और दूसरा है शिक्षा शास्त्रियों का। म.प्र. के डी. पी. आई. श्री सत्यम् इस शिष्ट-मण्डल में हैं। हम कोई भी इन शिष्ट-मण्डलों से नहीं मिले। समय ही नहीं मिला।

मैं स्वस्थ्य हूँ और आज जब रेल्वे स्टेशन पर वजन की मशीन पर तुला तो 69 किलो उतरा। यहाँ आया था तब 67 किलो था। दो किलो वजन और हजारों मित्रों की यादें लेकर मैं तुझे अपने आत्मीय स्नेह देता हूँ। जल्दी ही भारत में भेंट होगी।

भाई
बालकवि बैरागी

-----



हिटलर के ताबूत में आखिरी कील यहीं ठुकी थी

‘बर्लिन से बब्बू को’ - चौथा पत्र: छठवाँ हिस्सा


यों तो हमारा हर क्षण महत्वपूर्ण कामों में बीता, पर इस सप्ताह में सबसे अधिक महत्वपूर्ण दिन मुझे वह लगा, जब हम श्रीमती रुथ की व्यवस्था में पोत्सडम देखने गये। यह वह शहर है जहाँ सन 1945 में महत्वपूर्ण चर्चा, जर्मनी के भाग्य को लेकर हुई थी। जर्मनी का बँटवारा इसी शहर में तय हुआ। इंगलैण्ड, फ्रांस, रूस और अमेरिका ने इसी शहर में बैठकर हिटलर के सपनों का अन्तिम संस्कार किया। नाजीवाद और फासिस्टवाद की शव पेटिका पर मजबूत कीलें इसी शहर में ठोकी गई। इस चर्चा का सबसे अधिक उत्तेजक और दिलचस्प पहलू यह है कि जिन दिनों हिटलर का पतन हुआ, उन दिनों इंग्लैण्ड के प्रधानमन्त्री सर विन्सटन चर्चिल थे और इस चर्चा के दौरान ही इंगलैण्ड में आम चुनाव भी चल रहे थे। चर्चिल युद्ध का विजेता था और भारत की आजादी का विरोधी। नौ दिन तक चर्चा करने के बाद श्री चर्चिल और श्री एटली दोनों इंगलैण्ड अपने चुनाव के लिये गये। किन्तु जब दो दिन बाद चुनाव परिणाम निकला तो इंगलैण्ड का महान् प्रधानमन्त्री अपनी पार्टी सहित आम चुनाव में हार गया। तब पोत्सडम के दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने के लिये प्रधानमन्त्री के नाते श्री एटली वापिस आये। जब यह सन्धि हुई, तब तेरा जन्म भी नहीं हुआ था। और तो और बर्लिन के बँटवारे की भूमिका भी यहीं तय हो गई थी। तुम सोचो कि युद्ध का विजेता एक प्रधानमन्त्री युद्ध के तत्काल बाद उसके देश की जनता द्वारा अमान्य कर दिया जाए, चुनाव में हरा दिया जाए, उसकी और उसकी पार्टी की नीतियों को जनता ठुकरा दे, तब उस पर कैसी बीती होगी? इस महान् सन्धि पर एटली ने ब्रिटेन की ओर से, रुजवेल्ट ने अमेरिका की ओर से और स्तालिन ने रूस की ओर से हस्ताक्षर किये थे। फ्रांस के जनरल डिगााल ने इस सन्धि को पहले ही अपनी सहमति दे दी थी। तीनों देशों के पाँच-पाँच प्रतिनिधि एक गोल मेज के आसपास जिस जगह बैठे थे, वे कुर्सियाँ, वह कमरा, वह फर्नीचर और वह वातावरण ज्यों का त्यों सुरक्षित रखा गया है। फ्रांस का दल पोत्सडम नहीं आया था।
पोत्सडम बैठक का दृष्य (चित्र गूगल से साभार)



पोत्सडम बैठक के तीन नेता (चित्र गूगल से साभार)

यह भवन जिसमें कि यह चर्चा हुई थी, यहाँ के किसी राजा का राजमहल था, जिसमें केवल 176 कमरे हैं। जिस कमरे में जिस देश का प्रतिनिधि मण्डल ठहरा था, उसे वैसा का वैसा सजाकर रखा गया है। गाईड जब इन कमरों को दिखाता है, तब ऐसा लगता है मानो वे सभी सदस्य अभी कहीं बाहर गये हैं और कुछ देर बाद लौटकर चर्चा करने ही वाले हैं। चर्चिल के लिये उसके कमरे में मोटाई के हिसाब से विशेष सोफा रखा गया था। आज उस सोफे के ठीक पीछे एक कुत्ते की बड़ी तस्वीर लगा दी गई है, क्योंकि चर्चिल को कुत्ते से बहुत प्यार था।

इस सन्धि को दुनिया तक पहुँचाने के लिये पत्रकारों का जो दल आया था, उसमें अमेरिका की ओर से जॉन एफ. केनेडी नामक 23 वर्षीय एक पत्रकार भी शामिल था, जो आगे जाकर अमेरिका का, इस शताब्दी का सर्वाधिक लोकप्रिय राष्ट्रपति बना। जब गाईड मुझे यह सब समझा रहा था और पत्रकारों का कक्ष दिखा रहा था, तब मेरी आँखों के सामने  तेरी शक्ल मँडरा रही थी।

इसी शहर में हम लोग फ्रेड्रिक द्वितीय का विशाल राजमहल भी देखने गये। फ्रांस और इटली के कलाकारों की विशाल कलाकृतियाँ इस महल की सर्वाधिक मूल्यवान धरोहर है। औसतन प्रतिदिन तीन हजार से पाँच हजार तक यात्री इस महल को और पोत्सडम सन्धि स्थल को देखने के लिये आते हैं तथा अपनी भावांजलियाँ अपने राष्ट्र नायकों को अर्पित करते हैं। इस सन्धि चर्चा के दो चित्र यहाँ दिवालों पर लगे हैं, उनमें स्तालिन की मुद्रा देखने योग्य है। गोल मेज पर एक सतर्क चीते की तरह पैनी आँखों से चर्चाकारों को देखता हुआ, अपनी कुर्सी में तनकर बैठा स्तालिन वास्तव में एक महान राष्ट्रनायक और प्रबल विजेता का साक्षात अवतार लगता है। शायद तू जानता होगा द्वितीय विश्व युद्ध में अकेले रूस के दो करोड़ आदमी मारे गये थे। अपने इन दो करोड़ शहीदों को रूस कभी नहीं भुला पायेगा। हिटलर के बर्बर अत्याचार और नाजियों की नालायक करतूतों का कलंकित इतिहास विश्व मानवता कैसे भूल सकती है? जी. डी.आर. को देखने के बाद ऐसा लगता है कि महान् रूस ने अपने इन दो करोड़ शहीदों की याद को ताजा रखने के लिये जी. डी. आर. की पौने दो करोड़ आबादी को शायद ”गोद” ले लिया है। जिस तरह जी. डी. आर. का विकास हो रहा है, जिस तेजी से यह राष्ट्र उभर रहा है, उससे संसार के राजनीतिज्ञ आज यह भविष्यवाणी करते हैं कि हो न हो आने वाले 10 वर्षों में जी. डी. आर. रूस के लिये भी एक चुनौती नहीं बन जाए। पर मैं कह सकता हूँ कि ऐसा होगा नहीं। जी. डी. आर. एहसान-फरामोश देश नहीं है।


इंच-इंच पर मौत: बर्लिन की दीवार

बर्लिन की दीवार पर लोगों ने बहुत लिखा है। मैं उस पर ज्यादा लिखना नहीं चाहता। यह मनहूस दीवार इंच-इंच बिजली के करण्ट से भरी पड़ी है। सफेद रंग के विशेष प्रसाधन से इस दीवार की चद्दरों का निर्माण किया गया है। सारा परिश्रम और सामग्री जी. डी. आर. की है। दोनों ओर सेना का सख्त पहरा है। बर्लिन का बटवारा बिलकुल बनावटी लगता है। पश्चिम बर्लिन मीलों दूर दूर तक चारों ओर जी. डी. आर. से घिरा पड़ा है। रूस चाहता तो बर्लिन का बटवारा अस्वीकार कर सकता था। पर तब तत्काल तीसरा विश्व युद्ध हो जाता। विश्व शान्ति के नाम पर पूँजीवादी देशों ने समाजवादी देशों से कितना बड़ा धोखा किया है, इसे देखना हो तो कोई बर्लिन की दीवार देखे। मैंने इस दीवार को 50 गज दूर से देखा है। एक मौत का सन्नाटाा  दीवार पर इंच-इंच चिपका सा लगता है। बर्लिन के निवासी इधर उधर जाने  आने के लिए पास लेते हैं, सीमा शुल्क अदा करते हैं और पास की अवधि समाप्त होते ही वापस अपने-अपने इलाके में लौट जाते हैं। एक रेलवे स्टेशन की तो यह स्थिति है कि रेल की एक पटरी पश्चिम बर्लिन में है, दूसरी पूर्वी बर्लिन में। स्टेशन पर कब्जा जी. डी. आर. का है और स्टेशन उपयोग करता पश्चिम बर्लिन है। दीवार को गैरकानूनी तरीके से पास करने का मतलब है गोली का शिकार हो जाना। दीवार की मोटाई कुल एक टिन की चद्दर की है, पर लंबाई पूरे बर्लिन के आरपार है।

मँहगाई और कीमतों के बारे में दोनों पक्षों के अपने-अपने दावे हैं। पर मैंने पाया यह है कि जो खाना पूर्वी बर्लिन याने जी. डी. आर. में 6 या 7 रुपयों में मिलता है, वही खाना पश्चिम बर्लिन में 60 या 70 रुपयों में मिलता है। इसलिए पश्चिम के कई लोग छः मार्क सीमा शुल्क देकर अक्सर पूर्वी बर्लिन में खाना खाने के लिये आते हैं। दीवाल पर चेकिंग बहुत कड़ी होती है और मुद्रा की जाँच बहुत मुस्तैदी से की जाती है। मुद्रा की अवैध हेराफेरी का मतलब है, सीधे सात साल की सजा। सारी कार्यवाही केवल एक घण्टे में पूरी हो जाती है। सात वर्षों के खाने पीने की व्यवस्था  जेल में सरकार की ओर से मुफ्त हो जाती है।
-----


.....सूचना मन्त्री को सूचना नहीं मिली

दो कवि मित्र। एक कवि सरकारी नौकर तो दूसरा राजनीति में। दोनों ने अनगिनत बार मंच साझा किया। एक दूसरे की कविताओं पर खूब दाद दी। हर बार दी। बार-बार दी। लगातार दी। योग-संयोग कुछ ऐसा रहा कि राजनीति वाला कवि मन्त्री हो गया। लेकिन दोनों की मित्रता में कोई अन्तर नहीं आया। दोनों ‘कवि-मित्र’ ही बने रहे। लेकिन एक स्थिति ऐसी आ गई कि दोनों को, कवि से अलगवाली अपनी पहचान की याद हो आई। लेकिन तब भी दोनों सहज भाव से कवि ही बने रहे। एक ने कवि-भाव से आवाज लगाई। दूसरे ने कवि-भाव से ही जवाब दिया।

यह किस्सा जुड़ा है, ख्यात व्यंग्य कवि, हरदावाले श्री माणिक वर्मा और दादा श्री बालकवि बैरागी से। श्री मध्य भारत हिन्दी साहित्य समिति, इन्दौर ने, मध्य प्रदेश सरकार के संस्कृति विभाग के सहयोग से, 26 जून 2018 को एक कवि सम्मेलन आयोजित किया था। इसमें, दादा के साथ अनगिनत बार कवि सम्मेलन मंच साझा करनेवाले जिन कवियों ने काव्य पाठ किया था उनमें माणिक भाई भी शामिल थे। उन्हें काव्य पाठ करते देख कर ही मुझे यह किस्सा याद आया था। 

बात 1969 से 1972 के बीच की है। तब श्यामाचरणजी शुक्ल मध्य प्रदेश के मुख्य मन्त्री और दादा सूचना प्रकाशन राज्य मन्त्री थे। माणिक भाई राज्य सरकार की नौकरी में थे। शायद शिक्षक थे। उनका तबादला हो गया। माणक भाई परेशान हो गए। अचानक ही उन्‍‍‍‍‍हें याद आया - ‘अरे! अपना बैरागी मन्त्री है!’ लोगों ने भी सलाह दी - ‘भोपाल जाओ और हाथों-हाथ केंसिलेशन आर्डर ले आओ।’ लेकिन माणिक भाई ने यह सलाह एक कान सुनी, दूसरे कान से निकाल दी - ‘मेरे जाने की क्या जरूरत? अपना बैरागी है ना!’ इसी भरोसे पर उन्होंने तत्काल ही दादा को पत्र लिखा। मैंने तो वह पत्र नहीं देखा किन्तु मुझे इस क्षण भी भरोसा है कि माणिक भाई ने ‘तबादला रुकवा दे यार!’ तो नहीं ही लिखा होगा। उन्होंने गिनती के तीन शब्द लिखे होंगे - ‘कुछ कर यार!’

योग-संयोग कुछ ऐसा रहा कि यह पत्र दादा के सामने आया ही नहीं। उधर माणिक भाई निश्चिन्त, अपनी दुनिया में मगन। भरोसा कायम - ‘बैरागी के पत्र से पहले ही केंसिलेशन आर्डर आ जाएगा।’ लेकिन दिन एक के बाद एक गुजरने लगे। उधर, ‘ऊपरवाले’ अधिकारी माणिक भाई से पूछें - ‘कब रिलीव होंगे?’ माणिक भाई का धैर्य जवाब देने लगा और भरोसे की नींव हिलने लगी। शंका की बीसियों नागिनें मन में लहराने लगीं। खिन्न और क्षुब्ध मन हो, माणिक भाई भोपाल पहुँचे। माणक भाई को अचानक ही सामने देख दादा की बाँछें खिल गईं। सारे ‘राज-काज’ भूल गए - ‘अरे! माणिक भाई! अचानक! बिना खबर दिए! किसी कवि सम्मेलन मे आए हैं क्या?’ माणिक भाई को काटो तो खून नहीं! ‘जिन पे तकिया था, वही पत्ते हवा देने लगे’ जैसी मनोदशा हो गई माणिक भाई की। लेकिन भरोसा पूरी तरह टूटा नहीं था। दादा की बात सुनते ही माणिक भाई को महसूस हो गया - ‘तबादले की बात बैरागी को मालूम नहीं।’
जिन लोगों ने माणिक भाई को अन्तरंग हलकों में बात करते देखा-सुना होगा वे इस बात की ताईद करेंगे कि माणिक भाई बिलकुल बच्चों की तरह बात करते हैं - बिना किसी लाग-लपेट, दुराव-छिपाव के। उस पर उनका हलके से तुतलाने जैसा बोलना! सुनकर आदमी निहाल हो जाए। 

दादा की बात सुनकर माणिक भाई का क्षोभ और खिन्नता भाप बन कर उड़ गई। बोले - ‘यार! बैरागी! मेरा ट्रांसफर हो गया। मैंने तुझे चिट्ठी लिखी थी।’ दादा को झटका लगा। उनके निज सहायक निरखेजी पीछे ही खड़े थे। दादा ने सवालिया निगाहों से उहें देखा। निरखेजी ने कहा - ‘सर! चिट्ठी अब तक तो नहीं आई। मैं आप दोनों के सम्बन्धों को नहीं जानता क्या?’ दादा ने कहा - ‘आप देख रहे हैं माणिक भाई! मुझे तो चिट्ठी नहीं मिली।’ 

सुनकर माणिक भाई का धीरज छूट गया। इधर तबादले ने उनकी दुनिया अस्त-व्यस्त कर रखी थी और उधर जिस पर भरोसा था उसे खबर ही नहीं! ‘कर्मचारी माणिक वर्मा’ को दरिया में धकेल कर ‘कवि माणिक वर्मा’ उछल कर बाहर आ गया। बहते पानी जैसी आवाज में सरोष बोले - ‘कैसी बात कर दी यार! बैरागी? यहॉं  तो आसमान फटा, धरती हिली और सूचना मन्त्री को सूचना नहीं मिली?’ सुनकर दादा ने अपना चिरपरिचत, आकाश-फाड़ ठहाका लगाया, अपने ‘मन्त्री’ को समन्दर में फेंका और माणिक भाई के सुर में सुर मिलाते हुए, जवाब दिया - ‘न आसमान फटेगा, न धरती हिलेगी। जाहँ थी यार की नौकरी, वहीं की वहीं रहेगी।’

इसके बाद क्या हुआ होगा, यह कहने की जरूरत नहीं रह जाती। और जिस बात की जरूरत नहीं, वह कहना बेकार की बात होती है। हाँ! यह किस्सा खुद दादा ने सुनाया था - मुझे नहीं, अपने मित्रों को। मैं वहीं बैठा था। 

अब दादा तो हैं नहीं। माणिक भाई हम सबके बीच हैं। वे ही शायद इसकी पुष्टि करें।
-----

यह किस्सा कोई एक पखवाड़े पहले ही लिख लिया था। प्रतीक्षा थी, 26 जून वाले कवि सम्मेलन में काव्य पाठ करते हुए माणिक भाई के चित्र की। श्री म. भा. हिन्दी साहित्य समिति की मासिक पत्रिका ‘वीणा’ के सम्पादक श्री राकेश शर्मा ने 13 जुलाई को यह चित्र मुझे उपलब्ध कराया और चौबीस घण्टों के भीतर यह किस्सा आपके सामने है।  किस्से के अधूरेपन को भरने के लिए उन्हें धन्यवाद।

चित्र में माणिक भाई की बाँयी ओर श्री सरोज कुमार और दाहिनी ओर श्री सत्यनारायण सत्तन नजर आ रहे हैं।

यहाँ पुलिस आती नहीं, प्रकट होती है

'बर्लिन से बब्बू को' - चौथा पत्र: पाँचवाँ हिस्सा

दफ्तर हो, कारखाना हो या कोई और संस्थान हर जगह तीन पदाधिकारी निश्चित तौर पर रहते हैं। पहला मैनेजर या जनरल मैनेजर, दूसरा ट्रेड यूनियन का पदाधिकारी और तीरा पार्टी का एक सक्षम पदाधिकारी। दोनों का तालमेल अनूठाा होता है। विवाद पहले ये तीनों आपस में निपटाते हैं। यदि इन तीन से विवाद नहीं निपटे तो फिर बात आगे जाती है। पर उसका अन्तिम निर्णय पार्टी के दफ्तर में होता है। इस देश में न्यायाधीश नियुक्त नहीं होते, चुने जाते हैं। इस देश में पुलिस पहुँचती नहीं, प्रकट होती है। कहीं कोई ऐसी वैसी बात हुई तो दस सेकण्ड के भीतर पुलिस ने वहाँ प्रकट हो जाना चाहिए अन्यथा पुलिस पर सख्त कार्यवाही होती है। सामान्यतया पुलिस दिखाई नहीं पड़ती है। जीवन के कार्य कलाप में दखल भी नहीं देती है। पर ज्यों ही कानून टूटा कि दस सेकण्ड में पुलिस न जाने कहाँ से प्रकट हो जाती है। पता ही नहीं चलता कि यह पुलिस वाला कहाँ से आ गया। हर पुलिसमेन के पास अपनी मोटर सायकल और वायरलेस सेट रहता है। ट्रेफिक पुलिस का सारा काम महिलाएँ देखती हैं और उनके पास एक लम्बा, डण्डे जैसा शस्त्र होता है जो दूर से केवल डन्डे जैसा लगता है, पर उसके भीतर वस्तुतः होता है, दूर तक मार करने वाला एक तमंचा। जो भी वाहन ट्रेफिक का नियम तोड़ता है और चेतावनी की अवहेलना करता है, उसका टायर वहीं फोड़ दिया जाता है। चालक की सजा अलग और सवारियों को अलग से दण्ड।

इस सप्ताह हम लोग संसार प्रसिद्ध ओरवो फिल्म कम्पनी के उस प्रभाग को देखने गये जहाँ एक्सरे की निगेटिव फिल्में बनाई जाती हैं। हमें बड़ी उमंग थी कि हम यह फैक्ट्री घूम-फिर कर देखेंगे। पर संगोष्ठी और प्रश्नोत्तर काल के बाद जब हमने फैक्ट्री देखने की इच्छा व्यक्त की तो हमें बताया गया कि महाशय! सारा निर्माण कार्य निगेटिव फिल्मों का होता है और आप जानते हैं कि ऐसा निर्माण अँधेरे में किया जाता है। मशीनें सब ऑटोमेटिक हैं। आप मात्र मशीनों का शोर सुन सकते हैं। देख कुछ नहीं सकते। फिर एक विशेष तरह के इन्फ्रारेड प्रकाश में से आपको गुजरना पड़ेगाए जिसके लिये आपके पास विशेष पोषाक होना चाहिये। इस स्थिति में उस फैक्ट्री के भीतर जाना ही हमारे लिये असम्भव था। जाते भी कैसे। जब मैंने वहाँ बताया कि मेरा बड़ा बेटा फिल्म में सहायक कैमरामेन है और ओरवो फिल्म उसकी प्रिय फिल्म है, तो प्रबन्धक बहुत प्रसन्न हुए। 

                                         ओरवो फिल्म कम्पनी की एक महिला कामगार के बच्चेे से जब दादा ने नमस्ते 
                                         की तो जवाब में बच्चे ने हाथ मिलाने के लिए अपना हाथ बढ़ाया। बच्चे की माँ 
                                          ने कहा 'बैरागीजी इसे नमस्ते करना सिखाईये।' और दादा ने बच्चे को नमस्ते 
                                                                                  करना सिखाया।

इस समारोह में मैंने गीत पढ़े। पर समारोह का सबसे अधिक अविस्मरणीय प्रसंग यदि है तो वह है भाई दिनेश गोस्वामी का पैंतालीस मिनिट का धुँआधार अंग्रेजी में भाषण और भारत सरकार की उपलब्धियों पर शानदार भाषण। इस भाषण को भी कभी नहीं भुला पाऊँगा। उन्होंने इतना ही अच्छा भाषण काॅकटेल पार्टी में भी दिया। जैसा कि तय था हमारी नेता श्रीमती फूलरेणु गुहा, श्री प्रफुल्ल गढ़ई और श्री प्रसाद साहब कल मास्को के लिये रवाना हो चुके हैं। नेता की अनुपस्थिति में केवल दो दिन के लिये हमने कोई नया नेता नहीं चुना। पर दिनेश भाई अपने आप, सबके द्वारा हमारे मुख्य प्रवक्ता मान लिये गये। उनके जिम्मे कस्टम की क्लियरेंस तक का सारा काम उसी तरह कर दिया गया है, जिस तरह कि गुहा दीदी को करना होता। वैसे हमारे प्रतिनिधि मण्डल के सचिव श्री श्रीधरन स्वयं सारा काम देख ही रहे हैं।
-----



बर्लिन में भी ‘नमूने’ मिल ही गए

‘बर्लिन से बब्बू को’ - चौथा पत्र: चौथा हिस्सा
आज दिन में हम लोग खरीददारी के लिये बाजार में गए। खरीददारी क्या करनी थी, एक रस्म अदाई मात्र थी। जो कुछ थोड़े पैसे हमारी जेबों में थे, उनसे क्या लिया जा सकता था? कुछ भी तो नहीं। पर टी. वी. टॉवर के पास बना हुआ बर्लिन का मुख्य बाजार “सेन्ट्रम” अपने आप में एक विशालतम बाजार है। मेरा ऐसा अनुमान है कि इस बाजार में प्रतिदिन नहीं नहीं तो भी एक या डेढ़ करोड़ रुपयों का सौदा बिकता होता। अलग-अलग मंजिलों पर चित्रों द्वारा उन सभी चीजों के संकेत कर दिये गये हैं जो कि आप वहाँ खरीद सकते हैं। काउण्टरों पर सारा काम लड़कियाँ देखती हैं। इस बाजार में एक लड़की के व्यवहार ने हमें निराश किया। जब मैं अपने मित्रों के लिये बाल पेन खरीदने के लिये क्यू में काउण्टर पर पहुँचा तो उस लड़की ने न तो उस क्यू की परवाह की न उस देश की परम्परा की ही। उल्टे, वह लोगों से मुँहजोरी करती रही। हम लोग कुछ नहीं बोले। इस देश में हमारे लिये नया अनुभव था।

रेडियो बर्लिन इन्टरनेशनल ने मुझे कोई चालीस मिनट के लिये रेकार्ड किया। 12 मिनिट कविताएँ और 28 मिनिट भेंटवार्ता। कविताएँ वे लोग 23 सितम्बर को प्रसारित करेंगे। इस सारे रेकार्डिंग का जो भी पैसा मुझे मिलने वाला था, वह मैंने हमारे शिष्ट मण्डल की तरफ से वहाँ के इण्डिया क्लब को विनम्र भेंट के रूप में अर्पित कर दिया है। मुझे नहीं पता कि यह राशि कितनी होगी। पर इण्डिया क्लब के सदस्य इस घोषणा से चकित भी थे और हर्षित भी। कोई चालीस परिवार यहाँ भारत के हैं। वे यहाँ विभिन्न स्तरों पर अपने काम करते हैं। रेडियो बर्लिन इन्टरनेशनल में पटना की कुमारी पुष्पा सिन्हा काम करती हैं। अच्छी गायिका हैं। कहती थी कि उन्होंने मेरे कई गीत यहँं-वहाँ गाये हैं। ये सब लोग यहाँ इण्डिया क्लब के सदस्य हैं और हर महीने नियमित तौर पर मिलते रहते हैं। इण्डिया क्लब के समारोह में मेरी भेंट मेरे मित्र, संसद सदस्य श्री शशिभूषण वाजपेयी के पुत्र प्रशान्त से हुई। प्रशान्त मेरा परिचित है और जी. डी.आर. में फिल्म का कैमरामैन बनने का प्रशिक्षण ले रहा है।

भारतीय फिल्में याने सत्यजित राय

फिल्म की बात चलने पर तुम्हें यह अविश्वसनीय लगेगा कि भारत के श्री सत्यजित राय को छोड़कर इस देश के लोग हमारी किसी भी फिल्मी हस्ती को नहीं पहचानते। हमारी फिल्में वहाँ चलती भी नहीं हैं। इन दिनों हमारे होटल के पास ही यहाँ के प्रसिद्ध निर्देशक श्री इंगमार बर्गमेन की एक फिल्म चल रही है, पर हम लोग उसे नहीं देख पाये। मेरा और दिनेश भाई का बड़ा मन था इस फिल्म को देखने का। 

कल सुबह हमें साढ़े ग्यारह बजे यह होटल छोड़ देना होगा। मैं अपनी एक इच्छा यहाँ अपूर्ण ही छोड़कर जा रहा हूँ। मेरी बहुत इच्छा थी कि मैं जी. डी. आर. की महान कवयत्री श्रीमती अन्ना सेगर से मिलूँ पर मैं नहीं मिल पाया। दूसरी इच्छा हम सबकी थी दक्षिण में लिपजिग जाने की, पर वह भी अपूर्ण ही रह गई। लिपजिग का विशाल मेला अभी समाप्त हुआ है और दक्षिणी प्रान्तों के सारे होटल भरे पड़े हैं। ठहरने का स्थान नहीं है अन्यथा शायद हम लोग उधर ले जाये  जाते।

समर्पित समाजवादी वे लोग

मैं बहुत सोच समझकर एक वाक्य लिखना चाहता हूँ। इस वाक्य को तू कम से कम दस बार पढ़। शायद दस बार पढ़ने पर भी यह वाक्य तेरी समझ में नहीं आएगा। क्या तू, मैं या और कोई तेरा-मेरा साथी अपने दिल पर हाथ रखकर ऐसा कह सकता है कि हम सबसे पहले कांग्रेसमेन हैं, बाद में भारतीय? शायद हम नहीं कह सकेंगे। यदि हम ऐसा कहेंगे तो हमें देशद्रोही माना जाएगा। पर यहाँ एक संगोष्ठी में जी. डी. आर. की विदेशी नीति के प्रबल स्तम्भ एक महानुभाव ने जब पहला ही वाक्य यह बोला कि हम सबसे पहले सोशलिस्ट हैं, बाद में जर्मन, तो सारे कमरे में सन्नाटा खिंच गया। वे सज्जन निरन्तर एक घण्टे तक जी. डी. आर. की विदेशी नीति पर धारा प्रवाह अंग्रेजी में बोलते रहे और जब एक घण्टा पूरा हो गया, तो उन्होंने कार्यक्रम के अनुसार हमसे कहा अब आप प्रश्न करने के लिये स्वतन्त्र हैं। इतना सुलझा हुआ वक्तव्य कमरे में तैर चुका था कि केवल हमारे सहयात्री श्री के. एन. सेठ ने मात्र दो प्रश्न किये और कार्यक्रम समाप्त हो गया। 

जिस देश के नागरिकों और नीति निर्धारकों का मस्तिष्क इतना साफ, सुथरा, नपा-तुला और सुस्पष्ट हो, उस देश पर प्रश्न बहुत कठिनाई से हो पाते हैं। समाजवाद के प्रति ये लोग कितने समर्पित हैं और अपने लक्ष्य के प्रति कितने स्पष्ट हैं, इस बात का आभास मात्र उसी वाक्य से हो जाता है कि हम सबसे पहले सोशलिस्ट हैं, बाद में जर्मन। मैं नहीं कह सकता हूँ कि भारत में हम लोग इतना स्पष्ट चिन्तन कभी काँग्रेस की राजनीति में ला भी पायेंगे या नहीं।

संगोष्ठियों का चरित्र प्रायः सभी दूर एक सा ही रहता है। पहले परिचय, फिर प्रवक्ता का वक्तव्य और बाद में प्रश्न-उत्तर। दो घण्टे तक चलने वाला यह कार्यक्रम एक घण्टे तक प्रवक्ता के जिम्मे होता था और शेष एक घण्टे में सवाल जवाब होते थे। देखने को यह समय दो घण्टे का दिखाई पड़ता है, पर काम उसमें एक ही घण्टे का होता था। क्योंकि सारा काम दुभाषिये की मदद से होता था, इसलिये हर संगोष्ठी का आधा समय रूपान्तर में बीत जाता था।

दिनचर्या के बारे में मैं तुझे लिख चुका हूँ। पर इस देश में नाश्ता के लिये एक घण्टा, लंच के लिये दो घण्टे, शाम की चाय के लिये फिर एक घण्टा और डिनर के लिये फिर दो घण्टे। इस तरह हमारे छः घन्टे तो खाने-पीने में ही निकल जाते थे। लेकिन बचा हुआ समय जो कि कोई आठ या नौ घण्टे का होता था, इतनी व्यस्तता में बीतता था कि शरीर थककर चूर हो जाता था।
-----



लोकतन्त्र का बीज और सार है लोगों के सवाल

पहले एक कथा।

ऋषि उद्दालक का बेटा श्वेतकेतु ज्ञान-क्षुधा ग्रस्त था। एक दिन ऋषि ने उससे वट वृक्ष का फल मँगाया। श्वेतकेतु फल ले आया। ऋषि ने कहा - ‘तोड़कर देखो और बताओ, इसमें क्या है?’ आज्ञापालन कर श्वेतकेतु ने कहा है - ‘बीज है।’ ऋषि ने कहा - ‘एक बीज तोड़कर देखो और परिणाम बताओ।’ श्वेतकेतु ने कहा - ‘कुछ भी नहीं।’ सुनकर ऋषि कहा - “जिस बीज में तुम्हें ‘कुछ नहीं’ दिखाई दे रहा है, उसी बीज से वह विशाल वट वृक्ष उगा है। यह, जिसे तुम ‘कुछ नहीं’ कह रहे हो, यह ‘कुछ नहीं’ ही सब चीजों का सार है। यही सर्वोच्च वास्तविकता है।”

इस कथा को यहीं छोड़िए। आगे काम आएगी। 

लोग अब खुलकर बोलने लगे हैं। अपने नेताओं से आमने-सामने हिसाब माँगने लगे हैं। सफाई में, बहाने बनाने में नेताओं को पसीना आने लगा है। वे रास्ते बदलने लगे हैं। पीछा छुड़ा कर भागने लगे हैं। जावद विधायक ओम प्रकाश सकलेचा को उनके मतदाताओं ने बोलने नहीं दिया। सवालों से पीछा छुड़ाने के लिए उन्हें भागना पड़ा। उनके ड्रायवर ने खेतों-मेड़ों के रास्ते गाड़ी निकाल कर उन्हें घर पहुँचाया। सकलेचा को अपने मतदाताओं से जान का खतरा नहीं था। उनके पास अपने मतदाताओं के सवालों के जवाब नहीं थे। वे लोगों को हाँकना चाह रहे थे और लोग हँकने को तैयार नहीं थे। मन्त्री बालकृष्ण पाटीदार को, रतलाम में, महिलाओं के सवालों का सामना करना पड़ा। वे बोलते रहे, महिलाओं ने एक न सुनी। वे लगातार अपनी बात कहती रहीं और सवाल पूछती रहीं। मन्त्री ने क्या कहा, यह अखबारों में नहीं छपा। केवल महिलाओं के सवाल छपे। ऐसे समाचार पढ़-पढ़कर लोग मजे लेते हैं। मुझे सन्तोष होता है। यह ‘देर आयद, दुरुस्त आयद’ है। जो काम पहले आम चुनाव के ठीक बाद से ही हो जाना चाहिए था, अब हो रहा है। बहुत देर से।

ऐसे तमाम मामलों को नेता, अपने विरोधियों की साजिश कह कर खारिज कर अपनी जग हँसाई कराते हैं।  सवाल पूछनेवाले लोग या तो सत्तारूढ़ पार्टी के ही कार्यकर्ता थे या पीड़ित जनसामान्य। इन्हें मन्त्री या अपने नेता से कोई निजी दुश्मनी नहीं थी। गुस्साए हुए ये तमाम लोग, अपनी समस्याओं से मुक्ति पाने की प्रतीक्षा से उकताए, नाउम्मीद हो चुके, निराश, हताश लोग थे। आश्वासनों के ‘चिर कौमार्य’ ने इनका धैर्य छीन लिया।

नेता और जनता का रिश्ता आज ‘भेड़ और गड़रिया’ बन कर रह गया है। गड़रिया हर पाँचवे बरस भेड़ों के पास जाता है। उन्हें ठण्ड में कम्बल देने का भरोसा दिलाता है। भेड़ें खुश हो कर, अगली भेड़ के पिछवाड़े में अपना सर गड़ाए, एक के पीछे एक, रेवड़ बन कर चल देती हैं। कम्बल बनाने के लिए गड़रिया उनकी ऊन कतरता है। कम्बल भी बनाता है लेकिन ये कम्बल भेड़ों को नहीं, चुनावी चन्दा देनेवाले अपने पूँजीपति रहनुमाओं को दे देता है। उसे पता है, भेड़ों को तो ऊन देनी ही है। उसे नहीं तो उसके जैसे किसी दूसरे गड़रिए को देंगी। इसीलिए वह भेड़ों के पास तब ही जाता है जब उसे ऊन की जरूरत होती है। नेता खुद को ‘जन सेवक’ कहता है और ‘जन सेवित’ की, विलासी जिन्दगी जीता है। 

अपने क्षेत्र की बलात्कृत अबोध बच्ची के हालचाल पूछने सांसद सुधीर गुप्ता इन्दौर अस्पताल जाते हैं। बच्ची का बाप निःशब्द, अवाक् स्थिति में उनके सामने खड़ा है। सुधीर के पास खड़े, इन्दौर के विधायक सुदर्शन गुप्ता उससे कहते हैं - ‘सांसदजी सुबह चार बजे चलकर तुम्हारे पास आए हैं। उन्हें धन्यवाद तो दे दो।’ लाचार बाप के बोल नहीं फूटते। वह हाथ जोड़ देता है। लेकिन सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक सुदर्शन गुप्ता को औपचारिकता के नाते भी नहीं टोकते - ‘नहीं! ऐसा मत कहिए। ये मेरे मतदाता हैं। मैं इनका सेवक हूँ।’ चुप रहकर वे सुदर्शन गुप्ता से सहमति जताते हैं। अपेक्षा करते हैं कि मौत से जूझ रही अपनी बेटी को देख रहा वह असहाय बाप खुद को, सांसद के प्रति कृतज्ञ अनुभव करे। यह रिश्ता हो गया है आज नेता और मतदाता का!

सच तो यह है कि अपने मतदाताओं से नेता का सम्पर्क शून्यप्रायः हो गया है। आम आदमी अब ‘प्राणवान वोट’ से एक सीढ़ी नीचे उतर कर ‘वोट देनेवाली निष्प्राण मशीन’ में बदल गया है। नेता को अब उसकी परवाह नहीं। इसका छोटा सा प्रमाण यह है कि विभिन्न निकायों, संस्थाओं के लिए तो वह अपने प्रतिनिधि की नियुक्ति करता है (जहाँ नेता की और प्रतिनिधि की ‘झाँकी’ जमती है, दोनों का रौब जमता है) लेकिन अपने मतदाताओं से सम्पर्क के लिए किसी भी स्तर पर, किसी भी प्रतिनिधि की नियुक्ति नहीं करता। लोगों की क्या परवाह करना! वे तो हमेशा ही रोते-गाते रहते हैं।

लेकिन अब तस्वीर बदलती नजर आ  रही है। वह वही शकल ले रही है जो आजादी के बाद, अगले ही दिन से होनी चाहिए थी। बढ़ती शिक्षा, इससे उपजी सजगता, सूचना प्रौद्योगिकी के विस्फोट के चलते बढ़ती पारदर्शिता जैसी बातों के चलते अब सड़कछाप आदमी भी समझने लगा है कि नेता उसका वेतनभोगी प्रतिनिधि है, उसका मालिक, उसका भगवान नहीं। केवल  संस्कारवश ही उसे वह भगवान का दर्जा दिए बैठा है। नेता इसे ही सच मानने लगा है। आम आदमी सवाल पूछ कर, हिसाब-किताब माँग कर अपने नेता का यही भ्रम दूर करने लगा है। नेता को असुविधा होने लगी है। उसे उपदेश देने की, भाषण झाड़ने की आदत है। सवाल सुनने और जवाब देने की नहीं।

सतह का परिदृष्य चीख-चीख कर नेताओं को चेतावनी दे रहा है - ‘सम्हल जाओ! वर्ना कहीं के नहीं रहोगे।’ वह जमाना गया जब नेता बिना सोचे-विचारे कुछ तो भी बोल देता था, हवाई वादे कर दिया करता था और भूल जाया करता था। अब लोग याद ही नहीं रखते, उनके आडियो-वीडियो भी रखते हैं और जैसे ही नेता बात को टालने की या अपनी बात से पलटने की कोशिश करता है, आईना लेकर उसके सामने खड़े हो जाते हैं। नेता को शर्मिन्दा होना चाहिए। लेकिन नहीं होता। उल्टे, गुस्सा हो जाता है। 

यह सही समय है जब नेता और राजनीतिक दल अपनी गरेबान में झाँकें। वही वादे करें जिन्हें पूरा कर सकें। अपने बोले हुए पर कायम रहें। पलटी न मारें। इसके लिए उन्हें खुद या अपने जिम्मेदार प्रतिनिधियों के जरिए अपने मतदाताओं से जीवित सम्पर्क बनाए रखना पड़ेगा। लोगों की जरूरतें, उनकी मुश्किलें, उनकी आवश्यकताएँ जाननी पड़ेंगी। उन्हें अपने मतदाताओं से एक कदम आगे रहना पड़ेगा। 

यह काम पार्टियों को संगठन स्तर भी करना चाहिए। प्रतिपक्षी उन्हें आईना दिखाएँ, उससे पहले वे खुद ही अपने घर पर, अपने आदमी पर नजर रखें, उसे नियन्त्रित करें और उसे दुरुस्त करें। वे खुद ही अपना राजनीतिक ऑडिट करें। लोगों के सवालों पर खीझें, झल्लाए नहीं। उनके सवालों को खारिज नहीं करें। 

लोगों के जिन सवालों को ‘कुछ नहीं’, ‘फालतू की बातें’, विरोधियों की चाल’ कह कर खारिज किया जाता है वे सवाल ही हमारे लोकतन्त्र के जीवित, गतिशील और विकासशील होने का प्रमाण भी है और पोषक तत्व भी। ये सवाल ही हमारे लोकतन्त्र का विशाल वट वृक्ष हैं। बिलकुल वैसे ही जैसे कि ऋषि उद्दालक ने श्वेतकेतु से कहा था - “यह, जिसे तुम ‘कुछ नहीं’ कह रहे हो, यह ‘कुछ नहीं’ ही सब चीजों का सार है। यही सर्वोच्च वास्तविकता है।”

लोगों के सवालों से चिढ़िए मत! उन्हें धन्यवाद दीजिए। आभार और कृतज्ञता प्रकट कीजिए। उनके सवाल ही हमारे लोकतन्त्र का बीज, लोकतन्त्र का सार हैं।
-----

दैनिक ‘सुबह सवेरे’, भोपाल, 12 जुलाई 2018

बर्लिन की पहचान और आकर्षण: टेलीविजन टॉवर

‘बर्लिन से बब्बू को’ - चौथा पत्र: तीसरा हिस्सा



बर्लिन में मुख्य चौक पर वहाँ का आधुनिकतम विशाल टेलीविजन टॉवर है। यह टॉवर विज्ञान का एक चमत्कार ही कहा जाएगा। जमीन से 365 मीटर ऊपर गगनचुम्बी ऊँचाई लिये यह टेलीविजन टॉवर मीलों दूर से दिखाई पड़ता है। इसकी लिफ्ट अनूठी है। कोई 260 मीटर ऊपर इसमें एक आधुनिकतम रिवाल्विंग कैफे बना हुआ है, जिसमें बैठकर दर्शक चाय काफी पीते हुए एक घण्टे तक बर्लिन को दूर-दूर तक आराम से देख सकते हैं। दर्शक अपनी सीट पर ही बैठे रहते हैं और होटल पूरा एक चक्कर लगा लेता है। सारे संसार में यह काफी हाऊस “टेली  कैफे”  के नाम से मशहूर है। हम 21 लोगों का इस काफी हाऊस में काफी और केक खाने का बिल कोई 220 मार्क याने केवल 880 भारतीय रुपयों का आया। टॉवर की प्रवेश फीस अलग है, जो कि प्रति व्यक्ति शायद दो या पाँच मार्क है। इस टॉवर पर से पूर्वी और पश्चिमी बर्लिन साफ दिखाई पड़ता है। बर्लिन की ऐतिहासिक दीवाल यहाँ बैठकर देखने वालों के लिए अपने सारे अर्थ खो देती है। इस टॉवर पर हमारे दल के अधिकांश सदस्यों ने एक काम जानबूझकर किया। वह काम है धरती पर 260 मीटर की ऊँचाई से पेशाब करना।

बर्लिन टॉवर के केफे गलियारे का एक दृष्य

बर्लिन में प्रायः तीन तरह के पेशाब घर बने होते हैं। होटल के अपने कमरों में पेशाब करने के सिवाय यदि कोई बाहर किसी मूत्रालय में मूत्र विसर्जन करता है तो उसे वहाँ के दस, बीस या तीस पैसे चुकाने पड़ते हैं। याने भारतीय हिसाब से 40, 80 और 120 पैसे हुए। व्यवस्था और स्थान के हिसाब से मूत्रालय तीन श्रेणियों में बँटे हुए हैं। भारतीय जलवायु में पले हुए शरीरों से, ठण्डे प्रदेशों में चाय, काफी, बीयर और व्हिस्की तथा कोला आदि पेय अधिक पीने के कारण बार-बार मूत्र विसर्जन के लिए जाना पड़ता है। तुम इसे मजाक समझोगे, पर यदि कोई व्यक्ति बर्लिन में एक महीना रहे और दिन में 4-5 बार भी पेशाब करने के लिए ऐसे पेशाब घरों में जाए तो भारत सरकार जितनी विदेशी मुद्रा उसे देती है वह सारी की सारी केवल इसी काम में खर्च होने की पूरी सम्भावना सर पर मँडराती रहती है। पर टेलीविजन टॉवर पर जब मैंने इस काम की शुरुआत की तो लोग एक दूसरों से चिल्लर-पैसा उधार लेकर बाथरूम में घुस गये। इस टॉवर को देखने के लिए संसार भर के यात्री यहाँ भीड़ बनाये खड़े रहते हैं।

बर्लिन टॉवर का गलियारा रात में



अचानक मिल गईं ग्‍वालियर की पत्तोबाई

इस टॉवर के ठीक नीचे मैंने पहली बार भारत की प्रसिद्ध पुतली विशेषज्ञा पत्तोबाई से बात की। जिन दिनों हम लोग जी. डी. आर. में घूम रहे थे, उन दिनों वहाँ भारतीय हस्त शिल्पकला की एक प्रदर्शनी चल रही थी। कोई श्रीमती प्रसाद इस प्रदर्शनी की इंचार्ज थी और मधुबनी तथा राजस्थान के कई कलाकार वहाँ अपनी कलाओं का प्रदर्शन कर रहे थे। पत्तोबाई ग्वालियर की हैं और राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत हैं। यह दल गये कुछ महीनों से यूरोप में घूमकर अपनी कला प्रदर्शनी लगा रहा है। मकवाना के एक राजस्थानी शिल्पी से जब मैंने मालवी बोली में बात शुरु की तो वह अपनी कठपुतलियों का तमाशा रोककर मेरे पास आकर मुझसे बात करने लगा। महीनों बाद उसने अपनी बोली सुनी। उसे बिलकुल विश्वास नहीं हुआ कि यहाँ कोई उससे उसकी बोली में बोलने इस तरह आ जाएगा।

और बच्चे तब भी नहीं रोएँगे

बर्लिन शहर में घूमते हुए हमारी गाईड, हमारी चलती हुई बस में हमें लाउडस्पीकर पर अंग्रेजी में गलियों और इमारतों का परिचय दे रही थी। तब एक स्थान पर एकाएक श्रीमती रुथ ने गाड़ी रुकवाकर मुझसे कहा कि मिस्टर बैरागी आप कुछ देर के लिये सामने वाली इमारत में चले जाईये, आपकी इच्छा पूरी हो जाएगी। आप दो हफ्तों से हमारे देश में रोता हुआ बच्चा ढूँढ रहे हैं, वह आपको इस इमारत में मिल जाएगा। जब मैंने उस इमारत का परिचय जानना चाहा, तो रुथ ने हँसते हुए बताया कि वह बर्लिन का प्रसिद्ध जच्चाखाना है और हमारे बच्चे यहाँ जन्म लेते हैं। पर जब बस चली तो श्रीमती रुथ ने बहुत गम्भीर होकर मुझसे कहा कि मेरे कवि मित्र! हम लोग समाजवाद की ओर से साम्यवाद की ओर बढ़ रहे हैं। हमारा बस चला तो हम यह प्रयत्न करेंगे कि हमारी व्यवस्था में बच्चा पैदा होते समय भी नहीं रोये। बच्चों को प्रसन्न रखना हमारा एक राष्ट्रीय दायित्व है। यद्यपि यह बात तब हँसी में उड़ा दी गई थी, पर इस बात के पीछे एक छटपटाता हुआ संकल्प मुझे साफ दिखाई दे रहा है। असम्भव को सम्भव करने के लिये ये लोग कितने आतुर हैं!

जब बी. बी. सी. पर समाचार आया कि पाकिस्तान ने हमारे अपहृत हवाई जहाज को अपनी सूझबूझ और विवेक से बचा लिया है तथा सभी यात्रियों को अपना मेहमान बना लिया है, तब हम लोगों में हर्ष की लहर व्याप्त हो गई। हमारे मेजबान देश ने भी अच्छा महसूस किया। तुम्हें मालूम है कि इस हवाई जहाज में राजस्थान के मन्त्री श्री गुलाबसिंह शक्तावत (जो मेरे निजी मित्र हैं) भी सफर कर रहे थे। मैं बहुत चिन्तित था। 

जी. डी. आर. में हमारे राजदूत श्री अरविन्द देव एक सुलझे हुए व्यक्ति हैं और अत्यन्त आदर पाते हैं। जिस इमारत में भारतीय दूतावास है, उसी में पाकिस्तान का दूतावास भी है। नीचे की मंजिल पर पाकिस्तान और ऊपर की मंजिल पर भारत के झण्डे लहराते हुए दूर से दिखाई पढ़ते हैं। श्री देव से हमारी मुलाकात कोई तीन बार हुई। पहली बार उनके कार्यालय में। दूसरी बार इण्डिया क्लब के स्वागत समारोह में और तीसरी बार आज की काकटेल पार्टी में। काकटेल पार्टी को मैंने “मयूरपंखी पार्टी” कहना ठीक समझा। लोगों ने रात को कोई दो बचे तक शराब पी। शराब क्या, तरह तरह की शराबें पी। मैं वहाँ से रात साढ़े आठ बजे ही लौट आया और तुझे पत्र लिखने बैठ गया। अभी तक लोग उस पार्टी से लौट रहे हैं। अधिकृत तौर पर यह कार्यक्रम हमारा इस यात्रा का अन्तिम कार्यक्रम था।
-----

चौथा पत्र: चौथा हिस्सा निरन्तर


पूर्वी जर्मनी के सहज, समझदार स्कूली बच्चे

‘बर्लिन से बब्बू को’ - चौथा पत्र: दूसरा हिस्सा


बर्लिन आने से पहले हम लोग एक और काउण्टी के केन्द्रीय नगर में ले जाए गये। यहाँ हमें जवाहरलाल नेहरू स्कूल में ले जाया गया। पण्डितजी के नाम पर सात समन्दर पार इतना अच्छा स्कूल चलना अपने आप में एक सुखद उपलब्धि है। यह भारत का गौरव है। जिस शहर में यह स्कूल चल रहा है उसकी आबादी 30 हजार के आसपास होगी किन्तु मैं कह सकता हूँ कि ऐसा स्कूल भारत में शायद बम्बई व दिल्ली में भी नहीं होगा। स्कूल में सारी कार्यवाही का संचालन 12 वर्ष तक की उम्र के बच्चों ने किया। उन्होंने तरह-तरह के गीत गाये और अपने स्कूल की गतिविधियों की कई स्लाईडें अपने प्रोजेक्टर पर हमें दिखाईं। इन स्लाइडों की कामेण्ट्री भी वे बच्चे ही कर रहे थे। श्रीमती इन्दिरा गाँधी के जी. डी. आर. दौरे के समय उस स्कूल के बच्चों ने उनसे भेंट की थी। उस भेंट की कुछ पारदर्शियाँ हमें बच्चों ने दिखाई। इस में सबसे अन्तिम पारदर्शी जो दिखाई गई वह थी पकवानों से सजी सजाई एक टेबल। याने हमारे दोपहर के भोजन की पूर्व सूचना।

इस स्कूल के बच्चों ने एकाएक हमसे कहा कि अब आप लोग हमसे मनचाहे प्रश्न कर सकते हैं। सारा प्रतिनिधि मण्डल एकाएक सन्नाटे में आ गया।  सन्नाटा बच्चों ने ही तोड़ा। एक मिनिट तक जब उनसे किसी ने कोई प्रश्न नहीं किया तो एक बच्चे ने अपनी ओर से प्रश्न किया कि आप भारत के कौन-कौन से प्रान्तों से आये हैं और क्या आप हमें अपना परिचय देंगे?

उस स्कूल में मैने दो गीत गाये। पर जब सारा कार्यक्रम समाप्त हुआ तब हम लोग नीचे उनकी मेस में गये, तो मैंने देखा कि वहाँ सैकड़ों बच्चे भोजन कर रहे हैं। कहीं शोर-शराबा नहीं था। हमारे दल को अपने बीच पाकर भोजन करते हुए एक बच्चे ने उठकर कहा माननीय महानुभाव! आईये, हमारे साथ भोजन कीजिये। हमने सुना है कि आपके दल में एक कवि भी है, क्या वे कवि महाशय हमें अपनी कोई रचना सुनायेंगे? और सारी मेस तालियों की गड़गड़ाहट से गूँज गई। मैं गीत गाता रहा। बच्चों ने खाना रोक दिया और जब दुभाषिये ने उन्हें पूरा गीत समझाया तब फिर उन्होंने मेरा अभिवादन किया। मेरे लिये यह सब कुछ किसी कविता से कम नहीं था। इतने निस्संकोच, ताजा और उमंग भरे मुखर बच्चे मैंने अपने जीवन में शायद पहली बार देखे थे। हमारा दोपहर का भोजन इस स्कूल की ओर से था, पर था वह एक शानदार होटल में। स्कूल के बाल प्रतिनिधियों ने हमारे साथ भोजन किया पर किसी किस्म की बीयर या शराब या सिगरेट उन्होंने हमारे सामने नहीं पी। हाँ, उनकी शिक्षिकाएँ अवश्य यह सब सेवन कर रही थी।

सफर निःशुल्क हो गया तो?

बर्लिन अपने आपमें एक अद्भुत शहर है। इसकी प्राचीनता और आधुनिकता दोनों अपनी-अपनी जगह बेमिसाल हैं। सारे शहर में आवागमन के पर्याप्त साधन हैं। जमीन के अन्दर चलने वाली मेट्रो मैंने पहली बार देखी। यह गाड़ी बहुत तेज चलती है। इस गाड़ी में हम लोग कोई 3-4 स्टेशन तक गये। मेट्रो के ऊपर बिजली से चलने वाली सामान्य रेलें हैं और फिर ट्राम, बसें और कारें हैं। किसी यात्री पर कोई चेकिंग नहीं। हमारे अस्सी पैसे याने उनके बीस पैसे का टिकिट लो और मनचाहा घूमो। टिकिट की मशीन रहती है, खुद ही टिकिट निकालो और उसे खुद ही पंंच करो तथा सफर शुरु करो। वैसे टिकिट के लिये खिड़की पर आदमी भी बैठता है। वक्त-बेवक्त वहाँ क्यू भी लगते हैं, पर कोई यात्री बिना टिकिट सफर नहीं करता। पंंच किया हुआ टिकिट दूसरी बार काम नहीं आता। लोग एक ही बार जितना पैसा होता है उतना टिकिट निकाल लेते हैं। अपने पास रखते हैं। सफर शुरु करने से पहले उस टिकिट को पन्च कर लेते हैं। बेईमानी की पूरी गुंजाईश है पर कोई बेईमान हो तो बेईमानी करे! आप क्यू में खड़े हैं, आपके पास टिकिट के लिये यदि बीस पैसे नहीं है तो आपका पड़ोसी अपनी जेब से 20 पैसे आपको टिकिट के लिए दे देगा। संगोष्ठी में मैंने जब उन 20 पैसों के बारे में जानकारी ली, तो संगोष्ठी के प्रमुख ने मुझे बताया कि हमें यह बीस पैसा मशीन से खजाने तक पहुँचाने में 28 पैसा खर्च करना पड़ता है, याने प्रति टिकिट आठ पैसे का घाटा। सरकार यह सोच रही है कि वहाँ ऐसी यात्री फ्री कर दी जाये ताकि इस घाटे से देश को बचाया जा सके। बर्लिन की आबादी कोई 11 लाख है और वहाँ इन साधनों से प्रतिदिन कम से कम 10 लाख आदमी सफर करते हैं। इससे तुम प्रतिदिन के घाटे का अन्दाजा लगा सकते हो। यदि देश में यह ट्रांसपोर्ट मुफ्त कर दिया तो सारे संसार में तहलका मच जाएगा। उधर रूस के अर्थशास्त्री इस मुद्दे पर काम कर रहे हैं कि पूरे रूस में डबल रोटी मुफ्त हो जाए। तुम सोचो, अगर रूस में डबल रोटी मुफ्त और जी. डी. आर. में शहरी भ्रमण निःशुल्क हो गया तो संसार का अर्थशास्त्र किस मोड़ पर जाकर खड़ा हो जाएगा?

बसों, रेलों और ट्रमों में फाटक अपने आप खुलते हैं, अपने आप बन्द होते हैं और बच्चों, अपाहिजों, बीमारों तथा घायलों के लिये सीटें अलग से चिह्नित की हुई रहती हैं। यदि ऐसा कोई व्यक्ति सफर नहीं कर रहा तो तो उन सीटों पर कोई भी बैठ सकता है।

जी. डी. आर. में मैंने विकलांग बहुत देखे। शायद यह सब युद्ध का अवशेष है, पर मुझे बहुत आश्चर्य हो रहा है कि वहाँ मुझे अन्धे, काने और ऍंचकताने चेहरे देखने को नहीं मिले। होंगे जरूर पर अपने हिसाब से रहते होंगे। महिलाओं में एक विशेष खब्त देखा। वे अपने आपको काला या साँवला बनाना और दिखाना चाहती हैं। इसलिये पाँवों में कमर तक के साँवले और हल्के साँवले रंग के नायलॉन के स्लेक्स पहनना वहाँ बहुत प्रचलित हैं। तुम कल्पना करो कि टाँगें साँवली और हाथ-मुँह गोरे! कैसी लगती होंगी ऐसी महिलाएँ?
-----